
Silver Rate Today 26 Feb 2026: घरेलू कमोडिटी बाजार में गुरुवार को चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की जा रही है। यह अपने पिछले बंद भाव से लगभग 6,000 रुपये प्रति किलो की गिरावट के साथ ट्रेड कर रही है। इस गिरावट के पीछे की वजह अमेरिका-ईरान के बीच आज शुरू होने वाली परमाणु वार्ता को माना जा रहा है। दोनों देशों के बीच बातचीत के बाद कोई हल निकलने और तनाव कम होने की उम्मीद जताई जा रही है।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर मार्च की कॉन्ट्रैक्ट डिलीवरी वाली चांदी लगभग 2% या 5804 रुपये लुढ़ककर 272560 रुपये के स्तर पर आ गई। वहीं, बीते कल यानी बुधवार को कीमतों में उछाल दर्ज किया गया था। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी स्पॉट चांदी की कीमत पिछले ट्रेडिंग सेशन में तीन सप्ताह के हाई लेवल पर पहुंचने के बाद 0.6% गिरकर 88.84 डॉलर प्रति औंस हो गई।
वहीं, MCX पर अप्रैल की कॉन्ट्रैक्ट डिलीवरी वाले सोने के भाव में मामूली गिरावट दर्ज की जा रही है। यह 629 रुपये या 0.4% टूटकर 160516 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर कारोबार कर रहा है। लेकिन, ग्लोबल मार्केट में स्पॉट गोल्ड अभी भी 5,200 डॉलर प्रति औंस के साइकोलॉजिकल लेवल के करीब ही ट्रेड कर रहा है। पिछले 6 कारोबारी सत्रों में सोने की कीमतों में 6% की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी।
दरअसल, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका और ईरान के बीच जिनेवा में आज एक महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। लंबे समय से चल रहे परमाणु विवाद और खाड़ी क्षेत्र में बढ़ती सैन्य तैनाती के बीच बाजार के लिए राहत भरी खबर आई है। जब भी दो देशों के बीच तनाव कम होता है, तो निवेशक सुरक्षित निवेश से पैसा निकालकर जोखिम वाली संपत्तियों में लगाने लगते हैं। यही कारण है कि चांदी की कीमतों में गिरावट आई है।
कमोडिटी मार्केट में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट के साथ-साथ प्लेटिनम और पैलेडियम में भी मुनाफावसूली देखी गई। स्पॉट प्लेटिनम 0.5% गिरकर 2,274.16 डॉलर पर आ गया, जबकि पैलेडियम में 1.4% की बड़ी गिरावट दर्ज की गई और यह 1,770.05 डॉलर के स्तर पर पहुंच गया। इससे पहले, बुधवार को इन दोनों धातुओं की कीमत अपनी तीन सप्ताह के उच्चतम स्तर पर थीं।
बता दें कि आज शाम को अमेरिकी बेरोजगारी के आंकड़ें सामने आने वाले हैं। यह बाजार के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। इन डेटा से अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मॉनिटरी पॉलिसी को लेकर आगे का रुख पता चलेगा। अगर अमेरिकी बेरोजगारी के आंकड़ें उम्मीद से अलग आते हैं, तो डॉलर की मजबूती और ब्याज दरों पर इसका सीधा असर होगा।
Augmont की रिसर्च हेड रेनिशा चैनानी ने कहा कि चांदी ने अपने टार्गेट 85 डॉलर यानी लगभग 2,60,000 रुपये प्रति किलो को हासिल कर लिया है। अब भाव धीरे-धीरे अगले रेजिस्टेंस लेवल 90 डॉलर यानी लगभग 2,69,000 रुपये और 92 डॉलर यानी करीब 2,75,000 रुपये की ओर बढ़ रहा हैं। वहीं, सोना 5,200 डॉलर या 1,61,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के टार्गेट को पार कर चुका है। यह टेक्निकल ब्रेकआउट तेजी का संकते है। अब कीमतें अगले रेजिस्टेंस जोन 5,300 डॉलर या लगभग 1,64,000 रुपये और 5,400 डॉलर या करीब 1,67,000 रुपये की तरफ जा सकती हैं।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है। ऊपर दिए गए विचार और सिफारिशें, व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.