New Pension Scheme 2026: सरकारी कर्मचारियों को नए साल पर तमिलनाडु सरकार ने तोहफा दिया है। सीएम एमके स्टालिन (MK Stalin) सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों के लिए नई पेंशन योजना का ऐलान किया है। ये योजना पुरानी पेंशन योजना (Old Pension Scheme) की तरह ही फायदा देगी और कर्मचारियों को रिटायरमेंट के बाद आर्थिक सुरक्षा बनी रहेगी। आइए जानते हैं इस नई पेंशन स्कीम के बारे में
क्या है ये नई पेंशन स्कीम?
सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों की दो दशक पुरानी मांग को पूरा करते हुए मुख्यमंत्री स्टालिन ने एश्योर्ड पेंशन स्कीम (Tamil Nadu Assured Pension Scheme) को लॉन्च किया है। स्कीम को लॉन्च करते हुए उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारी और शिक्षक राज्य की रीढ़ हैं। उनकी सामाजिक सुरक्षा का ध्यान रखना हमारी जिम्मेदारी है।
कितनी मिलेगी पेंशन?
इस नई पेंशन स्कीम में सरकारी कर्मचारियों को उनके अंतिम वेतन का 50 फीसदी पेंशन के रूप में दिया जाएगा। इसके साथ ही इस योजना के तहत पेंशन पाने वाले सरकारी कर्मचारियों को हर 6 महीने में महंगाई भत्ता में बढ़ोतरी की जाएगी।
वहीं किसी पेंशनधारक के निधन की स्थिति में उनके नामित परिजन को पारिवारिक पेंशन के रूप में कुल पेंशन का 60 प्रतिशत हिस्सा दिया जाएगा। वहीं, यदि कर्मचारी की मृत्यु नौकरी के दौरान या रिटायरमेंट के समय होती है, तो उसकी सेवा अवधि को ध्यान में रखते हुए अधिकतम 25 लाख रुपये तक मृत्यु ग्रेच्युटी दी की जाएगी।
सरकार पर पड़ेगा बोझ
मुख्यमंत्री स्टालिन ने स्वीकार किया कि नई योजना से सरकार पर आर्थिक बोझ जरूर बढ़ेगा, लेकिन कर्मचारियों की भलाई इससे कहीं ज़्यादा महत्वपूर्ण है। आंकड़ों के मुताबिक, राज्य सरकार को पेंशन फंड में अतिरिक्त 13,000 करोड़ रुपये का योगदान करना होगा और हर साल लगभग 11,000 करोड़ रुपये का खर्च वहन करना पड़ेगा।
वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम ने तमिलनाडु सरकार के कर्मचारियों और शिक्षकों के लिए घोषित नई 'तमिलनाडु एश्योर्ड पेंशन स्कीम' (टीएपीएस) का स्वागत किया और इसकी सराहना की।