नेशनल कमोडिटी और डेरिवेटिव एक्सचेंज (NCDEX) को सेबी ने म्यूचुअल फंड प्लेटफॉर्म शुरू करने की मंजूरी दे दी है। यह कदम NCDEX के लिए इक्विटी और इक्विटी डेरिवेटिव मार्केट में कदम रखने की दिशा में एक मजबूत आधार तैयार कर रहा है। इस प्लेटफॉर्म पर म्यूचुअल फंड की डील इक्विटी ट्रेडिंग से अलग चलेंगे, जिससे परिचालन में आसानी बनी रहेगी। NCDEX का मानना है कि वे बहुत कम समय में इस सर्विस को शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
आसानी से निवेश कर सकेंगे लोग
इस काम में उनकी पूरी तरह से मालिकाना कंपनी NECL की भूमिका अहम होगी। यह ऐलान ऐसे समय में आई है जब बाजार में नए निवेशकों को जोड़ने की कोशिशें तेज हैं। एनसीडीईएक्स के इस कदम से ग्रामीण इलाकों और छोटे शहरों के लोग आसानी से निवेश की दुनिया में कदम रख सकेंगे।
CEO ने कही ये बात
एनसीडीईएक्स के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO डॉ. अरुण रास्ते ने इस मौके पर कहा कि इक्विटी मार्केट शुरू करने से पहले म्यूचुअल फंड प्लेटफॉर्म लाना एक सोचा-समझा और सही वक्त का फैसला है। नए निवेशकों के लिए म्यूचुअल फंड सबसे आसान और सुरक्षित रास्ता है। डॉ. रास्ते का मानना है कि भारत में इक्विटी निवेश की शुरुआत यहीं से होती है।
उन्होंने आगे कहा कि यह प्लेटफॉर्म ग्रामीण और छोटे शहरों की बचत को सही दिशा देगा। ऐसी बचत को नियंत्रित और फायदेमंद निवेश में लगाने से अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा। कम रकम वाले सिस्टेमेटिक इनवेस्टमेंट प्लान (SIP) और एक्सचेंज पर आधारित सुरक्षित सिस्टम से निवेश आसान बनेगा। यह कदम एनसीडीईएक्स को कई तरह के एसेट वाले प्लेटफॉर्म की ओर ले जा रहा है, जो निवेशकों के लिए वरदान साबित होगा।
प्रस्तावित म्यूचुअल फंड प्लेटफॉर्म का ये है मकसद
• SEBI और सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप ग्रामीण और कम सुविधा प्राप्त क्षेत्रों में माइक्रो SIP की।
पेशकश करके वित्तीय समावेशन का विस्तार करना।
• ग्रामीण बचत को सुरक्षित, विनियमित और उत्पादक निवेश विकल्पों में लगाना।
• एक्सचेंज के इक्विटी सेगमेंट के लॉन्च से पहले एक मजबूत कैश मार्केट बेस तैयार करना।
• मौजूदा ट्रेडिंग सदस्यों को अतिरिक्त व्यावसायिक अवसर प्रदान करना।
• सरल, उच्च-मूल्य वाले उत्पाद के साथ नए सदस्यों को जोड़ना, जिसे अपनाना और बढ़ाना आसान हो।