Preity Zinta Real Estate: प्रीति जिंटा ने करोड़ों में बेचा अपना आलीशान घर, सिर्फ स्टांप ड्यूटी ही ₹1.11 करोड़

Preity Zinta Real Estate: बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने मुंबई के पाली हिल इलाके में स्थित अपना 1,770 वर्ग फीट का लग्जरी अपार्टमेंट 18.50 करोड़ में बेच दिया है। यह पिछले चार महीनों में उनकी दूसरी प्रॉपर्टी सेल है। रिपोर्ट्स के अनुसार वह अब मुंबई में नई प्रॉपर्टी में निवेश कर सकती हैं।

Priya Shandilya
अपडेटेड6 Mar 2026, 05:22 PM IST
प्रीति जिंटा ने करोड़ों में बेचा अपना आलीशान घर
प्रीति जिंटा ने करोड़ों में बेचा अपना आलीशान घर(Instagram)

Preity Zinta Real Estate: जब बॉलीवुड की डिंपल गर्ल प्रीति जिंटा की बात आती है, तो सिर्फ उनकी एक्टिंग ही नहीं, बल्कि उनकी बिजनेस समझ भी लोगों को हैरान कर देती है। फिल्मों से दूरी बनाने के बाद भी प्रीति लगातार सुर्खियों में बनी रहती हैं, कभी अपनी आईपीएल टीम 'पंजाब किंग्स' की वजह से, तो कभी रियल एस्टेट में अपने निवेश के कारण। मुंबई के पॉश इलाकों में जमीन-जायदाद खरीदना और सही वक्त पर उसे मुनाफे के साथ बेचना कोई उनसे सीखे। इन दिनों प्रीति फिर से चर्चा में हैं क्योंकि उन्होंने मुंबई के सबसे महंगे इलाकों में से एक, बांद्रा में अपना एक और आशियाना बेच दिया है।

18.50 करोड़ में बेचा अपार्टमेंट

मुंबई का पाली हिल इलाका अपनी लग्जरी और सेलिब्रिटी पड़ोसियों के लिए मशहूर है। यहीं स्थित रुस्तमजी परिश्रम बिल्डिंग की 11वीं मंजिल पर प्रीति जिंटा का एक शानदार अपार्टमेंट था। प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन दस्तावेजों के अनुसार प्रीति ने इस 1,770 स्क्वायर फीट के घर को 18.50 करोड़ में बेच दिया है।

1.11 करोड़ की स्टांप ड्यूटी

यह डील 2 मार्च 2026 को आधिकारिक रूप से रजिस्टर हुई। दस्तावेजों के मुताबिक इस प्रॉपर्टी को प्रिया नगर और राजीव नगर, जो भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक हैं, ने खरीदा है। इस लेन-देन में 1.11 करोड़ स्टांप ड्यूटी और करीब 30,000 रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान किया गया।

चार महीनों में दूसरी बड़ी डील

दिलचस्प बात यह है कि यह प्रीति जिंटा की पिछले चार महीनों में दूसरी प्रॉपर्टी सेल है। नवंबर 2025 में उन्होंने इसी बिल्डिंग के 11वें फ्लोर पर स्थित एक और फ्लैट 14.05 करोड़ में बेचा था। उस अपार्टमेंट का साइज लगभग 1,474 वर्ग फीट था। रिपोर्ट्स के अनुसार, अक्टूबर 2023 में यह फ्लैट करीब 17.01 करोड़ में खरीदा गया था। नवंबर 2025 में इसे 14.05 करोड़ में बेचा गया। यानी प्रीति जिंटा धीरे-धीरे अपनी प्रॉपर्टी पोर्टफोलियो को री-स्ट्रक्चर कर रही हैं।

बिल्डिंग री-डेवलपमेंट के बाद मिला नया फ्लैट

यह अपार्टमेंट प्रीति जिंटा को बिल्डिंग के री-डेवलपमेंट के बाद अलॉट किया गया था। CRE मैट्रिक्स के अनुसार सोसाइटी और डेवलपर के बीच हुए समझौते के तहत उन्हें परमानेंट ऑलटरनेट एकोमोडेशन के रूप में यह फ्लैट मिला था। यह समझौता 23 अक्टूबर 2023 को औपचारिक रूप से किया गया था। कई सालों से प्रीति जिंटा इस बिल्डिंग में प्रॉपर्टी रखती रही हैं।

पुरानी प्रॉपर्टी बेचकर नए महल की प्लानिंग?

