Silver Price Today: घरेलू कमोडिटी मार्केट में सोमवार को बड़ी हलचल देखने को मिली। आज के कारोबार में चांदी की कीमत पहली बार 3 लाख रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी ₹3,00,000 प्रति किलोग्राम के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार करते हुए एक नया इतिहास रच दिया है। ग्लोबल लेवल पर बढ़ते जियो-पॉलिटिकल टेंशन और सुरक्षित निवेश की बढ़ती डिमांड ने सफेद धातु की चमक को बढ़ा दिया। अगर आप आने वाले समय में गहने खरीदने या निवेश करने की योजना बना रहे थे, तो बाज़ार की यह नई चाल आपकी जेब पर भारी पड़ने वाली है।
इस वजह से चांदी की कीमतों में रैली
चांदी की कीमतों में आई इस अचानक रैली के पीछे कोई घरेलू कारण नहीं है, बल्कि सात समंदर पार से उठ रहा एक राजनीतिक तूफान है। दरअसल, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की तरफ से ग्रीनलैंड को खरीदने की जिद ने एक नया अंतरराष्ट्रीय विवाद खड़ा कर दिया है। ट्रम्प ने शनिवार को धमकी दी थी कि अगर यूरोपीय सहयोगी देश अमेरिका को ग्रीनलैंड का अधिकार नहीं सौंपते हैं, तो वह यूरोप पर भारी टैरिफ लगा देंगे।
EU ने शुरू की जवाबी कार्रवाई की तैयारी
इस बयान के बाद यूरोपीय संघ (EU) ने भी कड़े तेवर अपना लिए हैं। यूरोपीय संघ ने जवाबी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। ऐसे में ट्रेड वॉर की आशंका ने निवेशकों के मन में डर पैदा कर दिया है। जब भी दुनिया में अस्थिरता का माहौल होता है, तो लोग शेयर बाजार और डॉलर से पैसा निकालकर सोना-चांदी जैसी सुरक्षित संपत्तियों में लगाने लगते हैं। यही कारण है कि आज अमेरिकी स्टॉक फ्यूचर्स और डॉलर में गिरावट देखी गई, जबकि चांदी की कीमतों ने आसमान छू लिया।