Silver-Gold Price Crash: लगातार ऊंचे स्तरों के बाद सर्राफा बाजार में आई अचानक तेज गिरावट ने निवेशकों को चौंका दिया है। रविवार को चांदी और सोने की कीमतों में जोरदार गिरावट देखने को मिली। ऊंचे दामों पर मुनाफावसूली के चलते बिकवाली बढ़ी, जिसका सीधा असर कीमतों पर पड़ा। हालात ऐसे रहे कि चांदी में निचला सर्किट लग गया, जबकि सोना भी अपने रिकॉर्ड स्तर से काफी नीचे आ गया।
चांदी की कीमतें: दो दिन में 33% से ज्यादा गिरावट
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में मार्च महीने में डिलिवरी वाली चांदी की कीमत रविवार को करीब 26,273 रुपये यानी 9 फीसदी टूटकर 2.65 लाख रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। कारोबार के दौरान चांदी निचले सर्किट पर बंद हुई। इससे एक दिन पहले भी इसमें करीब 27 फीसदी की भारी गिरावट दर्ज की गई थी। महज दो कारोबारी दिनों में चांदी की कीमत 1,34,241 रुपये, या 33.6 प्रतिशत गिर गई है। जबकि साप्ताहिक आधार पर, चांदी 23 जनवरी को दर्ज 3,34,699 रुपये प्रति किलोग्राम से 69,047 रुपये, या लगभग 21 प्रतिशत गिर गई है।
सोने के दाम भी जोरदार फिसले
सोने की कीमतों में भी जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिला। रविवार को कारोबार की शुरुआत में ही अप्रैल डिलिवरी वाला सोना शुरुआती कारोबार में 9% गिरकर 1,38,634 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया और निचले सर्किट तक पहुंच गया। बाद में कुछ सुधार जरूर हुआ, लेकिन फिर भी सोना करीब 3 फीसदी या 4,241 रुपये की गिरावट के साथ गिरकर 1.48 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास बंद हुआ।
कुछ ही दिन पहले गुरुवार को सोना 1.93 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा था, जहां से अब इसमें करीब 20 फीसदी की गिरावट आ चुकी है।
एक्सपर्ट्स की राय
जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज के प्रणव मेर के मुताबिक, सर्राफा बाजार में यह गिरावट बहुत तेज रफ्तार से आई है। उनका कहना है कि घरेलू बाजार में भारी बिकवाली के कारण सोना अपने ऑल-टाइम हाई से करीब 20 फीसदी और चांदी लगभग 37 फीसदी नीचे आ चुकी है। आने वाले कुछ दिनों में कीमतों में और उतार-चढ़ाव संभव है, जिसके बाद बाजार थोड़ा स्थिर हो सकता है।
ग्लोबल मार्केट का दबाव
रविवार को अंतरराष्ट्रीय फ्यूचर मार्केट बंद रहे, लेकिन शुक्रवार को वहां भी गिरावट ज्यादा गंभीर रही। कॉमेक्स पर अप्रैल माह में डिलिवरी वाला सोना 5,626 डॉलर प्रति औंस से गिरकर 4,763 डॉलर पर बंद हुआ। चांदी भी 121 डॉलर से गिरकर 78 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। फेडरल रिजर्व चेयरमैन जेरोम पॉवेल के ब्याज दर न घटाने के संकेत और मजबूत डॉलर ने कीमतों पर दबाव डाला। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पूर्व फेडरल गवर्नर केविन वार्श को अगला फेड चेयरमैन के लिए नामित किया।
सर्राफा बाजार इस वक्त तेज उतार-चढ़ाव के दौर से गुजर रहा है। ऊंचे दामों के बाद आई इस बड़ी गिरावट ने निवेशकों को सतर्क कर दिया है। आने वाले दिनों में कीमतों में और हलचल के बाद बाजार के संभलने की उम्मीद जताई जा रही है।