RBI Repo Rate: देश के आम लोगों को जल्द ही एक बड़ी खुशखबरी मिलने की संभावना जताई जा रही है। अगर आप घर, कार खरीदने की तैयारी कर रहे हैं, तो इसके दाम सस्ते हो सकते हैं। इसकी वजह ये है कि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया फिर से रेपो रेट में कटौती कर सकता है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) 4 से 6 अगस्त तक होने वाली मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की बैठक में रेपो दर में 25 आधार अंकों (बीपीएस) की कटौती की घोषणा कर सकता है। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने अपनी एक रिपोर्ट में यह बात कही है। 6 अगस्त को पॉलिसी का ऐलान किया जाएगा।
बता दें कि इस साल में पहले ही RBI 3 बार अपने रेपो रेट में कटौती कर चुका है। पहले यह कटौती फरवरी में 25 बेसिस प्वाइंट की गई थी। वहीं अप्रैल में भी यह कटौती 25 बेसिस प्वाइंट की थी। जून में RBI ने रेपो रेट में 50 बेसिस प्वाइंट की कटौती की थी। ऐसे में अभी तक रेपो रेट में 1 फीसदी की कटौती हो गई है।
त्योहरों से पहले गुड न्यूज की संभावना
SBI रिसर्च की रिपोर्ट में कहा गया कि RBI MPC बैठक में रेपो रेट कम करके रिजर्व बैंक लोन लेने वाले लोगों को तोहफा दे सकता है। अगर यह रेट कट होता है तो इससे क्रेडिट ग्रोथ को वित्त वर्ष 26 के फेस्टिव सीजन शुरू होने से पहले बड़ा बूस्ट मिलेगा। रिपोर्ट में बताया गया कि ऐतिहासिक तौर पर जब भी फेस्टिव सीजन शुरू होने से पहले ब्याज दरों में कटौती की जाती है तो क्रेडिट ग्रोथ के बड़ा बूस्ट मिलता है।
अगर इस बार रेपो रेट में कटौती होती है, तो लोगों को त्योहार से पहले खुशखबरी मिलेगी और लोगों के लिए लोन लेना सस्ता हो जाएगा। वहीं रेपो रेट में कटौती होने से एफडी निवेशकों को नुकसान होगा।
रिपोर्ट में किए गए ये दावे
रिपोर्ट में कहा गया है कि अगस्त 2017 में रेपो रेट में 25 आधार अंक की कटौती की गई थी। इससे दिवाली के अंत तक 1,956 अरब रुपये की अतिरिक्त क्रेडिट वृद्धि हुई। इसमें पर्सनल लोन की करीब 30 फीसदी हिस्सेदारी थी। इसके साथ ही रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि दिवाली, भारत के सबसे बड़े त्योहारों में से एक है। ऐसे में इस मौके पर उपभोक्ता खर्च में वृद्धि दिखती, और दिवाली से पहले कम ब्याज दर का माहौल कर्ज मांग को बेहतर बनाने में मदद करता है।