Petrol Price Today Delhi: ईरान-इजरायल में चल रहे युद्ध के बीच गैस के दाम बढ़ गए हैं। गैस के बाद सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि पेट्रोल-डीजल के रेट भी बढ़ने वाले हैं। हालांकि सरकार की तरफ से बार-बार इसे महज अफवाह बताया जा रहा है, लेकिन कई जगहों पर पेट्रोल पंप पर लंबी-लंबी लाइन देखने को मिल रही है। आइए जानते हैं कि आज वीकेंड की शुरुआत में आपके शहर दिल्ली-मुंबई, यूपी, बिहार में क्या चल रहे हैं पेट्रोल-डीजल के दाम
हैदराबाद के मुकाबले दिल्ली में सस्ता है पेट्रोल
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में शहरों के हिसाब से बड़ा फर्क दिख रहा है। पेट्रोल सबसे महंगा हैदराबाद में ₹107.46 प्रति लीटर है, जबकि सबसे सस्ता नई दिल्ली में ₹94.72 है। वहीं डीजल की दरें हैदराबाद में सबसे ऊंची ₹95.70 हैं और सबसे कम चंडीगढ़ में ₹82.45 हैं। यानी हैदराबाद दोनों ईंधनों के मामले में सबसे महंगा शहर है, जबकि चंडीगढ़ डीजल के लिए और दिल्ली पेट्रोल के लिए सबसे सस्ता शहर साबित होता है। यह अंतर स्थानीय करों और परिवहन लागत की वजह से होता है।
34 प्रतिशत बढ़े कच्चे तेल के दाम
अमेरिका और इजराइल का ईरान के साथ बढ़ता सैन्य संघर्ष कच्चे तेल के वैश्विक बाजार को प्रभावित कर रहा है। फारस की खाड़ी में स्थित हॉर्मुज जलडमरूमध्य के प्रभावी रूप से बंद होने और पश्चिम एशिया के तेल उत्पादन केंद्रों पर हमलों के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में काफी वृद्धि हुई है। दुनिया के कुल तेल और प्राकृतिक गैस का लगभग 20 प्रतिशत इसी मार्ग से गुजरता है। इस मार्ग में बाधा आने के कारण कच्चे तेल की कीमतों में करीब 34 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
क्या बोले एक्सपर्ट?
विश्लेषकों ने कहा कि तेल की कीमतें इसलिए बढ़ीं, क्योंकि ईरान से जुड़े भू-राजनीतिक तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य से शिपिंग में आई रुकावटों के कारण वैश्विक आपूर्ति को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। वैश्विक स्तर पर वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट कच्चा तेल के मई डिलीवरी वाले अनुबंध की कीमत 0.15 प्रतिशत की तेजी के साथ 95.87 डॉलर प्रति बैरल हो गया जबकि ब्रेंट क्रूड का दाम 0.66 प्रतिशत बढ़कर 101.12 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।