Paytm UPI Shutdown: गूगल प्ले पर हाल ही में एक नोटिफिकेशन आया, जिसने Paytm यूज़र्स के बीच हलचल मचा दी। नोटिफिकेशन में कहा गया कि 31 अगस्त 2025 के बाद Paytm UPI हैंडल स्वीकार नहीं किया जाएगा, जिससे लोगों में ये भ्रम फैल गया कि Paytm पर UPI पेमेंट्स बंद हो जाएंगे। अगर आप भी ऐसा ही कुछ सोच रहे हैं, तो आप गलत है। Paytm से UPI पेमेंट्स आप 31 अगस्त के बाद भी कर पाएंगे। देशभर में बढ़ते कन्फूजन को देखते हुए Paytm ने इस मामले पर सफाई दी है।
पेटीएम ने क्या कहा?
Paytm ने साफ किया कि Google Play की नोटिफिकेशन अधूरी थी और इससे यूज़र्स के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हुई। कंपनी ने भरोसा दिलाया कि Paytm ऐप पर सभी UPI ट्रांजैक्शन, चाहे उपभोक्ता हों या व्यापारी पहले की तरह चलते रहेंगे। इसमें कोई रुकावट नहीं होगी।Paytm ने बताया कि यह अपडेट सिर्फ रेकरिंग पेमेंट्स (जैसे YouTube Premium, Google One आदि) के लिए है। अगर कोई यूज़र पहले @paytm UPI हैंडल से सब्सक्रिप्शन पेमेंट करता था, तो अब उसे अपना UPI ID बैंक से जुड़े नए हैंडल में बदलना होगा।
उदाहरण: अगर पहले किसी का UPI ID था rajesh@paytm, तो अब ये rajesh@pthdfc या rajesh@ptsbi हो सकता है। इससे यूपीआई पेमेंट पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
पेटीएम ने दी सफाई
Paytm ने ये भी स्पष्ट किया कि वन-टाइम UPI पेमेंट्स पर कोई असर नहीं पड़ेगा। यूज़र्स सामान्य लेन-देन पहले की तरह करते रहेंगे। ये बदलाव केवल रेकरिंग पेमेंट्स को सुचारू बनाए रखने के लिए है। पेटीएम ने बताया कि यह ट्रांजिशन National Payments Corporation of India (NPCI) की मंजूरी के बाद किया जा रहा है, क्योंकि अब Paytm एक Third Party Application Provider (TPAP) के रूप में काम कर रहा है। यह बदलाव तकनीकी रूप से जरूरी था और यूज़र्स के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए किया गया है।