UPI से लेनदेन में हुआ फर्जीवाड़ा तो होगी भरपाई, जानें कितना मुआवजा देने पर हो रहा है विचार

आरबीआई के विकासात्मक एवं नियामक नीतियों पर जारी बयान में ग्राहकों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव दिए गए हैं। इनमें छोटे मूल्य के धोखाधड़ी वाले लेनदेन के लिए प्रस्तावित मुआवजा देने की बात कही गई है जिसके लिए कानूनी और प्रक्रियात्मक ढांचा तैयार किया जाएगा।

Naveen Kumar Pandey
अपडेटेड6 Feb 2026, 11:57 AM IST
आरबीई गवर्नर संजय मल्होत्रा।
आरबीई गवर्नर संजय मल्होत्रा।

लोकप्रिय यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) से लेनदेन का चलन लगातार जोर पकड़ रहा है। सरकार ने मंगलवार को राज्यसभा को बताया था कि चालू वित्त वर्ष 2025-26 में दिसंबर तक यूपीआई से रिकॉर्ड 230 लाख करोड़ रुपये तक का लेनदेन हुआ है। लेकिन यूपीआई पेमेंट में धोखाधड़ी की घटनाएं भी बहुत ज्यादा हो रही हैं। ऐसे में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने यूपीआई फ्रॉड का शिकार होने पर आम लोगों को मुआवजा देने का प्रस्ताव रखा है। ताजा मौद्रिक नीति समीक्षा के बाद जारी वक्तव्य में आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने इसकी जानकारी दी।

धोखाधड़ी से हुए लेनदेन में कितना मिलेगा मुआवजा?

आरबीआई ने छोटे मूल्य के धोखाधड़ी वाले यूपीआई ट्रांजैक्शन में होने वाले नुकसान के लिए ग्राहकों को 25,000 रुपये तक का मुआवजा देने के लिए एक ढांचा पेश करने का प्रस्ताव दिया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्राहक सुरक्षा को सशक्त बनाना और अनधिकृत डिजिटल लेनदेन के प्रति ग्राहकों के जोखिम को कम करना है।

मुआवजे का ढांचा क्या हो, जारी होगा कंस्टलेशन पेपर

अनधिकृत इलेक्ट्रॉनिक बैंकिंग ट्रांजैक्शन में ग्राहकों की लायबिलिटी को सीमित करने के संबंध में मौजूदा निर्देश 2017 में जारी किए गए थे। बैंकिंग सेक्टर और पेमेंट सिस्टम्स में तकनीक के तेजी से अपनाए जाने के कारण इन निर्देशों की समीक्षा की गई है। अब प्रस्तावित मुआवजे के ढांचे सहित संशोधित निर्देशों का एक मसौदा जल्द ही परमार्श के लिए जारी किया जाएगा। आम लोग से लेकर विशेषज्ञ तक अपनी राय देकर बता सकेंगे कि मुआवजा की राशि कैसे तय की जाए।

यह भी पढ़ें | UPI Circle: क्या होता है यूपीआई सर्कल? इस फीचर को कैसे करें एक्टिवेट, जानिए

यूपीआई फ्रॉड रोकने के लिए इन उपायों पर भी विचार

इसके अतिरिक्त, डिजिटल भुगतान की सुरक्षा बढ़ाने के लिए आरबीआई एक डिस्कसन पेपर भी प्रकाशित करेगा। इसमें वरिष्ठ नागरिकों जैसे कुछ विशेष श्रेणियों के यूजर्स के लिए एडिशनल ऑथेंटिकेशन और लैग्ड क्रेडिट्स जैसे सुरक्षा उपायों पर विचार किया जा सकता है। गवर्नर ने यह भी स्पष्ट किया कि ग्राहक सुरक्षा के लिए तीन मसौदा दिशानिर्देश जारी किए जाएंगे, जो मिस-सेलिंग, लोन वसूली एजेंटों की नियुक्ति और अनधिकृत लेनदेन में ग्राहकों की लायबिलिटी को सीमित करने से संबंधित होंगे।

बढ़ रही है यूपीआई की लोकप्रियता

ध्यान रहे कि यूपीआई बहुत लोकप्रिय हो चुका है और इसका उपयोग लगातार बढ़ रहा है। वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधीर ने राज्यसभा को बताया था कि अप्रैल से दिसंबर 2025 के बीच रिकॉर्ड 230 लाख करोड़ रुपये तक का यूपीआई ट्रांजैक्शन हुआ है। उन्होंने कहा, 'घरेलू लेनदेन की बात करें तो वर्ष 2025-26 में दिसंबर तक कुल 230 लाख करोड़ रुपये का लेनदेन किया गया है, जबकि वर्ष 2022-23 में कुल लेनदेन 139 लाख करोड़ रुपये था।'

यह भी पढ़ें | लोन, यूपीआई, क्रेडिट स्कोर चेक के नाम पर फर्जीवाड़े की कोशिश को कैसे समझें

दुनिया के करीब आधे रियल टाइम ट्रांजैक्शन यूपीआई से

चौधरी ने यह भी जानकारी दी कि यूपीआई का विस्तार अब भारत के बाहर भी हो रहा है और मुद्रा रूपांतरण के बाद, संबंधित देशों के घरेलू कानूनों का पालन करते हुए, इसका उपयोग आठ देशों में किया जा रहा है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने एक लिखित उत्तर में बताया कि वर्तमान में यूपीआई के तहत आठ देशों-भूटान, फ्रांस, मॉरीशस, नेपाल, कतर, सिंगापुर, श्रीलंका और संयुक्त अरब अमीरात में लेनदेन हो रहा है। सीतारमण ने यह भी कहा कि एसीआई वर्ल्डवाइड की 2024 की रिपोर्ट के अनुसार, वैश्विक रियल-टाइम रिटेल भुगतान के कुल लेनदेन में यूपीआई की हिस्सेदारी लगभग 49 प्रतिशत है।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होममनीUPI से लेनदेन में हुआ फर्जीवाड़ा तो होगी भरपाई, जानें कितना मुआवजा देने पर हो रहा है विचार
More