Sahara Refund Status: आवेदन में गलती होने पर कैसे सुधारें जानकारी? जानें स्टेप-बाय-स्टेप तरीका

सहारा ग्रुप की सहकारी समितियों में पैसा जमा करने वाले लोग CRCS-सहारा रिफंड पोर्टल पर अपने आवेदन का स्टेटस ऑनलाइन चेक कर सकते हैं। आवेदन में कमी होने पर री-सबमिशन पोर्टल से सुधार किया जा सकता है। सुप्रीम कोर्ट ने पात्र जमाकर्ताओं को रिफंड देने की समयसीमा 31 दिसंबर 2026 तक बढ़ाई है।

Manali Rastogi
पब्लिश्ड5 Nov 2026, 02:00 PM IST
Sahara Refund: सहारा निवेशकों के लिए जरूरी खबर, ऑनलाइन चेक करें आवेदन का स्टेटस, ऐसे मिलेगा पैसा
Sahara Refund: सहारा निवेशकों के लिए जरूरी खबर, ऑनलाइन चेक करें आवेदन का स्टेटस, ऐसे मिलेगा पैसा(AI-generated image)

सहारा ग्रुप की सहकारी समितियों में अपनी बचत जमा करने वाले जिन लोगों को अब तक पैसा वापस नहीं मिला है, वे घर बैठे अपने रिफंड आवेदन का स्टेटस ऑनलाइन चेक कर सकते हैं। इसके लिए केंद्रीय सहकारी समितियों के रजिस्ट्रार (CRCS) ने एक विशेष पोर्टल बनाया है।

इस पोर्टल पर आवेदक अपने आवेदन की स्थिति जान सकते हैं। अगर किसी आवेदन में कोई कमी पाई गई है या उसे दोबारा जमा करने के लिए वापस भेजा गया है, तो उसे ठीक करने की सुविधा भी उपलब्ध है।

सरकार ने सितंबर 2026 में CRCS-सहारा रिफंड पोर्टल को दोबारा शुरू किया था। सहकारिता मंत्रालय की 8 सितंबर 2026 की जानकारी के मुताबिक, अब तक 41,56,711 जमाकर्ताओं को 9,267 करोड़ रुपये वापस किए जा चुके थे। वहीं, करीब 20 लाख आवेदन अभी भी प्रक्रिया में थे।

ऐसे में जिन लोगों ने रिफंड के लिए आवेदन किया है, उन्हें यह जानना जरूरी है कि उनका दावा सत्यापित हुआ है या नहीं, किसी दस्तावेज की कमी तो नहीं है और बैंक खाते की जानकारी सही है या नहीं। आइए जानते हैं कि सहारा रिफंड का स्टेटस ऑनलाइन कैसे चेक कर सकते हैं और आवेदन में गलती होने पर क्या करना होगा।

सहारा रिफंड पोर्टल पर ऑनलाइन कैसे चेक करें आवेदन का स्टेटस?

जमाकर्ता CRCS-सहारा रिफंड पोर्टल के जरिए अपने आवेदन की स्थिति देख सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। यहां जमाकर्ता लॉगिन का विकल्प चुनें। इसके बाद आधार से जुड़े मोबाइल नंबर की मदद से लॉगिन करें और ओटीपी के जरिए सत्यापन पूरा करें।

लॉगिन करने के बाद पोर्टल पर दिए गए निर्देशों का पालन करें। यहां आप अपने जमा किए गए आवेदन का स्टेटस देख सकते हैं। अगर आवेदन में किसी दस्तावेज की कमी है या कोई दूसरी जानकारी गलत है, तो उससे जुड़ा संदेश भी दिखाई दे सकता है।

आवेदन का स्टेटस चेक करने से पहले अपना आधार कार्ड, आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर, जमा राशि की रसीद या प्रमाणपत्र और आवेदन की पावती अपने पास रखें।

दरअसल, पोर्टल पर जमाकर्ता की पहचान, सदस्यता और बैंक खाते की जानकारी का मिलान संबंधित सहकारी समितियों के रिकॉर्ड से किया जाता है। जमा प्रमाणपत्र, रसीद और अन्य जरूरी दस्तावेजों की भी जांच होती है। सिर्फ आवेदन जमा कर देने से रिफंड मंजूर नहीं हो जाता। पैसा तभी मिलता है, जब सभी जानकारियों का सफलतापूर्वक सत्यापन हो जाता है।

आधार कार्ड से कैसे चेक करें सहारा रिफंड का स्टेटस?

