Explained: EMI नहीं बढ़ेगी, सोने पर ज्यादा लोन मिलेगा; RBI की स्थिर दरों से आपका और क्या फायदा?

RBI MPC News: आरबीआई ने रेपो रेट 5.25% पर रोककर करोड़ों कर्जदारों को राहत दी है। होम लोन, कार लोन और बिजनेस लोन की EMI अभी नहीं बढ़ेगी। साथ ही सोने की ऊंची कीमतों ने गोल्ड लोन लेने वालों की कर्ज लेने की क्षमता भी बढ़ा दी है। जानिए आपकी जेब पर क्या असर।

Naveen Kumar Pandey
अपडेटेड5 Jun 2026, 08:14 PM IST
आम आदमी के लिए आरबीआई मौद्रिक नीति के क्या मायने? (सांकेतिक तस्वीर)
आम आदमी के लिए आरबीआई मौद्रिक नीति के क्या मायने? (सांकेतिक तस्वीर)

RBI MPC Analysis: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति आमतौर पर बड़े बैंकों और निवेशकों की चर्चा का विषय मानी जाती है। लेकिन आज के फैसले का सबसे सीधा असर उस आम आदमी पर पड़ना है जो हर महीने होम लोन की ईएमआई भरता है, छोटे कारोबार के लिए कर्ज लेता है, या मुश्किल वक्त में सोना गिरवी रखकर जरूरतें पूरी करता है। रेपो रेट 5.25% पर यथावत रहने से फिलहाल राहत है, लेकिन यह राहत कितनी देर टिकेगी, यह सवाल भी उतना ही अहम है।

होम लोन और कार लोन वाले अभी सुकून की सांस लें

होम लोन लेने वालों के लिए यह फैसला सीधे तौर पर राहत भरा है। फ्लोटिंग रेट लोन पर मासिक ईएमआई फिलहाल नहीं बदलेगी। 2025 में आरबीआई ने कुल 125 बेसिस पॉइंट्स की कटौती की थी, उसका फायदा अभी भी जारी है। 50 लाख रुपये के एक सामान्य होम लोन की ईएमआई अपने पीक लेवल से करीब 4,000 रुपये कम है।

इंडेल मनी (Indel Money) के कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (ED & CEO) उमेश मोहनन के मुताबिक, 'रेपो रेट में कोई बदलाव न होने से लेंडिंग रेट में स्थिरता आती है और यह उपभोग-आधारित अर्थव्यवस्था के लिए बेहद जरूरी है। उधार लेने वालों और देने वालों, दोनों को इस स्थिरता से भरोसा मिलता है।'

वहीं, मन्नपुरम फाइनैंस के चेयरमैन एवं महाप्रबंधक (CMD) वीपी नंदकुमार इसे छोटे कारोबारियों और स्व-रोजगार वालों के नजरिये से और भी जरूरी बताते हैं। उनका कहना है, 'जिन खुदार कर्जदारों, छोटे व्यापारियों और स्वरोजगार करने वाले लोगों के लिए ईएमआई का हिसाब-किताब ही उनकी वित्तीय योजना की नींव है, उनके लिए दर स्थिरता सबसे बड़ी राहत है।'

यह भी पढ़ें | 100 सामान जो देश में तुरंत बन सकते हैं, सरकार बनाएगी लिस्ट; डॉलर बचाने पर फोकस

सोना गिरवी रखकर लोन, अब ज्यादा मिलेगा

यह ऐसी बात है जिस पर बहुत कम चर्चा होती है। 2026 की शुरुआत में सोने की कीमत 1,60,540 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गई। यह 18% की उछाल थी। इसका सीधा फायदा गोल्ड लोन लेने वालों को मिलता है। आरबीआई का नियम है कि सोने की मौजूदा बाजार कीमत के 75% तक लोन दिया जा सकता है। जो गहना पहले 1 लाख रुपये का था, वह अब 1.18 लाख रुपये का हो गया, तो उसी गहने पर अब ज्यादा लोन मिलेगा।

उमेश मोहनन इसे एक 'व्यावहारिक वित्तीय विकल्प' बताते हैं। वो कहते हैं, 'सोने की ऊंची कीमतों से ग्राहकों को ज्यादा कर्ज मिलेगा। वही ऐसेट गिरवी रखने पर अब ज्यादा रकम मिलती है और दर स्थिरता से यह विकल्प और भी व्यावहारिक बन गया है।'

आंकड़े भी इस ट्रेंड की पुष्टि करते हैं। बीते वित्त वर्ष 2025-26 की दिसंबर तिमाही में गोल्ड लोन वितरण 94% बढ़कर 8.16 लाख करोड़ रुपये पहुंच गए। रेटिंग एजेंसी क्रिसिल (Crisil) का अनुमान है कि गोल्ड लोन NBFCs का कुल कर्ज पोर्टफोलियो (AUM) अगले दो साल में 40% चक्रवृद्धि दर से बढ़ेगी।

होम लोन की ईएमआई स्थिरता का असर सिर्फ मौजूदा कर्जदारों तक नहीं, बल्कि पूरे रीयल एस्टेट सेक्टर तक जाता है। अरण्य रीयल इस्टेट फंड एवडवाइजर्स के संस्थापक और सीईओ शरद मित्तल कहते हैं, 'रीयल इस्टेट जैसे लंबे निवेश चक्र वाले क्षेत्र के लिए दर स्थिरता सबसे अहम होती है। ब्याज दरों का मौजूदा वातावरण रीयल इस्टेट डेवलपर्स, होम बायर्स और इन्वेस्टर्स, तीनों को अनुमान लगाने की जगह देता है और सेक्टर के निरंतर विकास को सहारा देता है।'

यह भी पढ़ें | RBI ने रेट क्यों नहीं बदला? रुपया, महंगाई और युद्ध से जुड़े बड़े सवाल के जवाब

NBFC और कम सेवा-प्राप्त वर्ग नजरअंदाज न करें

बैंकों से लोन न पा सकने वाले लोगों के लिए गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियां (NBFCs) एकमात्र सहारा होती हैं। वीपी नंदकुमार के मुताबिक, 'आरबीआई का लिक्विडिटी और फाइनैंशियल सेक्टर स्टैबिलिटी पर ध्यान बनाए रखना कर्जदाताओं को अयोग्य और उभरते क्षेत्रों को कर्ज की जरूरतों को पर्याप्त रूप से पूरी करने में मदद करता है।'

एक्सिस सिक्यॉरिटीज के नवीन कुलकर्णी ने इस बात पर ध्यान दिलाया है कि पश्चिम एशिया युद्ध का असर MSMEs और वाहन खरीद के लिए कर्ज देने वालों पर चालू वित्त वर्ष की दूसरी छमाही (H2 FY27) में दिखना शुरू हो सकता है यानी छोटे कारोबारियों के लिए आगे चुनौती बढ़ सकती है।

आज राहत है पर आगे आशंका

रेपो रेट की यह स्थिरता उधार लेने वालों के लिए एक सुनहरा मौका है, नया लोन लेना हो या पुराने को रीफाइनैंस करना। लेकिन 5.1% महंगाई का बढ़ा हुआ अनुमान और वैश्विक दबाव यह संकेत दे रहे हैं कि साल के दूसरे हिस्से में दरें बढ़ सकती हैं। जो लोग फ्लोटिंग रेट लोन पर हैं, वे अभी फिक्स्ड रेट के विकल्प की तुलना जरूर करें।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होममनीExplained: EMI नहीं बढ़ेगी, सोने पर ज्यादा लोन मिलेगा; RBI की स्थिर दरों से आपका और क्या फायदा?
More