मार्केट के जानकारों की मानें तो प्रीति ये छोटे अपार्टमेंट्स इसलिए बेच रही हैं क्योंकि वह बांद्रा में ही कुछ बहुत बड़ा प्लान कर रही हैं। दिसंबर 2025 की हिंदुस्तान टाइम्स रियल एस्टेट की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रीति मुंबई में करीब 100 करोड़ की कीमत वाली किसी नई प्रॉपर्टी में निवेश कर सकती हैं। अगर ऐसा होता है तो यह बॉलीवुड की बड़ी रियल एस्टेट डील्स में से एक हो सकती है।

बिजनेस में भी सुपरहिट हैं प्रीति

प्रीति जिंटा सिर्फ एक एक्ट्रेस नहीं, बल्कि एक मंझी हुई बिजनेसवुमन हैं। साल 2008 में उन्होंने पंजाब किंग्स (तब किंग्स इलेवन पंजाब) में करीब 35 करोड़ का निवेश किया था। आज उस टीम की वैल्यू $925 मिलियन (करीब 7,700 करोड़) के पार पहुंच चुकी है। टीम में प्रीति की हिस्सेदारी 23% है। इसके अलावा, वह विज्ञापनों से भी तगड़ी कमाई करती हैं। एक ब्रांड एंडोर्समेंट के लिए वह 1.5 से 2 करोड़ तक चार्ज करती हैं।

वह फिलहाल अपने पति जीन गुडइनफ के साथ अमेरिका के बेवर्ली हिल्स में रहती हैं, लेकिन मुंबई और अपने होमटाउन शिमला में उनकी प्रॉपर्टीज उनकी मजबूत जड़ों को दर्शाती हैं। उनके पास शिमला में भी 7 करोड़ का एक घर है।

युद्ध के माहौल से वापस भारत लौटीं

प्रॉपर्टी डील्स के बीच प्रीति ने सोशल मीडिया पर अपनी सुरक्षा को लेकर भी बात की। उन्होंने लिखा कि दुनिया भर के तनावपूर्ण माहौल के बीच वह मुंबई में होली मनाने और अपने परिवार के साथ सुरक्षित होने के लिए भगवान का शुक्रिया अदा करती हैं। उन्होंने उन लोगों के लिए भी दुआ की जो इस समय युद्ध और असुरक्षा के बीच फंसे हुए हैं।

बॉलीवुड में बढ़ रही प्रॉपर्टी डील्स

पिछले कुछ वर्षों में कई बॉलीवुड सितारे बड़ी रियल एस्टेट डील्स के कारण चर्चा में रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, अक्षय कुमार ने 2025 में 100 करोड़ से अधिक की कई प्रॉपर्टी बेचीं। अमिताभ बच्चन भी लगभग 100 करोड़ की प्रॉपर्टी डील को लेकर खबरों में रहे। इससे साफ है कि बॉलीवुड सितारे अब रियल एस्टेट निवेश को भी अपने वित्तीय पोर्टफोलियो का अहम हिस्सा बना रहे हैं।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होममनीPreity Zinta Real Estate: प्रीति जिंटा ने करोड़ों में बेचा अपना आलीशान घर, सिर्फ स्टांप ड्यूटी ही ₹1.11 करोड़
More
होममनीPreity Zinta Real Estate: प्रीति जिंटा ने करोड़ों में बेचा अपना आलीशान घर, सिर्फ स्टांप ड्यूटी ही ₹1.11 करोड़