
PM Kisan Yojana 21st installment Release Date: पीएम किसान योजना की 20 वीं किस्त कुछ दिन पहले ही जारी की गई है, जिसके बाद अब किसानों को अगली किस्त का इंतजार है। इसी बीच कुछ किसानों के बीच ये भी चर्चा है कि जैसे केंद्र सरकार 8वां वेतन आयोग ला रही है, जिससे सैलरी और पेंशन दोनों ही बढ़ जाएगी। उसी तरह सरकार किसानों को दी जाने वाली इस आर्थिक मदद को दोगुनी करने का भी प्लान कर रही है। हालांकि, किसानों की बीच हो रही इस चर्चा पर सरकार ने जवाब दिया है।
केंद्र सरकार की ओर से जारी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM Kisan Yojana) से जुड़ी अहम जानकारी सामने आई है। सरकार ने संसद में साफ कहा है कि फिलहाल पीएम किसान योजना की राशि दोगुनी करने का कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। इसका मतलब है कि किसानों को अभी भी सालाना ₹6,000 की आर्थिक सहायता तीन किस्तों में ही मिलती रहेगी।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना भारत सरकार की केंद्रीय योजना है, जिसका उद्देश्य छोटे और सीमांत किसानों को आर्थिक मदद देना है। इस योजना के तहत किसानों को सालाना ₹6,000 की राशि दी जाती है, जो तीन बराबर किस्तों में सीधे उनके बैंक खाते में ट्रांसफर होती है। ये योजना दिसंबर 2018 में शुरू की गई थी और फरवरी 2019 से पूरे देश में लागू की गई। योजना का मुख्य उद्देश्य किसानों की आजीविका सुधारना, उनके कृषि खर्चों में सहायता देना, और उन्हें साहूकारों पर निर्भर होने से बचाना है।
केंद्र सरकार ने 2 अगस्त को ही पीएम किसान योजना की 20वीं किस्त जारी की थी। ऐसे में अब 21वीं किस्त को लेकर किसानों के बीच उत्सुक्ता बनी हुई है। सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है, लेकिन पिछली किस्तों के शेड्यूल को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि 21वीं किस्त नवंबर 2025 में जारी हो सकती है।