Mukhyamantri Mahila Rojgar Yojana: बिहार की महिलाओं सीएम नीतीश कुमार ने बड़ा तोहफा दिया है। सीएम नीतीश कुमार ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ठोस पहल करते हुए राज्य की 25 लाख महिलाओं को सीधा आर्थिक लाभ पहुंचाया है। पटना स्थित अपने सरकारी आवास ‘1 अणे मार्ग’ पर आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से एक क्लिक में करोड़ों रुपये जारी किए। ये रकम मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत जारी की गई है।
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना (Bihar Mahila Rojgar Yojana) के तहत राज्य की 25 लाख महिलाओं के खाते में 10-10 हजार रुपये की पहली किस्त जारी की गई है। इससे पहले भी इस योजना के तहक 1.56 करोड़ महिलाओं को 15,600 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है। अब तक कुल मिलाकर 1.81 करोड़ महिलाओं को इस योजना का लाभ मिल चुका है। सरकार का कहना है कि इस आर्थिक मदद का मकसद महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें अपना छोटा व्यवसाय शुरू करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
महिलाओं को एक साथ नहीं मिलेंगे 2 लाख, 4 किस्तों में आएगा पैसा
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की जो लाभार्थी 2 लाख रुपये की अगली किस्त का इंतजार कर रही हैं, उनके लिए जरूरी जानकारी सामने आई है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि 2 लाख रुपये एक साथ नहीं दिए जाएंगे। बल्कि यह पैसा 4 किस्तों में आएगा। इसमें खुद का योगदान भी देना होगा।
पहला चरण: 20,000 रुपये, 5,000 रुपये खुद देने होंगे
दूसरा चरण: 40,000 रुपये, 10,000 रुपये स्वयं देने होंगे
तीसरा चरण: 80,000 रुपये, 20,000 रुपये खुद देने होंगे
चौथा चरण: 60,000 रुपये, मार्केटिंग, ब्रांडिंग और पैकेजिंग के लिए होंगे।
दूसरी ओर यह भी शर्त रखी गई है कि महिलाओं को समूह की बैठक में नियमित तौर पर भाग लेना होगा। आय और व्यय का पूरा लेखा-जोखा रखना होगा। हर महीने छोटी ही सही लेकिन एफडी या आरडी करना अनिवार्य किया गया है।
PM मोदी ने की थी शुरुआत
इस महत्वाकांक्षी योजना की नींव पिछले साल ही रख दी गई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सितंबर 2025 में बिहार में ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ का शुभारंभ किया था। तब से लेकर अब तक इस योजना का काफी विस्तार हो चुका है। आंकड़ों पर नजर डालें तो अब तक करीब 1.81 करोड़ महिलाओं को इस योजना के तहत 10-10 हजार रुपये की पहली किस्त मिल चुकी है।