स्टॉक मार्केट रेगुलेटर SEBI ने फिनइन्फ्लुएंसर अवधूत साठे, उनकी पत्नी गौरवी साठे और अवधूत साठे ट्रेडिंग अकादमी (ASTAPL) के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 546.16 करोड़ रुपए की कथित अवैध कमाई को जब्त करने का निर्देश दिया है। SEBI ने अपने एक्स-पार्टी इंटरिम आदेश में कहा कि यह राशि 15 दिनों के भीतर फिक्स्ड डिपॉजिट में जमा कराई जाए और उस पर SEBI के पक्ष में लियन मार्क किया जाए। आरोप है कि साठे की अकादमी ने ऐसे वीडियो और विज्ञापन फैलाए, जिनमें दावा किया गया था कि उनके कोर्स से छात्रों को असाधारण मुनाफे हुए। SEBI की जांच में खुलासा हुआ कि 186 में से 121 छात्रों को कोर्स के छह महीने बाद नुकसान हुआ, जो विज्ञापित दावों के बिल्कुल उलट था।
फर्जी दावों और लाइव ट्रेडिंग पर प्रतिबंध
SEBI ने पाया कि प्रशासनिक चेतावनी मिलने के बावजूद भी ASTAPL भ्रामक दावे फैलाता रहा। जांच में सामने आया कि व्हाट्सएप ग्रुपों में शेयर रिकमेंडेशन और लाइव मार्केट डेटा का उपयोग खुद अवधूत साठे ही कर रहे थे। SEBI ने साफ कहा कि कंपनी द्वारा किया गया मार्गदर्शन वास्तव में अनरजिस्टर्ड इन्वेस्टमेंट एडवाइज़री है, जो नियमों का गंभीर उल्लंघन है। इसी आधार पर SEBI ने साठे, उनकी पत्नी और ASTAPL को सिक्योरिटीज मार्केट में प्रवेश, खरीद-फरोख्त या किसी भी प्रकार की सलाह देने से प्रतिबंधित कर दिया है। साथ ही निर्देश दिया गया कि वे किसी भी प्लेटफॉर्म पर स्टॉक विश्लेषण, लाइव ट्रेडिंग, स्टॉक-संबंधी गाइडेंस या प्रदर्शन के दावे प्रकाशित नहीं करेंगे।
अवधूत साठे बाजार से बाहर और फंड फ्रीज
SEBI ने कहा कि नोटिसी किसी भी तरह निवेशकों की रकम को न तो डायवर्ट कर सकते हैं और न ही खर्च कर सकते हैं; सारी संदिग्ध राशि को एस्क्रो खाते में रखना होगा। SEBI ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि वे शैक्षणिक गतिविधियां करना चाहते हैं, तो उन्हें पूरी तरह सिक्योरिटीज कानूनों का पालन करना होगा। अवधूत साठे की मार्केट में बड़ी फैन फॉलोइंग है; YouTube पर 9.3 लाख से अधिक सब्सक्राइबर्स और करजात स्थित गुरुकुल में ट्रेडिंग प्रशिक्षण के लिए बड़ी संख्या में लोग आते रहे हैं। अब SEBI के भारी प्रतिबंधों के बाद उनकी पूरी व्यवस्था सवालों के घेरे में है और आगे की कार्रवाई मामले की गहराई पर निर्भर करेगी।
कौन हैं अवधूत साठे?
देश के एक मशहूर फिनइन्फ्लुएंसर अवधूत साठे, अवधूत साठे ट्रेडिंग एकेडमी (ASTA) के फाउंडर हैं। वो ट्रेडिंग और इन्वेस्टिंग से जुड़े कोर्स बेचते हैं। साठे की एकेडमी 2017 के लॉन्च हुई थी और बाद में ये बड़ी एंटिटी बनाई गई। अवधूत साठे की एकेडमी में इंट्रो सेशन से लेकर हाई एंड मेंटरशिप तक कई तरह के कोर्स दिए जाते हैं। इसके अलावा YouTube पर 9.3 लाख से अधिक सब्सक्राइबर्स हैं। हालांकि अब अवधूत साठे का भविष्य अंधकार में है। सेबी ने उन्हें अपने कारण बताओ नोटिस का जवाब देने के लिए 21 दिन का समय दिया है। लेकिन अगर वो इन आरोपों को गलत साबित नहीं कर पाते हैं, तो उनके खिलाफ फाइनल ऑर्डर जारी किया जाएगा।