NFO Alert: भारतीय शेयर बाजार में निवेश करने की योजना बना रहे हैं, तो आने वाले कुछ दिन आपके लिए काफी महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं। अगर आप अपने पैसे को सही जगह लगाकर बेहतर रिटर्न कमाना चाहते हैं, तो मार्केट में इस वक्त कई नए और बड़े ऑप्शन मौजूद हैं। देश की दिग्गज एसेट मैनेजमेंट कंपनियों (AMCs) ने अपने पोर्टफोलियो को पूरा करने के लिए एक साथ कई नए फंड लॉन्च किए हैं। इस समय मार्केट में पांच नई म्यूचुअल फंड स्कीम्स और एक स्पेशल इन्वेस्टमेंट फंड (SIF) निवेशकों के लिए खुले हैं। सबसे खास बात यह है कि निवेश की शुरुआत मात्र 100 रुपये से की जा सकती है।
इन स्कीम्स में केवल ₹100 से निवेश की शुरुआत
बाजार में जीरोधा म्यूचुअल फंड दो स्कीम्स लेकर आया है। इनका नाम जीरोधा लाइफ साइकिल फंड 2036 और जीरोधा लाइफ साइकिल फंड 2041 है। इनमें निवेश की अंतिम तारीख 7 जुलाई तय की गई है। इसके साथ ही, एचडीएफसी निफ्टी ऑटो इंडेक्स फंड भी खुला हुआ है और यह तीन जुलाई को बंद हो रहा है। इन तीनों ही स्कीम्स की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें न्यूनतम 100 रुपये से निवेश की शुरुआत की जा सकती है।
टाटा और जेएम फाइनेंशियल ने लॉन्च किए मल्टी-एसेट फंड
वहीं, बाजार के उतार-चढ़ाव से डरने वाले निवेशकों के लिए Tata और JM फाइनेंशियल ने बैलेंस ऑप्शन पेश किए हैं। टाटा म्यूचुअल फंड टाटा मल्टी सेक्टर पैसिव एफओएफ (Fund of Funds) लेकर आया है। यह अलग-अलग सेक्टर्स में पैसे लगाकर आपके जोखिम को कम करता है। इस स्कीम में 6 जुलाई तक पैसे लगाए जा सकते हैं। दूसरी तरफ, जेएम मल्टी एसेट एलोकेशन फंड भी सब्सक्रिप्शन के लिए खुला है, जिसमें निवेश करने की आखिरी तारीख 8 जुलाई है। इन दोनों ही स्कीम्स में निवेश शुरू करने के लिए कम से कम 5,000 रुपये की जरूरत होगी।
कोटक ने लॉन्च किया स्पेशल इन्वेस्टमेंट फंड (SIF)
इसके अलावा, कोटक म्यूचुअल फंड ने इन्फिनिटी हाइब्रिड लॉन्ग-शॉर्ट फंड लॉन्च किया है। यह एक स्पेशल इन्वेस्टमेंट फंड (SIF) है, जो बाजार की हर परिस्थिति में रिटर्न निकालने की स्ट्रैटजी पर काम करता है। हालांकि, यह फंड आम रिटेल निवेशकों के लिए नहीं है। क्योंकि इसमें कदम रखने के लिए कम से कम 10 लाख रुपये निवेश करने होंगे। इस प्रीमियम स्कीम में निवेश करने का मौका बेहद सीमित समय के लिए है और इसकी सब्सक्रिप्शन विंडो 29 जून को बंद हो जाएगी।
Disclaimer: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि निवेश संबंधी कोई फैसला लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञ से सलाह लें, क्योंकि बाजार की स्थितियां तेजी से बदल सकती हैं और हालात अलग-अलग हो सकते हैं। मिंट हिंदी आपके किसी भी निर्णय और उसके परिणाम के लिए तनिक भी जिम्मेदार नहीं है।