जोश काफी नहीं! नौकरी छोड़कर बिजनेस शुरू करने की सोच रहे हैं? जानिए पहले कितनी सेविंग और प्लानिंग जरूरी

नौकरी छोड़कर अपना स्टार्टअप या खुद का बिजनेस शुरू करने का ख्याल आजकल कई लोगों के मन में आता है। बाहर से यह फैसला जितना रोमांचक लगता है, अंदर से उतना ही चुनौती भरा होता है।

Ashutosh Kumar
पब्लिश्ड8 Feb 2026, 01:57 PM IST
नौकरी छोड़कर बिजनेस शुरू
नौकरी छोड़कर बिजनेस शुरू(Livemint)

नौकरी छोड़कर अपना स्टार्टअप या खुद का बिजनेस शुरू करने का ख्याल आजकल कई लोगों के मन में आता है। बाहर से यह फैसला जितना रोमांचक लगता है, अंदर से उतना ही चुनौती भरा होता है। एक्सपर्ट्स कहते हैं कि सिर्फ आइडिया या जोश काफी नहीं होता, सबसे पहले अपनी पर्सनल फाइनेंस को संभालना जरूरी है। बेंगलुरु के इन्वेस्टमेंट एडवाइजर एन. रघु कुमार के मुताबिक, “अगर आप खुद आर्थिक तौर पर टिक नहीं पाए, तो बिजनेस भी नहीं चल पाएगा।” इसलिए नौकरी छोड़ने से पहले बिना सैलरी वाले दौर के लिए खुद को तैयार करना बेहद जरूरी है।

नौकरी छोड़ने से पहले पैसा जमा करें

सबसे पहला कदम होता है अपना “रनवे” बनाना, यानी इतना पैसा जमा करना कि बिजनेस से कमाई शुरू होने तक घर का खर्च आराम से चल सके। इसके लिए पहले अपने महीने के सभी खर्च गिनिए- घर का किराया, बच्चों की पढ़ाई, बीमा, ईएमआई और रोजमर्रा का खर्च। फिर यह अंदाजा लगाइए कि नए बिजनेस से पैसे आने में कितना वक्त लग सकता है। नोएडा के उद्यमी जुगल वाधवानी बताते हैं कि उन्होंने सोचा था छह महीने में कमाई शुरू हो जाएगी, लेकिन असल में पहला बड़ा सौदा मिलने में एक साल से ज्यादा लग गया। उनका साफ कहना है कि जितना खर्च और समय आप सोचते हैं, उसे दोगुना मानकर चलिए।

खर्च के मामले में भी सोच बदलनी जरूरी

इसके साथ ही सेफ्टी नेट बनाना भी उतना ही जरूरी है। नौकरी छोड़ने से पहले इमरजेंसी फंड जरूर रखें और हेल्थ इंश्योरेंस को कभी नजरअंदाज न करें। रघु कुमार कहते हैं कि एक बड़ी मेडिकल इमरजेंसी आपको दोबारा नौकरी ढूंढने पर मजबूर कर सकती है। खर्च के मामले में भी सोच बदलनी पड़ती है। नौकरी के दौरान जो लाइफस्टाइल होती है, वह बिजनेस के शुरुआती सालों में मुमकिन नहीं होती। घूमना-फिरना, बड़े शौक और फालतू खर्च कम करने पड़ते हैं और मन को यह समझाना होता है कि फिलहाल सब्र जरूरी है।

कर्ज को लेकर भी सतर्क रहें

कर्ज को लेकर भी सतर्क रहना चाहिए। कोशिश यही हो कि नौकरी छोड़ने से पहले लोन और क्रेडिट कार्ड का बोझ कम से कम हो। बिजनेस के लिए लोन लेना कभी-कभी सही हो सकता है, लेकिन यह फैसला भावनाओं में नहीं, सोच-समझकर करना चाहिए। साथ ही यह भी मानकर चलना चाहिए कि हर बिजनेस पहली बार में सफल नहीं होता। जरूरत पड़े तो साइड इनकम या प्लान-बी रखना समझदारी है। कुल मिलाकर, नौकरी छोड़कर उद्यमी बनने का फैसला एक मानसिक खेल भी है। इसमें धैर्य, अनुशासन और सही प्लानिंग ही आपको इस सफर में टिकाए रखती है।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़मनीजोश काफी नहीं! नौकरी छोड़कर बिजनेस शुरू करने की सोच रहे हैं? जानिए पहले कितनी सेविंग और प्लानिंग जरूरी
More
बिजनेस न्यूज़मनीजोश काफी नहीं! नौकरी छोड़कर बिजनेस शुरू करने की सोच रहे हैं? जानिए पहले कितनी सेविंग और प्लानिंग जरूरी