Ration Card: राशन कार्ड धारकों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। सरकार ने राशन कार्ड धारकों के लिए eKYC कराना जरूरी कर दिया है। सरकार ने साफ तौर पर कहा है कि राशन कार्ड में शामिल हर सदस्य का eKYC कराना बेहद जरूरी है। सिर्फ मुखिया का eKYC कराने से काम नहीं चलेगा। अगर ऐसा नहीं किया गया तो राशन कार्ड कैंसिल हो सकता है। इसके साथ ही फ्री में मिलने वाला गेंहू, चावल बंद हो जाएगा।
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (PMGKAY) के तहत गरीब वर्ग को सरकार की ओर से फ्री में राशन मुहैया कराया जाता है। ऐसे में जिन लोगों को फ्री में राशन मिलता है, उन्हें eKYC कराना जरूरी है। इस बारे में खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग (Department of Food & Public Distribution) की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह जानकारी दी गई है।
बिना eKYC के राशन कार्ड हो जाएगा कैंसिल
भारत सरकार के डिपार्टमेंट ऑफ फूड एंड पब्लिक डिस्ट्रीब्यूशन की ओर से कहा गया है कि पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत फ्री में राशन आपका अधिकार है और eKYC से आपका अधिकार सुरक्षित रहेगा। लिहाजा राशन कार्ड में दर्ज सभी सदस्यों का eKYC जरूर कराएं और भविष्य में होने वाली असुविधा से बचें। कुल मिलाकर अगर आप राशन कार्ड का eKYC नहीं कराते हैं तो यह कैंसिल हो सकता है। ऐसे में फ्री में जो राशन मुहैया कराया जाता है, वो मिलना बंद हो सकता है। अब सिर्फ परिवार के मुखिया का ही नहीं, बल्कि राशन कार्ड के सभी सदस्यों की आधार बेस्ड वेरीफिकेशन जरूरी है।
आखिर क्यों कराया जा रहा है eKYC
बता दें कि सरकार का मुख्य मकसद राशन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता लाना और सही लोगों तक राशन का लाभ पहुंचाना है। इसके लिए ई-केवाईसी एक महत्वपूर्ण कदम है। इस प्रक्रिया में राशन कार्ड धारक का आधार कार्ड से मिलान किया जाता है, जिससे यह सुनिश्चित होता है कि सही व्यक्ति को ही राशन का लाभ मिल रहा है।
जानिए क्या है पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (PMGKAY) की शुरुआत मार्च 2020 में कोविड-19 संकट के दौरान हुई थी, ताकि गरीबों और जरूरतमंदों को हर महीने फ्री में अनाज दिया जा सके। इस योजना को अब तक कई चरणों में विस्तार किया जा चुका है। मौजूदा समय में करीब 80.67 करोड़ पात्र लाभार्थियों को फ्री में राश मिल रहा है। इसमें गेहूं, चावल जैसी तमाम चीजें शामिल हैं। यह योजना राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के तहत 'एक राष्ट्र, एक राशन कार्ड' (ONORC) प्रणाली के जरिए पूरे देश में लागू है। ऐसे में लाभार्थी कहीं भी राशन ले सकते हैं। सरकार ने इस योजना को 1 जनवरी 2024 से अगले 5 वर्षों के लिए बढ़ा दिया है, यानी अब यह दिसंबर 2028 तक चलने वाली है।
ई-केवाईसी कैसे कराएं?
ई-केवाईसी कराने की प्रक्रिया काफी आसान है। आपको अपने नजदीकी राशन की दुकान पर जाना होगा। वहां राशन डीलर आपके आधार कार्ड की जानकारी लेगा और आपका बायोमेट्रिक डेटा (फिंगरप्रिंट) स्कैन करेगा। यह पूरी प्रक्रिया कुछ ही मिनटों में पूरी हो जाती है।
ई-केवाईसी क्या है?
ई-केवाईसी (इलेक्ट्रॉनिक नो योर कस्टमर) एक ऐसी प्रक्रिया है, जिसमें किसी व्यक्ति की पहचान इलेक्ट्रॉनिक तरीके से सत्यापित की जाती है। राशन कार्ड धारकों को अपने राशन कार्ड, आधार कार्ड के साथ जोड़ने होंगे।