Mumbai Property: मुंबई का प्रॉपर्टी बाजार गुलजार है। नवंबर में रजिस्ट्रेशन और स्टाम्प ड्यूटी कलेक्शन ने सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए है। मुंबई में नवंबर में 12,219 प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन हुए हैं, जो पिछले साल के नवंबर से 20 फीसदी ज्यादा हैं। महाराष्ट्र के इंस्पेक्टर जनरल ऑफ रजिस्ट्रेशन एंड कंट्रोलर ऑफ स्टाम्प्स (IGR) के अनुसार, इससे स्टाम्प ड्यूटी के रूप में सरकार को 1,038 करोड़ रुपये मिले, जो पिछले साल से 12 फीसदी ज्यादा है। अगर अक्टूबर से तुलना करें तो इस बार रजिस्ट्रेशन 5 फीसदी बढ़ गए हैं और स्टाम्प ड्यूटी का कलेक्शन लगभग वैसा ही रहा। यह आधिकारिक जानकारी नाइट फ्रैंक इंडिया की ओर से दी गई है।
मुंबई की प्रॉपर्टी मार्केट अभी भी अच्छी रफ्तार है और लोग घर-दुकान खरीदने में पीछे नहीं हट रहे हैं। नाइट फ्रैंक इंडिया की रिपोर्ट का एक दिलचस्प पहलू यह है कि मुंबई में महंगे घरों की मांग बढ़ रही है। 5 करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत वाले घरों की हिस्सेदारी पिछले साल के 5 फीसदी से बढ़कर 7 फीसदी हो गई है।
यानी लग्जरी घरों की डिमांड खूब बढ़ रही है। वहीं 1 करोड़ से कम वाले घरों का हिस्सा कम हो गया क्योंकि आम आदमी के लिए अफोर्डेबिलिटी का मसला भारी पड़ रहा है। 2 से 5 करोड़ वाले घरों का हिस्सा लगभग वैसा ही रहा, जबकि 1 से 2 करोड़ वाले फ्लैटों का हिस्सा 2024 के 31% से बढ़कर 2025 में 33% हो गया।
11 महीने में 135,000 रजिस्ट्रेशन हुए
हिंदुस्तान टाइम्स में छपी खबर के मुताबिक, मुंबई में साल 2025 के पहले 11 महीनों में 135,807 से ज़्यादा प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन हुए। इससे इस दौरान सरकारी खजाने में ₹12,224 करोड़ से ज़्यादा रेवेन्यू आया। इसी दौरान प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन में पिछले साल के मुकाबले 5 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिली, जबकि रेवेन्यू में 11 फीसदी की सालाना बढ़ोतरी हुई। शहर में प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन ग्रोथ की वजह से खरीदारों के लगातार भरोसे ने लगातार बिक्री को बढ़ावा दिया है। यह साल प्रॉपर्टी बिक्री के लिए रिकॉर्ड तोड़ने वाला साबित हो रहा है।
स्टाम्प ड्यूटी से होने वाली कमाई 12% बढ़ी
नाइट फ्रैंक इंडिया के चेयरमैन और एमडी शिशिर बैजल ने कहा कि मुंबई का रेजिडेंशियल मार्केट लगातार अच्छा परफॉर्म कर रहा है। इस बार नवंबर का महीना साल 2013 के बाद सबसे शानदार रहा। स्टाम्प ड्यूटी से होने वाली कमाई 12 फीसदी बढ़ गई है क्योंकि हर सेगमेंट में डिमांड मजबूत है और लोग अब पहले से ज्यादा महंगे घर लेने की तरफ जा रहे हैं। उनका कहना है कि मुंबई की प्रॉपर्टी मार्केट अब एक नए ऊंचे लेवल पर स्थिर हो चुकी है और हर महीने की एक्टिविटी लगातार हेल्दी बनी हुई है, यानी बाजार में कोई सुस्ती नहीं आई है।
बड़े घर अमीरों को पसंद
साइज की बात करें तो 1000 स्क्वेयर फीट तक के छोटे-मध्यम घर अभी भी सबसे ज्यादा बिक रहे हैं, इनकी हिस्सेदारी 84% बनी हुई है। खासकर 500 से 1000 स्क्वेयर फीट वाले फ्लैट सबसे पसंद किए जा रहे क्योंकि ये पैसे और जगह दोनों का अच्छा बैलेंस देते हैं। बड़े घरों में 1000 से 2000 स्क्वेयर फीट वाले अब 13% हो गए हैं और 2000 स्क्वेयर फीट से ऊपर के लग्जरी अपार्टमेंट्स की हिस्सेदारी 4% तक पहुंच गई है, मतलब अमीर लोग बड़े-बड़े घर लेने में पीछे नहीं हट रहे।