PM SVANidhi Yojana: देशभर के छोटे दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी पर काम करने वाले लाखों लोगों के लिए प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना एक बड़ी राहत बनकर उभरी है। कोरोना महामारी के बाद जब छोटे कारोबारियों की कमर टूट गई थी, तब सरकार ने इस योजना के जरिए उन्हें फिर से खड़ा होने का मौका दिया। अब स्ट्रीट वेंडरों को अपने काम का विस्तार करने के लिए लोन के साथ क्रेडिट कार्ड की सुविधा भी मिलेगी।
पीएम स्वनिधि योजना का मकसद ऐसे स्ट्रीट वेंडर्स को आर्थिक मदद देना है, जो बिना किसी औपचारिक बैंकिंग सुविधा के अपना छोटा व्यवसाय चलाते हैं। इस योजना के तहत उन्हें बिना किसी गारंटी के लोन दिया जाता है, जिससे वे अपने काम को दोबारा शुरू कर सकें या आगे बढ़ा सकें।
लोन के साथ मिलेगा क्रेडिट कार्ड
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हरियाणा के सोनीपत में नगर परिषद (नप) योजना के तहत स्ट्रीट वेंडरों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में जागरूक करेगी। परिषद वेंडरों को जागरूक करके उनके क्रेडिट कार्ड भी बनवाए जाएंगे। वेंडर क्रेडिट कार्ड के जरिए 30,000 रुपये तक की राशि का उपयोग अपने व्यवसाय में कर सकेंगे।
बिना गारंटी के मिलता है लोन
इस योजना की शुरुआत कोरोना काल में हुई थी। समय के साथ इसमें कई बड़े बदलाव किए गए हैं। इस स्कीम के तहत पीआई से जुड़ा क्रेडिट कार्ड भी दिया जाता है। इस योजना के तहत पहले 10,000 रुपये का लोन मिलता है। जिसकी अवधि एक साल होती है। अगर वेंडर इस लोन को समय पर चुकाता है तो फिर 20,000 रुपये का लोन मिलता है। इसके बाद 50,000 रुपये का लोन मिलता है।
कुल मिलाकर 80,000 रुपये का लोन तीन किश्तों में मिलता है। समय पर लोन चुकाने पर 7% ब्याज सब्सिडी और डिजिटल लेन-देन पर ₹1200 तक कैशबैक भी मिलता है। ये सब इसलिए ताकि वेंडर्स न सिर्फ लोन लें, बल्कि डिजिटल पेमेंट को भी अपनाएं। इस सरकारी योजना (Govt Scheme) का पूरा लाभ लेने के लिए क्रेडिबिलिटी बनाना जरूरी है।
कहां से मिलेगा लोन?
स्कीम के तहत अनुसूचित वाणिज्यिक बैंक, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक, स्मॉल फाइनेंस बैंक, सहकारी बैंक, नॉन बैंकिंग फाइनेंस कंपनियां, माइक्रो फाइनेंस इंस्टीट्यूंशंस और एसएचजी बैंक लोन मुहैया कराएंगे। स्कीम के लिए इंप्लीमेंटेशन पार्टनर स्मॉल इंडस्ट्रीज डेवलपमेंट बैंक ऑफ इंडिया (SIDBI) है। लाभार्थी के लिए अनिवार्य केवाईसी दस्तावेज आधार कार्ड और मतदाता पहचान पत् जरूरी हैं। इसके अलावा ड्राइविंग लाइसेंस, मनरेगा कार्ड, पैन कार्ड भी केवाईसी दस्तावेजों में शामिल किया गाय है। यह लोन देशभर में फैले कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के जरिए भी लिया जा सकता है।
कुल मिलाकर, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना ने यह साबित कर दिया है कि अगर सही समय पर सही सहायता दी जाए, तो छोटे से छोटा व्यापारी भी अपने पैरों पर खड़ा हो सकता है। यह योजना आने वाले समय में और ज्यादा लोगों तक पहुंचेगी और लाखों परिवारों की जिंदगी में बदलाव लाती रहेगी।