पोस्ट ऑफिस RD से FD में शिफ्ट करना चाहते हैं तो लगेगा झटका! पहले समझ लें ब्याज का हिसाब

पोस्ट ऑफिस आरडी से एफडी में सीधे पैसा ट्रांसफर नहीं किया जा सकता। आरडी को तीन साल बाद समय से पहले बंद कराने पर 4 फीसदी बचत खाते की ब्याज दर लागू होती है। वहीं, अक्टूबर-दिसंबर 2026 में पांच साल की एफडी पर 7.5 फीसदी ब्याज मिल रहा है।

Manali Rastogi
पब्लिश्ड5 Nov 2026, 03:28 PM IST
पोस्ट ऑफिस आरडी से एफडी में शिफ्ट करने से पहले समझ लें ब्याज का गणित
पोस्ट ऑफिस आरडी से एफडी में शिफ्ट करने से पहले समझ लें ब्याज का गणित

पोस्ट ऑफिस की छोटी बचत योजनाएं उन लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हैं, जो कम जोखिम के साथ नियमित बचत करना चाहते हैं। इनमें रेकरिंग डिपॉजिट (RD) और टाइम डिपॉजिट (TD), जिसे आमतौर पर फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) कहा जाता है, प्रमुख विकल्प हैं।

हालांकि, कई बार निवेशक आरडी में जमा रकम को निकालकर एफडी में निवेश करने की योजना बनाते हैं। उन्हें लगता है कि ऐसा करने से ज्यादा ब्याज मिल सकता है। लेकिन जल्दबाजी में लिया गया यह फैसला नुकसान का कारण बन सकता है।

आरडी और एफडी में क्या है अंतर?

पोस्ट ऑफिस आरडी पांच साल की बचत योजना है। इसमें निवेशक को हर महीने एक निश्चित रकम जमा करनी होती है। वहीं, पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट में एकमुश्त रकम जमा की जाती है। इसमें 1, 2, 3 और 5 साल की अवधि का विकल्प मिलता है। दोनों योजनाओं की ब्याज दर और निवेश का तरीका अलग-अलग है।

आरडी बीच में बंद करने पर कितना नुकसान होगा?

सबसे जरूरी बात यह है कि पोस्ट ऑफिस आरडी को कभी भी अपनी मर्जी से बंद नहीं कराया जा सकता। नियमों के मुताबिक, खाता खोलने के तीन साल पूरे होने के बाद ही इसे समय से पहले बंद करने की अनुमति मिलती है।

अगर निवेशक तीन साल से पहले खाता बंद करना चाहता है तो ऐसा नहीं कर सकता। वहीं, तीन साल बाद खाता बंद कराने पर 6.7 फीसदी की दर से नहीं, बल्कि पोस्ट ऑफिस बचत खाते की लागू ब्याज दर के हिसाब से साधारण ब्याज मिलता है। फिलहाल बचत खाते पर ब्याज दर 4 फीसदी सालाना है। ऐसे में निवेशक को मिलने वाला रिटर्न काफी कम हो सकता है।

अक्टूबर से दिसंबर 2026 तक कितना मिल रहा है ब्याज?

फिलहाल पोस्ट ऑफिस की पांच साल की आरडी पर 6.7 फीसदी सालाना ब्याज मिल रहा है। वहीं, टाइम डिपॉजिट में एक साल के लिए 6.9 फीसदी, दो साल के लिए 7 फीसदी, तीन साल के लिए 7.1 फीसदी और पांच साल के लिए 7.5 फीसदी ब्याज दिया जा रहा है। ये दरें अक्टूबर से दिसंबर 2026 की तिमाही के लिए लागू हैं।

इस तुलना में पांच साल की एफडी की ब्याज दर आरडी से ज्यादा जरूर है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि आरडी बंद करके एफडी में पैसा लगाने से हर स्थिति में ज्यादा फायदा होगा। इसकी वजह यह है कि आरडी में पैसा हर महीने जमा होता है, जबकि एफडी में पूरी रकम एक साथ निवेश की जाती है।

क्या आरडी से एफडी में सीधे पैसा ट्रांसफर कर सकते हैं?

