
Diwali Bonus: सरकार ने रेलवे सुरक्षा कर्मियों को दीवाली की उपहार दिया है। रेल मंत्रालय ने रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) और रेलवे प्रोटेक्शन स्पेशल फोर्स (RPSF) के ग्रुप 'सी' कर्मचारियों के लिए बोनस की घोषणा की है। कर्मचारियों को 30 दिनों के वेतन के बराबर राशि बोनस के रूप में मिलेगी। यह प्रदर्शन आधारित बोनस नहीं है। यानी बोनस पाने के लिए कर्मचारियों के काम की उत्पादकता, प्रदर्शन या किसी तय लक्ष्य को पूरा करने की शर्त नहीं होगी।
रेल मंत्रालय ने 2 नवंबर को इस संबंध में एक सर्कुलर जारी किया है जिसमें बोनस प्रपोजल को राष्ट्रपति से अनुमोदन मिलने की जानकारी दी गई है। बोनस की पात्रता के लिए अधिकतम वेतन की कोई सीमा भी नहीं होगी। लेकिन, बोनस की वास्तविक राशि की गणना करते समय कर्मचारी का वेतन अधिकतम 7,000 रुपये प्रति महीने ही माना जाएगा, भले ही उसका वास्तविक वेतन इससे ज्यादा हो।
7,000 रुपये या कर्मचारी का औसत मासिक वेतन, दोनों में जो कम है, उसी के आधार पर बोनस की गणना की जाएगी। मासिक औसत वेतन को महीने में औसत दिनों की संख्या 30.4 से विभाजित किया जाएगा। इससे एक दिन का बोनस अमाउंट निकलेगा। फिर इसे 30 से गुना करके जो रकम आएगी, वह बोनस के रूप में पेमेंट कर दिया जाएगा।
रेल मंत्रालय के सर्कुलर में बताया गया है कि जिन कर्मचारियों का औसत मासिक वेतन 7,000 रुपये से अधिक होगा, उसके लिए भी गणना का आधार 7,000 रुपये ही तय होगा। इस लिहाज से देखें तो बोनस की अधिकतम राशि ₹7,000 × 30/30.4 यानी 6,907.89 रुपये होगी।
सर्कुलर में बोनस की पात्रता की निम्नलिखित शर्तें रखी गई हैं।
1. जो कर्मचारी 31 मार्च, 2026 को नौकरी में था, वही बोनस पाने का हकदार होगा।
2. जिस कर्मचारी ने पिछले वित्त वर्ष 2025-26 में कम से छह महीने की लगातार सर्विस दी है।
3. जिन कर्मचारियों ने 6 महीने से लेकर एक साल से कम अवधि तक सेवा की है, उन्हें उनके सेवा काल के अनुपात में बोनस दिया जाएगा। यानी जितने महीने उन्होंने काम किया है, उसी हिसाब से बोनस की राशि तय होगी।
4. बोनस की पात्रता तय करने के लिए कर्मचारियों की सेवा अवधि की गणना महीनों के आधार पर की जाएगी। सेवा अवधि में अतिरिक्त दिनों को निकटतम महीने में राउंड ऑफ किया जाएगा।
5. RPF और RPSF के सभी ग्रुप 'C' कर्मचारी इस बोनस के पात्र होंगे। इसमें वर्दी पहनकर और बिना वर्दी के काम करने वाले कर्मचारियों के बीच कोई अंतर नहीं किया जाएगा। साथ ही, कर्मचारी की पोस्टिंग चाहे किसी भी स्थान पर हो, वह बोनस पाने का पात्र होगा।
अन्य श्रेणी के रेलवे कर्मचारियों को भी बोनस मिलेगा। मंत्रालय के सर्कुलर में इस बारे में स्पष्टीकरण दिया गया है।
अस्थायी कर्मचारी: जिन कर्मचारियों का चयन अस्थायी एड हॉक बेसिस पर हुआ है, उन्हें उसी सूरत में वेतन मिलेगा जब उन्होंने नौकरी से कभी ब्रेक नहीं ली हो और सर्विस में कम से कम छह महीने पूरे कर लिए हों।
31 मार्च 2026 से पहले रिटायर हुए या मृतक कर्मचारी: स्पेशल केस के तौर पर जो कर्मचारी 31 मार्च, 2026 से पहले रिटायर हो गए, स्वास्थ्य संबंधी समस्या के कारण नौकरी से हट गए या जिनकी मृत्यु हो गई, वो या उनका परिवार भी बोनस का हकदार होगा जिन्होंने सालभर में कम से कम छह महीने नौकरी में गुजारी थी।
