SBI News: भारतीय स्टेट बैंक (SBI) अगले वर्ष 2026 तक 6,500 लोगों की भर्तियां करेगा। एसबीआई ने शाखाओं में आने वाले अपने ग्राहकों को कम लागत वाले डिजिटल बैंकिंग माध्यमों की ओर ले जाने के लिए एक केंद्रित परियोजना शुरू की है। बैंक ने सोमवार को YONO ऐप का 2.0 संस्करण लॉन्च किया, जो आठ साल पहले 2017 में ऐप लॉन्च होने के बाद आया है।
एसबीआई का योनो 2.0 वर्जन लॉन्च
एसबीआई अपने ग्राहकों को डिजिटल बैंकिंग ऐप पर ट्रांसफर करने में मदद करने के लिए अपनी सहायक कंपनी एसबीआई पेमेंट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड से कुल 10,000 लोगों को नियुक्त करेगा। अभी 3,500 लोग इस काम में लगे हुए हैं।
एसबीआई में मार्च तक 6,500 भर्तियां
योनो के नए वर्जन की पेशकश के मौके पर एसबीआई के चेयरमैन सीएस शेट्टी ने कहा कि बैंक ने एक पहल शुरू की है, जिसके तहत शाखाओं में विशेष कार्यकारी ग्राहकों को डिजिटल माध्यम अपनाने में मदद कर रहे हैं। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘इस समय शाखाओं में हमारे पास 3,500 कार्यकारी ग्राहक सहायता के लिए हैं और 31 मार्च, 2026 तक इनकी संख्या बढ़ाकर 10,000 कर दी जाएगी।’
योनो ऐप से यूपीआई पेमेंट प्लैटफॉर्म्स को मिलेगी टक्कर
उन्होंने बताया कि इस प्रॉजेक्ट का संचालन बैंक की एक अनुषंगी कंपनी कर रही है और इसी के तहत नए कर्मचारियों की भर्ती की जा रही है। बैंक के चेयरमैन ने कहा कि 'योनो 2.0' के नए वर्जन के साथ एसबीआई का लक्ष्य गूगल पे और फोनपे जैसे बड़े पेमेंट प्लेटफॉर्म्स को चुनौती देना है। उन्होंने यह भी बताया कि मोबाइल, टैबलेट और डेस्कटॉप पर काम करने वाले इस एडिशन का इस्तेमाल अन्य बैंकों के ग्राहक भी कर सकते हैं।
योनो के 20 करोड़ ग्राहक बनाने की योजना
इस समय एसबीआई के 50 करोड़ से अधिक ग्राहकों में 9.60 करोड़ ग्राहक योनो का उपयोग कर रहे हैं और बैंक का लक्ष्य इस प्लेटफॉर्म पर 20 करोड़ ग्राहकों को जोड़ने का है। शेट्टी ने कहा कि नए रूप में तैयार किया गया यह ऐप बैंक को पहले की तुलना में दसवें हिस्से की लागत पर नया ग्राहक जोड़ने में सक्षम बनाता है। उन्होंने बताया कि बैंक प्रतिदिन 70 हजार खाते खोलता है और अब वह इस काम का 90 प्रतिशत हिस्सा योनो के माध्यम से करना चाहता है।
15 भारतीय भाषाओं में आएगा योनो ऐप
उन्होंने कहा कि मौजूदा सभी योनो यूजर्स को चरणबद्ध तरीके से नया संस्करण उपलब्ध कराया जाएगा और तय समय के भीतर सभी ग्राहक बिना किसी बाधा के नए संस्करण पर आ जाएंगे। शेट्टी ने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल योनो मंच से आय अर्जित करने की कोई योजना नहीं है।
शेट्टी ने कहा कि ऐप का उपयोग 15 भारतीय भाषाओं में किया जाएगा, जिसकी शुरुआत हिंदी और अंग्रेजी से होगी, जो पहले से ही लाइव हैं। उन्होंने कहा कि बैंक ने 2 लाख करोड़ रुपये का डिजिटल लोन बुक जमा किया है, जिसे वह नए ऐप के माध्यम से विस्तारित करने की योजना बना रहा है।