पोस्ट ऑफिस में आरडी से टाइम डिपॉजिट में सीधे पैसे ट्रांसफर करने की सुविधा नहीं है। निवेशक को पहले आरडी के नियमों के मुताबिक खाता बंद कराना होगा। इसके बाद मिलने वाली रकम से नया टाइम डिपॉजिट खाता खोला जा सकता है। इसमें न्यूनतम 1,000 रुपये जमा करने होते हैं।

निवेश करने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

अगर आपकी आरडी मैच्योरिटी के करीब है तो उसे बीच में बंद करने से पहले मिलने वाले ब्याज की गणना जरूर करें। अगर आपको नियमित रूप से छोटी रकम बचानी है तो आरडी बेहतर विकल्प हो सकती है।

वहीं, अगर आपके पास एकमुश्त रकम है और आप उसे कुछ साल के लिए निवेश करना चाहते हैं तो टाइम डिपॉजिट पर विचार कर सकते हैं। केवल ज्यादा ब्याज दर देखकर फैसला न लें। निवेश की अवधि, पैसों की जरूरत और समय से पहले निकासी के नियमों को समझना भी जरूरी है।

(डिस्क्लेमर: ये सलाह सामान्य जानकारी के लिए दी गई है। कोई फैसला लेने से पहले विशेषज्ञ से बात करें। मिंट हिंदी किसी भी परिणाम के लिए जिम्मेदार नहीं है।)

About the Author

मनाली रस्तोगी मीडिया जगत की एक समर्पित और अनुभवी लेखिका हैं, जो पिछले 8 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रूप से काम कर रही हैं। उन्होंने वर्ष 2019 में लखनऊ यूनिवर्सिटी से मास्टर्स इन जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई पूरी की। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने मीडिया की दुनिया को समझना और लेखन के प्रति अपनी रुचि को मजबूत करना शुरू कर दिया था। अपनी प्रोफेशनल यात्रा की शुरुआत उन्होंने वैसे तो ग्रेजुएशन के समय लखनऊ से कर दी थी, लेकिन उनके करियर को नया आयाम दिल्ली में लोकमत ग्रुप के साथ मिला, जहां उन्होंने करीब 2 साल 10 महीने तक काम किया और इस दौरान उन्होंने खबरों की गहराई को समझने और पाठकों तक सही और उपयोगी जानकारी पहुंचाने का अनुभव हासिल किया। इसके बाद उन्होंने टीवी9 भारतवर्ष के साथ बतौर फ्रीलांसर काम किया, जहां उन्होंने लाइफस्टाइल सेक्शन में काम कर अपनी लेखन शैली और अनुभव को और मजबूत बनाया। वर्तमान में मनाली रस्तोगी लाइव मिंट हिंदी के साथ जुड़ी हुई हैं, जहां उन्हें काम करते हुए लगभग 10 महीने हो चुके हैं। यहां वह मुख्य रूप से एंटरटेनमेंट और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लिखती हैं, साथ ही पर्सनल फाइनेंस जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी आसान और समझने योग्य भाषा में जानकारी साझा करती हैं। उनका उद्देश्य पाठकों को ऐसी जानकारी देना है, जो उनके दैनिक जीवन में उपयोगी साबित हो और उन्हें सही फैसले लेने में मदद करे। मनाली सरल, स्पष्ट और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में लिखना पसंद करती हैं। काम के अलावा मनाली को अपने खाली समय में स्विमिंग करना, नई जगहों पर घूमना और फिल्में देखना बेहद पसंद है। उन्हें अपने घर को बजट फ्रेंडली तरीके से सजाना भी अच्छा लगता है, जिससे उन्हें रचनात्मक संतुष्टि मिलती है। मनाली दिल्ली में रहती हैं।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होममनीपोस्ट ऑफिस RD से FD में शिफ्ट करना चाहते हैं तो लगेगा झटका! पहले समझ लें ब्याज का हिसाब
More