डेप्युटेशन वाले कर्मचारी: राज्य सरकारों, केंद्रशासित प्रदेशों या पीएसयू में भेजे गए कर्मचारियों को रेल मंत्रालय से बोनस नहीं मिलेगा। वो जहां काम कर रहे हैं, उनके बोनस का जिम्मेदार वही हैं।
रिवर्स डेप्युटेशन वाले कर्मचारी: राज्य सरकारों, केंद्रशासित प्रदेशों के प्रशासनों या पीएसयू से रेल मंत्रालय के काम के लिए भेजे गए कर्मचारियों को बोनस दिया जाएगा। लेकिन एक शर्त यह है कि उन्होंने कभी डेप्युटेशन अलाउंस के अलावा कोई अतिरिक्त इंसेंटिव नहीं लिया हो और जिनके वास्तविक नियोक्ता को कोई आपत्ति नहीं हो।
छुट्टी पर गए कर्मचारी: हाफ-पे लीव, लीव नॉट ड्यू और स्टडी लीव पर बिताई गई अवधि को बोनस की पात्रता तय करने के लिए सेवा अवधि में शामिल किया जाएगा। हालांकि, एक्स्ट्राऑर्डिनरी लीव और 'डाइस नॉन' की अवधि को सेवा अवधि में नहीं गिना जाएगा।
सस्पेंशन काट रहे अधिकारी: निलंबित कर्मचारियों को मिलने वाले गुजारा भत्ते को बोनस की गणना के लिए वेतन या परिलब्धियों में शामिल नहीं किया जाएगा। ऐसे कर्मचारियों की बोनस पात्रता इस बात पर निर्भर करेगी कि उन्हें दोबारा सेवा में बहाल किया जाता है या नहीं और निलंबन की अवधि के लिए उन्हें वेतन या परिलब्धियां मिलती हैं या नहीं।
पार्ट टाइम एंप्लॉयीज: तय राशि के लिए पार्ट टाइम बेसिस पर काम कर रहे कर्मचारी बोनस का हकदार नहीं होंगे।
नोट: यह खबर लाइव मिंट की इस रिपोर्ट पर आधारित है।
Disclaimer: यह लेख सिर्फ जानकारी के लिए है। बोनस पेमेंट की ताजा सूचनाएं आधिकारिक वेबसाइट से लें।
टेलीवीजन की दुनिया से अखबार का संसार और अब डिजिटल वर्ल्ड। नवीन कुमार पाण्डेय पत्रकारिता की बहुआयामी विधाओं में 17 वर्ष से अधिक का अनुभव रखते हैं। प्रतिष्ठित दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में द्विवर्षीय पीजी डिप्लोमा की डिग्री लेकर वर्ष 2008 से पत्रकारिता की शुरू हुई यात्रा अनवरत जारी है। करियर के एक छोर पर नोएडा तो दूसरे पर दिल्ली है जबकि बीच में पटना और रांची का पड़ाव प्राप्त हुआ है। नवीन नोएडा, पटना, रांची, फिर नोएडा के विभिन्न मीडिया संस्थानों का हिस्सा रहने के बाद मिंट हिंदी से जुड़कर दिल्ली पहुंचे हैं। पूरे पत्रकारीय जीवन में डिजिटल मीडिया का अनुभव सबसे ज्यादा रहा है। पिछला संस्थान नवभारत टाइम्स ऑनलाइन रहा जिसका एक दशक से भी ज्यादा लंबा और बहुत सुहावना साथ रहा। एनबीटी में मेन डेस्क का हिस्सा रहते हुए राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर लंबे समय तक काम किया। बीच में तीन वर्ष बिजनेस सेक्शन को लीड करने में बीते। फिर एआई का दौर आया तो इकनॉमिक टाइम्स, टाइम्स ऑफ इंडिया और नवभारत टाइम्स की ओर से 5-5 सदस्यों की टीम बनाई गई। नवीन ने एनबीटी की टीम की अगुवाई करते हुए तीन वर्षों तक न्यूज रूम में एआई की उपयोगिता पर लंबा रिसर्च किया और कई प्रॉजेक्ट्स जमीन पर उतारे। इस दौरान उन्हें संस्था से इनोवेटिव माइंड का अवॉर्ड भी हासिल हुआ। हमेशा नयेपन की खोज में जुटे रहकर नवीन अपने नाम को सार्थक करने को आज भी प्रयासरत हैं। मिंट हिंदी का संपादकीय नेतृत्व करते हुए बिजनेस के विभिन्न आयामों को छूते हुए राजनीति, कानून, कूटनीति, अंतरराष्ट्रीय संबंध, अर्थव्यवस्था समेत विभिन्न विषयों पर लेख और विचार यहां प्रकाशित करते रहेंगे।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.