UPI Credit Line: डिजिटल पेमेंट ने हमारी जिंदगी को आसान बना दिया है। अब कैश या कार्ड की झंझट नहीं, बस मोबाइल से स्कैन करो और पेमेंट हो गया। इसी सफर में UPI Credit Line को लेकर भी काफी समय से चर्चा चल रही है। यूपीआई क्रेडिट लाइन की मदद से आने वाले समय में ग्राहक बिना अकाउंट बैलेंस के भी UPI से पेमेंट कर पाएंगे। एक रिपोर्ट के मुताबिक, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक जैसे बड़े प्राइवेट बैंक इस सर्विस को लॉन्च करने की तैयारी में हैं। चलिए जानते हैं यूपीआई क्रेडिट लाइन क्या है और इससे आम आदमी और बैंक को क्या फायदा होगा।
UPI Credit Line क्या है?
यह एक तरह की छोटी क्रेडिट सुविधा है। इसमें बैंक, ग्राहकों को एक तय लिमिट तक उधार दे सकेंगे। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि अगर आपके अकाउंट में जीरो बैलेंस है तब भी आप यूपीआई क्रेडिट लाइन की मदद से पेमेंट कर पाएंगे। बाद में यह रकम ब्याज के साथ चुकानी होगी। यूपीआई क्रेडिट लाइन, क्रेडिट कार्ड जैसा है, लेकिन कार्ड की जरूरत नहीं। NPCI ने इसे सितंबर 2023 में शुरू किया था, अब पहली बार बड़े बैंक इसे बड़े पैमाने पर लागू करने जा रहे हैं।
ग्राहकों के लिए फायदे की झड़ी
इस नई सुविधा से आम लोगों को काफी मदद मिल सकती है। अचानक खर्च जैसे मेडिकल इमरजेंसी, ऑनलाइन टिकट बुकिंग या बिल पेमेंट में तुरंत राहत मिलेगी। छोटे-छोटे क्रेडिट, ₹1,000 से लेकर ₹20,000 तक, आसानी से उपलब्ध होंगे। कार्ड की झंझट खत्म होगी और सीधे UPI ऐप से क्रेडिट लिमिट का इस्तेमाल किया जा सकेगा। समय पर भुगतान करने से क्रेडिट हिस्ट्री बनेगी और आगे चलकर सस्ते लोन, बेहतर क्रेडिट कार्ड और आसान EMI का रास्ता खुलेगा।
बैंकों के लिए सुनहरा मौका
बैंकों के लिए यह सुविधा नए ग्राहकों तक पहुंचने का आसान तरीका है। जिनके पास क्रेडिट कार्ड नहीं है, वे भी इस क्रेडिट लाइन का फायदा उठाएंगे। छोटे लोन समय पर चुकाने वाले ग्राहक भविष्य में भरोसेमंद और बड़े ग्राहक बन सकते हैं।
बैंक क्यों तैयार हो गए अब?
काफी समय तक बैंक इस नई सुविधा को लेकर सोच-विचार में थे। उन्हें चिंता थी कि ब्याज दर कैसे तय होगी, क्या बिना ब्याज की अवधि मिलेगी और छोटे-छोटे लोन की रिकवरी कैसे होगी। अब RBI और NPCI ने नियमों को साफ कर दिया है। इसी वजह से बड़े बैंक जैसे HDFC और Axis फिनटेक कंपनियों के साथ मिलकर इसे लॉन्च करने की तैयारी में हैं।
यूपीआई क्रेडिट लाइन सिर्फ एक नई सुविधा नहीं, बल्कि डिजिटल पेमेंट सिस्टम का अगला बड़ा बदलाव है। इससे ग्राहकों को तुरंत मदद मिलेगी और बैंकों को नए अवसर। आने वाले महीनों में यह हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन सकता है।