PM Kisan 23rd installmen Date: पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त का इंतजार कर रहे किसानों के लिए गुड न्यूज है। सरकार की तरफ 23वीं किस्त की तारीख का ऐलान कर दिया गया है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने एक्स हैंडल पर पीएम किसान की 23वीं किस्त को लेकर चल रही सभी अटकलों को खारिज करते हुए असली तारीख की घोषणा कर दी है।
कब आएगी पीएम किसान की 23वीं किस्त?
अगर आप भी पीएम किसान योजना की 23वीं किस्त का इंतजार रहे हैं, तो आपको बता दें कि ये किस्त इसी महीने यानी जून में ही आने वाली है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक्स पर बताया कि 20 जून को पीएम किसान योजना की 23वीं किस्त के 2000 रुपये जारी किए जाएंगे। पीएम मोदी किसानों के अकाउंट में 2000-2000 रुपये DBT के जरिए भेजेंगे।
बीते कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर पीएम किसान की 23वीं किस्त का लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे थे। कुछ यूजर्स कह रहे थे कि किसानों को उनके पैसे 18 जून को मिल सकते हैं। हालांकि अब तारीख साफ हो गई है और किसानों को उनके हक के 2000 रुपये 3 दिन बाद 20 जून को मिलने वाले हैं।
कब जारी हुई थी 22वीं किस्त
पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त 13 मार्च 2026 को जारी की गई थी। इस दिन पीएम मोदी ने गुवाहाटी से किसानों के बैंक अकाउंट में 2000 रुपये भेजे थे। पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त में 18,640 करोड़ से अधिक की रकम केंद्र सरकार की तरफ से जारी की गई थी।
क्या है पीएम किसान योजना?
पीएम किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत 24 फरवरी 2019 में हुई थी। उसी दिन पीएम मोदी ने इस योजना की पहली किस्त जारी की थी। इस योजना के तहत केंद्र सरकार किसानों की आर्थिक मदद के लिए पूरे सालभर में 6000 रुपये भेजती है। हालांकि ये पैसे 2000 रुपये की तीन किस्तों में किसानों को मिलते हैं।
नोट- अगर आप पीएम किसान योजना का लाभ ले रहे हैं और अभी तक ईकेवाईसी नहीं करवाई है, तो आपकी मुसीबत बढ़ने वाली है। पीएम किसान योजना के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य कर दी गई है। ऐसे में अगर आप इस प्रोसेस को पूरा नहीं करते हैं, तो आपकी किस्त के 2000 रुपये अटक भी सकते हैं। इतना ही नहीं आपका नाम भी पीएम किसान योजना से हटाया जा सकता है।