सहारा रिफंड की प्रक्रिया में आधार कार्ड की अहम भूमिका है। हालांकि, आधार का सत्यापन और रिफंड के आवेदन का पूरा स्टेटस चेक करना दोनों अलग-अलग चीजें हैं।

पोर्टल पर आधार आधारित ई-केवाईसी की जाती है। इसके लिए आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर ओटीपी भेजा जाता है। इसके अलावा जमाकर्ता का बैंक खाता भी आधार से जुड़ा होना जरूरी है।

आवेदन सफलतापूर्वक सत्यापित होने के बाद पात्र जमाकर्ता को रिफंड की रकम सीधे उसके आधार से जुड़े बैंक खाते में भेजी जाती है। इसलिए यह सुनिश्चित कर लें कि आपका आधार सही बैंक खाते से जुड़ा है और वह खाता चालू है।

अगर आपका आवेदन मंजूर हो चुका है, लेकिन खाते में पैसा नहीं आया है, तो तुरंत नया आवेदन करने के बजाय पहले पोर्टल पर भुगतान से जुड़ी जानकारी और बैंक खाते का विवरण चेक करें।

सहारा रिफंड आवेदन में गलती होने पर कैसे करें सुधार?

अगर CRCS-सहारा रिफंड पोर्टल पर आपके आवेदन में कोई कमी बताई गई है, तो उसे ठीक करना जरूरी है। इसके लिए सरकार ने अलग से सहारा रिफंड री-सबमिशन पोर्टल की सुविधा दी है।

इसके लिए सबसे पहले https://mocresubmit.crcs.gov.in वेबसाइट पर जाएं। यहां मांगी गई जानकारी और जरूरी सत्यापन के जरिए लॉगिन करें। इसके बाद अपने पुराने आवेदन में बताई गई कमियों को देखें। अगर कोई जानकारी गलत है या दस्तावेज अधूरा है, तो उसे ठीक करें और मांगे गए दस्तावेज अपलोड करें।

आवेदन में सुधार करने के बाद सभी जानकारियों को एक बार फिर ध्यान से जांच लें। इसके बाद संशोधित आवेदन जमा करें और उसकी पावती अपने पास सुरक्षित रख लें।

ध्यान रखें कि री-सबमिशन पोर्टल का इस्तेमाल केवल उन्हीं आवेदनों में सुधार के लिए किया जाता है, जिनमें कोई कमी बताकर उन्हें दोबारा जमा करने के लिए कहा गया है। इसे नया रिफंड आवेदन करने की सुविधा न समझें।

सहकारिता मंत्रालय ने भी स्पष्ट किया है कि नए आवेदन के लिए मूल CRCS-सहारा रिफंड पोर्टल और पहले से जमा आवेदन में सुधार के लिए री-सबमिशन पोर्टल का इस्तेमाल करना चाहिए।

किन लोगों को मिलेगा सहारा रिफंड का पैसा?

