
PM Kisan 22nd Instalment: देश के करोड़ों किसानों के लिए शुक्रवार का दिन खास रहने वाला है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-Kisan) योजना की अगली किस्त जारी होने जा रही है और लाखों किसान अपने बैंक खातों में आने वाले ₹2000 का इंतजार कर रहे हैं।
शुक्रवार, यानी 13 मार्च 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम की राजधानी गुवाहाटी से देश के 9.32 करोड़ से अधिक किसान परिवारों के खातों में 18,640 करोड़ रुपये ट्रांसफर करेंगे। कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि फरवरी 2019 में जब से यह योजना शुरू हुई है, तब से लेकर अब तक पात्र किसान परिवारों के खातों में 4.09 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी जा चुकी है। 22वीं किस्त जारी होने के साथ ही कुल राशि 4.27 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो जाएगी। इस बार की खास बात यह है कि इसमें 2.15 करोड़ से अधिक महिला किसानों को भी सीधा लाभ मिलेगा, जो ग्रामीण भारत में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है।
हालांकि इस बार एक और बात चर्चा में है। पिछले कुछ समय में लाखों किसानों के नाम लाभार्थी सूची से हटाए गए हैं। ऐसे में कई लोगों के मन में सवाल है कि क्या इस बार आपको पैसा मिलेगा या नहीं?
पिछले कुछ समय में लाभार्थियों की संख्या में कमी आई है। आंकड़ों के मुताबिक, 11वीं किस्त के समय लगभग 10.48 करोड़ किसानों को पैसा मिला था, लेकिन 21वीं किस्त तक यह संख्या घटकर करीब 9.35 करोड़ रह गई। यानी लगभग 1.12 करोड़ नाम लिस्ट से हटा दिए गए हैं।
सरकार ने साफ कर दिया है कि पीएम-किसान योजना का लाभ लेने के लिए e-KYC करना अनिवार्य है। अगर किसी किसान ने अभी तक ई-केवाईसी पूरा नहीं किया है तो उसकी किस्त रुक सकती है। इसके अलावा बैंक खाते को आधार कार्ड से लिंक करना भी जरूरी है। किसान चाहें तो इसके लिए नजदीकी CSC सेंटर, किसान सेवा केंद्र या कृषि विस्तार अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।
किसान यह भी देख सकते हैं कि उनके खाते में पैसा आया है या नहीं।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत फरवरी 2019 में की गई थी। इस योजना का मकसद छोटे और सीमांत किसानों को आर्थिक सहायता देना है। इस योजना के तहत हर पात्र किसान परिवार को सालाना 6000 रुपये की मदद दी जाती है। यह राशि तीन बराबर किस्तों में यानी हर चार महीने में 2000 रुपये के रूप में सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है।
पीएम-किसान योजना आज देश के किसानों के लिए सबसे महत्वपूर्ण योजनाओं में से एक बन चुकी है। हर किस्त के साथ लाखों किसानों को खेती और घरेलू जरूरतों के लिए आर्थिक सहारा मिलता है। कल जारी होने वाली 22वीं किस्त भी करोड़ों किसानों के लिए राहत लेकर आएगी। लेकिन यह भी जरूरी है कि किसान समय पर e-KYC और आधार लिंकिंग जैसी प्रक्रियाएं पूरी कर लें, ताकि उनका पैसा बिना किसी रुकावट के सीधे खाते में पहुंच सके।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.