NFO Insight: अगर आप एक साथ अडानी, अंबानी, टाटा और बिड़ला की लिस्टेड कंपनियों के शेयरों में निवेश नहीं कर पा रहे हैं तो चिंता करने की जरूरत नहीं। अब एक ऐसा म्यूचुअल फंड स्कीम आ गया है जो इन सभी दिग्गज कॉर्पोरेट्स कंपनियों के स्टॉक में एक साथ निवेश कर आपको फायदा दिलाएगा। दरअसल, बड़ौदा बीएनपी पारिबा म्यूचुअल फंड ने अपना नया फंड ऑफर (NFO) लॉन्च किया है। इस स्कीम का नाम बड़ौदा बीएनपी परीबास बिजनेस कॉन्गलोमेरेट्स फंड (Baroda BNP Paribas Business Conglomerates Fund) है। इसके जरिए निवेशक भारत के बड़े-बड़े कारोबारी घरानों के शेयर कर सकते हैं।
इस फंड का मकसद आम निवेशकों को भारत के बड़े और पॉपुलर बिजनेस ग्रुप्स जैसे टाटा, बिड़ला, अंबानी (रिलायंस) और अडानी की अलग-अलग कंपनियों में एक ही जगह से निवेश करने का मौका देना है। बड़ौदा बीएनपी पारिबास बिजनेस कॉन्ग्लोमरेट्स फंड को भारत के प्रतिष्ठित व्यापारिक समूहों से जुड़ने में मदद करने के लिए डिजाइन किया गया है। यह एक डाइवर्सिफाइड पोर्टफोलियो बनाता है, जिसमें इन बिजनेस घरानों की चुनी हुई कंपनियां शामिल हैं।
15 सितंबर तक निवेश का मौका
इकोनॉमिक टाइम्स में छपी खबर के मुताबिक, यह फंड ऐसे बिजनेस ग्रुप्स में पैसा लगाएगा जो भारत में हैं और जिनके कम से कम दो अलग-अलग सेक्टर या इंडस्ट्री में कंपनियां शेयर मार्केट में लिस्टेड हैं। इसका न्यू फंड ऑफर (NFO) आज (2 सितंबर 2025) से खुल गया है। यह ऑफर 15 सितंबर तक खुला रहेगा। NFO बंद होने के बाद, फंड की यूनिट मिलने के पांच कारोबारी दिन के अंदर यह फंड फिर से खुल जाएगा, जिसके बाद आप आम म्यूचुअल फंड की तरह इसमें कभी भी निवेश कर सकेंगे और पैसा भी रिडीम कर सकेंगे। कंपनी का दावा है कि यह फंड लंबी अवधि में निवेशकों को बेहतर रिटर्न दिलाने की क्षमता रखता है।
500 रुपये से निवेश शुरू
एकमुश्त निवेश कम से कम 1,000 रुपये से शुरू किया जा सकता है। सिस्टेमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) के जरिए हर महीने सिर्फ 500 रुपये से निवेश किया जा सकता है। ये स्कीम बीएसई सेलेक्ट बिजनेस ग्रुप्स इंडेक्स को बेंचमार्क बनाएगी और कम से कम चार बिजनेस ग्रुप में निवेश करेगी। किसी भी एक ग्रुप में निवेश की लिमिट कुल नेट एसेट्स का 25 फीसदी होगी। इस फंड का मैनेजमेंट जितेंद्र श्रीराम (सीनियर फंड मैनेजर) और कुशांत अरोड़ा (फंड मैनेजर और रिसर्च एनालिस्ट) करेंगे।
बड़े घरानों के बिजनेस में मिलेगा हिस्सा
फंड के CIO संजय चावला ने कहा कि 'हमारा यह नया फंड निवेशकों को भारत के बड़े और पुराने बिजनेस ग्रुप्स में हिस्सा लेने का मौका देगा, जिनकी कंपनियां शेयर बाजार में लिस्टेड हैं। ये बड़े ग्रुप्स अलग-अलग तरह के बिजनेस चलाते हैं, इसलिए उनके पास पैसे कमाने के कई रास्ते होते हैं। इसके साथ ही, उनका अच्छा नाम और ग्राहकों का भरोसा होता है, जिससे नए बिजनेस शुरू करते वक्त उन्हें फायदा मिलता है।