NPS, UPS Updates: सरकारी कर्मचारियों के लिए रिटायरमेंट प्लानिंग को आसान और ज्यादा लचीला बनाने के लिए पेंशन फंड रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (PFRDA) ने एक बड़ा बदलाव किया है। पेंशन रेगुलेटर PFRDA ने नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) और यूनिफाइड पेंशन स्कीम (UPS) के तहत मौजूदा मौजूदा निवेश ऑप्शन की संख्या में बढ़ोतरी कर दी है। PFRDA ने इन्वेस्टमेंट ऑप्शन्स में दो नए ऑटो चॉइस ऑप्शन शुरू किए हैं, जिससे सेंट्रल गवर्नमेंट (CG) सब्सक्राइबर्स के लिए इन्वेस्टमेंट ऑप्शन की कुल संख्या 6 हो गई है।
नए ऑटो चॉइस इन्वेस्टमेंट ऑप्शन में 'ऑटो चॉइस -लाइफ साइकिल 75-हाई (15E/55Y)' और 'ऑटो चॉइस -लाइफ साइकिल- एग्रेसिव (35E/55Y)' शामिल हैं। PFRDA के इस कदम का सीधा फायदा सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा और अब उन्हें पेंशन स्कीम के तहत इन्वेस्टमेंट के नए विकल्पों को चुनने की सुविधा मिलेगी। इसका मतलब है कि अब कर्मचारी अपने रिस्क प्रोफाइल और पसंद के हिसाब से निवेश की ज्यादा सटीक स्ट्रैटजी सेलेक्ट कर पाएंगे।
PFRDA ने क्या बदला?
PFRDA ने जानकारी दी है कि केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों के लिए अब कुल 6 निवेश विकल्प उपलब्ध होंगे। पहले ये संख्या केवल 4 थी। दो नए ऑटो च्वायस लाइफ साइकल (Auto Choice Life Cycle) ऑप्शन जोड़कर इसे 6 कर दिया गया है। ये दोनों विकल्प उन निवेशकों को मिलेंगे, जो लंबी अवधि में अधिक रिटर्न पाने के लिए थोड़ा ज्यादा रिस्क लेने को तैयार हैं।
ऑटो चॉइस लाइफ साइकल 75 हाई (15E/55Y) के तहत सब्सक्राइबर के कॉन्ट्रिब्यूशन का 75% हिस्सा इक्विटी में तब तक निवेश किया जाएगा, जब तक कि उसकी उम्र 35 साल की नहीं हो जाती। उसके बाद धीरे-धीरे घटाकर 55 साल की उम्र तक पहुंचते-पहुंचते इसे 15% पर ला दिया जाएगा। यह सीमा स्कीम से एग्जिट तक बनी रहेगी।
ऑटो चॉइस – लाइफ साइकल 50
वहीं, ऑटो चॉइस लाइफ साइकल-एग्रेसिव (35E/55Y) के तहत सब्सक्राइबर के कॉन्ट्रिब्यूशन का 50% हिस्सा उसकी उम्र 45 साल होने तक इक्विटी में निवेश किया जाएगा और उसके बाद उसके 55 साल का होने तक इसे धीरे-धीरे घटाकर 35% पर ला दिया जाएगा। यह स्थिति एग्जिट तक बनी रहेगी। ज्यादा इक्विटी फ्लोर इसे मौजूदा ऑप्शन से अलग बनाते हैं।
यह उन सब्सक्राइबर के लिए डिजाइन किया गया है जो अपने मिड-करियर में भी ग्रोथ-ओरिएंटेड पोर्टफोलियो चाहते हैं। अभी डिफॉल्ट स्कीम के अलावा पहले से 3 ऑटो चॉइस ऑप्शन हैं। इनमें एक्टिव चॉइस, ऑटो चॉइस-लाइफ साइकल 25- लो (5E/55Y) और ऑटो चॉइस लाइफ साइकल 50-मॉडरेट (10E/55Y) शामिल हैं।