पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट स्कीम भारत डाक की ओर से चलाई जाने वाली एक सुरक्षित और सरकार समर्थित बचत योजना है। यह काफी हद तक बैंक की फिक्स्ड डिपॉजिट यानी एफडी जैसी होती है। इसमें एकमुश्त रकम जमा करके तय अवधि के लिए निवेश किया जाता है और तय ब्याज मिलता है। अगर आप इन दिनों एफडी कराने की योजना बना रहे हैं, तो पोस्ट ऑफिस की नेशनल सेविंग्स टाइम डिपॉजिट अकाउंट योजना के बारे में भी जान लेना चाहिए।
5 साल की एफडी पर मिल रहा 7.5% ब्याज
नेशनल सेविंग्स टाइम डिपॉजिट अकाउंट में अलग-अलग अवधि के हिसाब से ब्याज दर तय की गई है।
कम से कम ₹1,000 से कर सकते हैं निवेश
नेशनल सेविंग्स टाइम डिपॉजिट अकाउंट भी एक तरह की एफडी ही है। इसमें तय अवधि के लिए पैसा जमा करके निश्चित रिटर्न पाया जा सकता है।
इस योजना में 1 से 5 साल की अवधि के लिए 6.9% से 7.5% तक ब्याज मिलता है। इसमें कम से कम ₹1,000 निवेश करना जरूरी है। अधिकतम निवेश की कोई सीमा नहीं है।
कितने समय में पैसा दोगुना होगा?
नेशनल सेविंग्स टाइम डिपॉजिट अकाउंट में अधिकतम 7.5% ब्याज मिल रहा है। अगर केवल 72 के नियम के आधार पर अनुमान लगाएं, तो इस ब्याज दर पर निवेश की रकम करीब 9 साल 7 महीने में दोगुनी हो सकती है।
हालांकि, यह केवल एक अनुमान है। वास्तविक रकम दोगुनी होने का समय ब्याज की गणना और योजना की शर्तों पर निर्भर करता है।
क्या है 72 का नियम?
72 का नियम निवेश से जुड़ा एक आसान गणितीय तरीका है। इससे यह अनुमान लगाया जाता है कि किसी निवेश की रकम दोगुनी होने में लगभग कितना समय लग सकता है।
इसे ऐसे समझिए। अगर किसी योजना में आपको सालाना 8% ब्याज मिल रहा है, तो 72 को 8 से भाग देने पर 9 आता है। यानी 72 ÷ 8 = 9 साल। इस हिसाब से 8% सालाना ब्याज मिलने पर आपका पैसा करीब 9 साल में दोगुना होने का अनुमान लगाया जा सकता है।
5 साल निवेश पर कर छूट का लाभ
- अगर आप टाइम डिपॉजिट योजना में 5 साल के लिए निवेश करते हैं, तो आयकर अधिनियम, 1961 की धारा 80सी के तहत कर छूट का लाभ मिल सकता है।
- इसके तहत ₹1.50 लाख तक के निवेश पर आयकर में छूट का दावा किया जा सकता है। यानी पात्र निवेश की रकम आपकी कुल सालाना आय से घटाई जा सकती है।
- ध्यान रखें कि यह लाभ तभी मिलता है, जब आप पुरानी आयकर व्यवस्था के तहत आयकर रिटर्न दाखिल करते हैं।
कौन खोल सकता है टाइम डिपॉजिट अकाउंट?
पोस्ट ऑफिस में इस खाते को अलग-अलग तरीके से खोला जा सकता है।