PNG Rule: क्या आपके पास भी है पाइप वाली गैस? तुरंत जान लें सरकार का नया आदेश

PNG Rule: सरकार ने गैस वितरण से जुड़े नियमों में बदलाव करते हुए अहम फैसला लिया है। नए आदेश के तहत जिन घरों में पाइप्ड गैस कनेक्शन है, उन्हें एलपीजी सिलेंडर रखने की अनुमति नहीं होगी। सरकार का कहना है कि इससे गैस सप्लाई को बेहतर तरीके से संतुलित किया जा सकेगा।

Priya Shandilya
पब्लिश्ड14 Mar 2026, 10:59 PM IST
अगर घर में है पाइप वाली गैस, तो अब नहीं रख पाएंगे एलपीजी सिलेंडर (सांकेतिक तस्वीर)
अगर घर में है पाइप वाली गैस, तो अब नहीं रख पाएंगे एलपीजी सिलेंडर (सांकेतिक तस्वीर)(HT)

PNG Rules: अगर आपके घर में पाइप वाली गैस (PNG) और एलपीजी सिलेंडर दोनों मौजूद हैं, तो अब सरकार ने नियमों में बदलाव किए हैं। भारत के पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने साफ किया है कि जिन घरों में पहले से पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) का कनेक्शन है, वे अब घरेलू एलपीजी सिलेंडर अपने पास नहीं रख सकेंगे।

मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध और गैस की सप्लाई में आ रही दिक्कतों के चलते पेट्रोलियम मंत्रालय ने यह फैसला लिया है ताकि सिलेंडर की कमी को दूर किया जा सके। मंत्रालय ने इसके लिए संशोधित आपूर्ति आदेश जारी किया है, जिसका उद्देश्य गैस वितरण को बेहतर तरीके से संतुलित करना बताया जा रहा है।

क्या है नया आदेश?

सरकार ने साफ कर दिया है कि जिन घरों में पाइप वाली गैस का कनेक्शन है, उन्हें अपना एलपीजी सिलेंडर तुरंत सरेंडर करना होगा। इतना ही नहीं, सरकारी तेल कंपनियों को भी सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे ऐसे उपभोक्ताओं को सिलेंडर रिफिल न दें जिनके घर में पहले से पीएनजी लगी हुई है। यानी अब आप चाहकर भी पाइप वाली गैस के रहते सिलेंडर नहीं भरवा पाएंगे। यह नियम घरेलू गैस वितरण को व्यवस्थित करने के लिए लागू किया गया है।

क्यों लिया गया यह फैसला?

इस फैसले के पीछे वैश्विक स्तर पर चल रहा तनाव है। पिछले महीने ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच बढ़े तनाव ने दुनिया की सप्लाई चेन हिला दी है। ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के रास्ते पर रोक लगा दी है, जहां से दुनिया का एक बड़ा हिस्सा तेल और एलपीजी मंगवाता है।

ईरान की ओर से कई टैंकरों को निशाना बनाए जाने के बाद भारत में गैस की किल्लत की खबरें आने लगी थीं। हालांकि, राहत की बात यह है कि ईरान ने भारत आने वाले दो एलपीजी टैंकरों को रास्ता दे दिया है। सरकार चाहती है कि जिनके पास पीएनजी का विकल्प है, वे सिलेंडर छोड़ दें ताकि सिलेंडर उन लोगों तक पहुंच सके जिनके पास और कोई जरिया नहीं है।

भारत में क्या है स्थिति

इन वैश्विक घटनाओं के बाद भारत के कई शहरों में एलपीजी को लेकर अफवाहें और चिंता बढ़ने लगी। कई जगह गैस एजेंसियों के बाहर लंबी लाइनें देखने को मिलीं। हालांकि सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे घबराहट में आकर गैस की जमाखोरी न करें। सरकार के मुताबिक देश में एलपीजी और पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त भंडार मौजूद है और सप्लाई सामान्य बनाए रखने की कोशिश की जा रही है।

उपभोक्ताओं के लिए क्या सलाह

सरकार ने उन लोगों से भी अपील की है जिनके आसपास पाइप गैस की सुविधा उपलब्ध है कि वे जल्द से जल्द PNG कनेक्शन के लिए आवेदन करें। इससे एलपीजी सिलेंडर पर निर्भरता कम होगी और गैस वितरण प्रणाली बेहतर तरीके से काम कर सकेगी। इसके अलावा सरकार ने लोगों को चेतावनी भी दी है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत एजेंसियों के जरिए ही सिलेंडर बुकिंग करें। क्योंकि हाल के दिनों में कुछ डिजिटल ठग इस स्थिति का फायदा उठाने की कोशिश कर रहे हैं।

जमाखोरी पर होगी कड़ी कार्रवाई

सरकार ने यह भी साफ किया है कि एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। राज्यों को निर्देश दिया गया है कि वे गैस सप्लाई की निगरानी करें और जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई करें।

यह नया आदेश भले ही थोड़ा सख्त लगे, लेकिन संकट के समय में संसाधनों का सही बंटवारा जरूरी है। अगर आपके पास पीएनजी है, तो सिलेंडर सरेंडर करना अब आपकी कानूनी जिम्मेदारी है। इससे न केवल सिस्टम में पारदर्शिता आएगी, बल्कि उन जरूरतमंदों को समय पर गैस मिल सकेगी जिनके पास पीएनजी की सुविधा नहीं है।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होममनीPNG Rule: क्या आपके पास भी है पाइप वाली गैस? तुरंत जान लें सरकार का नया आदेश
More