UPI से इंश्योरेंस और शेयर बाजार के पेमेंट करना और आसान, 15 सितंबर से बढ़ रही है ट्रांजैक्शन लिमिट

UPI Payments Limit: नैशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने UPI से होने वाले कुछ बड़े पेमेंट्स की लिमिट को बढ़ाने का ऐलान किया है। अब इंश्योरेंस, कैपिटल मार्केट इन्वेस्टमेंट, क्रेडिट कार्ड बिल और टैक्स पेमेंट जैसे कामों के लिए एक बार में 5 लाख रुपए तक का ट्रांजैक्शन किया जा सकेगा।  

Naveen Kumar Pandey( विद इनपुट्स फ्रॉम लाइवमिंट हिंदी)
पब्लिश्ड9 Sep 2025, 05:52 PM IST
कई कैटिगरी के लिए यूपीआई की पेमेंट लिमिट बढ़ेगी।
कई कैटिगरी के लिए यूपीआई की पेमेंट लिमिट बढ़ेगी। (Livemint)

UPI Payments: यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) भारत में सबसे लोकप्रिय डिजिटल पेमेंट तरीका बन गया है। छोटे-मोटे खर्च से लेकर अब बड़े पेमेंट्स भी लोग UPI के जरिए करने लगे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए NPCI ने एक बड़ा बदलाव किया है। 15 सितंबर से कुछ खास कैटेगरी के लिए UPI की लेनदेन की सीमा को बढ़ाया जा रहा है, जिससे अब बड़े ट्रांजैक्शन करना और भी आसान हो जाएगा। यह बदलाव खासकर उन लोगों के लिए फायदेमंद होगा, जिन्हें इंश्योरेंस प्रीमियम या शेयर बाजार में निवेश जैसे बड़े भुगतान करने होते हैं।

बढ़ गई UPI ट्रांजैक्शन की सीमा

NPCI ने अपनी एक घोषणा में बताया है कि 15 सितंबर से कुछ चुनिंदा कैटेगरी के लिए प्रति ट्रांजैक्शन की लिमिट 5 लाख कर दी जाएगी। अभी तक इन कैटेगरी के लिए यह सीमा 2 लाख तक थी। इसके साथ ही, कई कैटेगरी के लिए 24 घंटे की कुल ट्रांजैक्शन लिमिट को भी बढ़ाया गया है, जो 10 लाख तक होगी। हालांकि, सामान्य तौर पर एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति (P2P) को पैसा भेजने की मौजूदा सीमा 1 लाख ही रहेगी।

यह भी पढ़ें | अगस्त में ₹2,500 करोड़ घटा UPI ट्रांजैक्शन, जानिए क्यों

इन कैटेगरी को मिलेगा फायदा

यह बढ़ी हुई लिमिट खास तौर पर उन लोगों के लिए है जो व्यापार से जुड़े या बड़े वित्तीय लेनदेन करते हैं। जिन कैटेगरी में यह बदलाव लागू होगा, उनमें ये शामिल हैं-

  • कैपिटल मार्केट (शेयर बाजार में निवेश)
  • इंश्योरेंस प्रीमियम
  • सरकारी ई-मार्केट प्लेस (GeM) से जुड़े भुगतान
  • टैक्स पेमेंट
  • ट्रेवल बुकिंग
  • क्रेडिट कार्ड बिल पेमेंट
  • बिजनेस/मर्चेंट पेमेंट

किस कैटेगरी के लिए कितनी लिमिट

NPCI द्वारा जारी किए गए नए नियमों के अनुसार, विभिन्न कैटेगरी के लिए लेनदेन की सीमाएं अलग-अलग होंगी। नीचे दी गई टेबल में आप इसकी पूरी जानकारी देख सकते हैं।

कैटेगरीप्रति ट्रांजैक्शन लिमिट24 घंटे की कुल लिमिट
कैपिटल मार्केट (निवेश) 5 लाख 10 लाख
इंश्योरेंस 5 लाख 10 लाख
सरकारी ई-मार्केट प्लेस (GeM) 5 लाख 10 लाख
ट्रैवल 5 लाख 10 लाख
क्रेडिट कार्ड पेमेंट 5 लाख 6 लाख
कलेक्शन 5 लाख 10 लाख
ज्वेलरी 2 लाख 6 लाख
बिजनेस/मर्चेंट पेमेंट 5 लाखकोई लिमिट नहीं
FX रिटेल (BBPS के माध्यम से) 5 लाख 5 लाख
डिजिटल अकाउंट ओपनिंग 5 लाख 5 लाख
डिजिटल अकाउंट ओपनिंग – शुरुआती फंड 2 लाख 2 लाख

UPI ने कही यह बात

NPCI की वेबसाइट पर दिए गए बयान के मुताबिक, 'UPI एक पसंदीदा पेमेंट तरीका बन गया है। बाजार से लगातार ऐसी मांग आ रही थी कि कुछ कैटेगरी में ट्रांजैक्शन की सीमा बढ़ाई जाए।' NPCI ने यह भी कहा कि इस बदलाव से इंश्योरेंस प्रीमियम, लोन की EMI और निवेश जैसे बड़े पेमेंट्स करना बहुत आसान हो जाएगा, जिससे बार-बार छोटे-छोटे ट्रांजैक्शन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होममनीUPI से इंश्योरेंस और शेयर बाजार के पेमेंट करना और आसान, 15 सितंबर से बढ़ रही है ट्रांजैक्शन लिमिट
More