PPFAS म्यूचुअल फंड, जो अपने फ्लेक्सी कैप फंड के लिए जाना जाता है, जल्द ही एक नया फंड लॉन्च करने की तैयारी में है। यह नया फंड लार्जकैप कैटेगरी का होगा और इसकी रणनीति मौजूदा फंड से काफी अलग होगी। यह रूल बेस्ड और इंडेक्स सेंटर्ड पोर्टफोलियो का पालन करेगा। कंपनी का कहना है कि दोनों पेशकशें निवेशकों के अलग-अलग समूह को ध्यान में रखकर बनाई गई हैं।
नया फंड कैसे करेगा निवेश?
नया लार्जकैप फंड निफ्टी100 इंडेक्स के कंपोनेंट्स में इन्वेस्ट करेगा, लेकिन स्टॉक्स का वेटेज इंडेक्स से अलग होगा। यह फंड स्टॉक सेलेक्शन की बजाय पोजीशन के स्मार्ट एग्जीक्यूशन) के जरिए इंडेक्स से ज्यादा रिटर्न बनाने का लक्ष्य रखेगा। इसकी मुख्य रणनीति इंडेक्स और स्टॉक फ्यूचर्स में गलत प्राइसिंग, कंपनियों के मर्जर या डीमर्जर, और इंडेक्स की रीबैलेंसिंग से मिलने वाले अवसरों का फायदा उठाना होगी।
इंडेक्स फंड से क्या है भिन्नता?
यह नया फंड सामान्य इंडेक्स फंड की कमियों का लाभ उठाएगा। उदाहरण के लिए, जब इंडेक्स फंड अपनी रीबैलेंसिंग की घोषणा करते हैं, तो ट्रेडर्स और आर्बिट्रेजर्स इसका फायदा उठाते हैं। यह फंड जानबूझकर कम सक्रिय शेयर (लो एक्टिव शेयर) रखेगा। इसका मतलब है कि यह इंडेक्स के करीब रहेगा, लेकिन पूरी तरह से उसकी नकल नहीं करेगा।
इस ऑफर का एक्सपेंस रेशियो लगभग 10 से 30 बेसिस पॉइंट होगा जो काफी कम और पैसिव फंड्स के अनुरूप है। यह उन कंजर्वेटिव इन्वेस्टर्स के लिए उपयुक्त है, जो इंडेक्स जैसा रिटर्न चाहते हैं और फंड मैनेजर के एक्टिव डिसिजिंस पर निर्भर नहीं रहना चाहते।
क्या हैं इस फंड की चुनौतियां?
कुछ मार्केट एक्सपर्ट्स का सुझाव है कि निवेशकों को इस फंड के ट्रैक रिकॉर्ड बनने तक इंतजार करना चाहिए। उनकी राय है कि गलत प्राइसिंग यानी इंडेक्स रीबैलेंसिंग या मर्जर के मौके केवल रुक-रुक कर ही आते हैं। इससे फंड के लिए अतिरिक्त रिटर्न बनाने की विंडो काफी संकीर्ण हो जाती है। यह भी ध्यान देने वाली बात है कि PPFAS फ्लेक्सी कैप फंड में निवेश योग्य अवसरों की कमी के कारण अक्सर 20% से अधिक कैश पोजीशन रही है, जो काफी हाई है जबकि यह नया लार्ज कैप फंड का वादा है कि वह पूरा का पूरा पैसा निवेश में ही रखेगा।
Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है। मिंट हिंदी अपने पाठकों को किसी भी तरह का निवेश करने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से राय लेने का सुझाव देता है। आपके किसी भी निवेश या उसके परिणाम के लिए मिंट हिंदी बिल्कुल भी उत्तरदायी नहीं है।