CRCS-सहारा रिफंड की सुविधा चार सहकारी समितियों के जमाकर्ताओं के लिए उपलब्ध है। इनमें सहारा क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड, लखनऊ, सहारायन यूनिवर्सल मल्टीपर्पज सोसाइटी लिमिटेड, भोपाल, हमारा इंडिया क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड, कोलकाता और स्टार्स मल्टीपर्पज कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड, हैदराबाद शामिल हैं।

रिफंड पाने के लिए जमाकर्ताओं के पास अपनी पहचान और जमा राशि का वैध प्रमाण होना चाहिए। इसके लिए निर्धारित जमा प्रमाणपत्र या रसीद देनी होगी। नियमों के मुताबिक, वही जमा राशि इस सुविधा के तहत पात्र होगी जो 31 मार्च 2023 तक परिपक्व हो चुकी थी, लेकिन उसका भुगतान नहीं हुआ था। सभी दावों की संबंधित सहकारी समितियों के रिकॉर्ड से जांच की जाएगी।

सुप्रीम कोर्ट ने असली जमाकर्ताओं को रिफंड देने की समयसीमा बढ़ाकर 31 दिसंबर 2026 कर दी है। हालांकि, यह रिफंड बांटने की समयसीमा है। इसे आवेदन जमा करने की आखिरी तारीख नहीं समझना चाहिए।

पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन और कागज रहित है। जमाकर्ताओं को केवल आधिकारिक CRCS-सहारा रिफंड पोर्टल और री-सबमिशन पोर्टल का ही इस्तेमाल करना चाहिए। इन दोनों सुविधाओं का उपयोग मुफ्त है। किसी ऐसे एजेंट के झांसे में न आएं, जो पैसे वापस दिलाने की गारंटी देता हो। किसी अनजान व्यक्ति के साथ आधार ओटीपी या बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी भी साझा न करें।

About the Author

मनाली रस्तोगी मीडिया जगत की एक समर्पित और अनुभवी लेखिका हैं, जो पिछले 8 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रूप से काम कर रही हैं। उन्होंने वर्ष 2019 में लखनऊ यूनिवर्सिटी से मास्टर्स इन जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई पूरी की। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने मीडिया की दुनिया को समझना और लेखन के प्रति अपनी रुचि को मजबूत करना शुरू कर दिया था। अपनी प्रोफेशनल यात्रा की शुरुआत उन्होंने वैसे तो ग्रेजुएशन के समय लखनऊ से कर दी थी, लेकिन उनके करियर को नया आयाम दिल्ली में लोकमत ग्रुप के साथ मिला, जहां उन्होंने करीब 2 साल 10 महीने तक काम किया और इस दौरान उन्होंने खबरों की गहराई को समझने और पाठकों तक सही और उपयोगी जानकारी पहुंचाने का अनुभव हासिल किया। इसके बाद उन्होंने टीवी9 भारतवर्ष के साथ बतौर फ्रीलांसर काम किया, जहां उन्होंने लाइफस्टाइल सेक्शन में काम कर अपनी लेखन शैली और अनुभव को और मजबूत बनाया। वर्तमान में मनाली रस्तोगी लाइव मिंट हिंदी के साथ जुड़ी हुई हैं, जहां उन्हें काम करते हुए लगभग 10 महीने हो चुके हैं। यहां वह मुख्य रूप से एंटरटेनमेंट और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लिखती हैं, साथ ही पर्सनल फाइनेंस जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी आसान और समझने योग्य भाषा में जानकारी साझा करती हैं। उनका उद्देश्य पाठकों को ऐसी जानकारी देना है, जो उनके दैनिक जीवन में उपयोगी साबित हो और उन्हें सही फैसले लेने में मदद करे। मनाली सरल, स्पष्ट और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में लिखना पसंद करती हैं। काम के अलावा मनाली को अपने खाली समय में स्विमिंग करना, नई जगहों पर घूमना और फिल्में देखना बेहद पसंद है। उन्हें अपने घर को बजट फ्रेंडली तरीके से सजाना भी अच्छा लगता है, जिससे उन्हें रचनात्मक संतुष्टि मिलती है। मनाली दिल्ली में रहती हैं।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होममनीSahara Refund Status: आवेदन में गलती होने पर कैसे सुधारें जानकारी? जानें स्टेप-बाय-स्टेप तरीका
More