Sovereign Gold Bond Redemption 9 February 2026: सोने में निवेश करने वालों के लिए यह खबर किसी खुशखबरी से कम नहीं है। अगर आपने साल 2021 में सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (SGB) खरीदा था और प्रीमैच्योर रिडेम्पशन का इंतजार कर रहे थे, तो अब रिजर्व बैंक की नई घोषणा आपके चेहरे पर मुस्कान ला सकती है। भारतीय रिजर्व बैंक ने SGB 2020-21 Series-XI के लिए प्रीमैच्योर रिडेम्पशन प्राइस घोषित कर दिया है।
5 साल बाद मिला बाहर निकलने का मौका
आरबीआई ने बताया है कि SGB 2020-21 Series-XI (जारी तिथि 9 फरवरी 2021) के लिए प्रीमैच्योर रिडेम्पशन की अनुमति दी जा रही है। वैसे तो हर SGB की मैच्योरिटी 8 साल की होती है, लेकिन नियमों के मुताबिक 5 साल पूरे होने के बाद तय ब्याज तिथियों पर निवेशक समय से पहले भी बॉन्ड को भुना सकते हैं।
कितने भाव पर जारी हुआ था यह SGB?
इस सीरीज के SGB का इश्यू प्राइस ऑफलाइन निवेशकों के लिए ₹4,912 प्रति ग्राम तय किया गया था। वहीं जिन्होंने डिजिटल माध्यम से आवेदन किया था, उन्हें ₹50 प्रति ग्राम की छूट मिली और उनके लिए इश्यू प्राइस ₹4,862 प्रति ग्राम रहा।
अब कितना मिलेगा रिडेम्पशन पर?
आरबीआई के मुताबिक, 9 फरवरी 2026 को होने वाले प्रीमैच्योर रिडेम्पशन के लिए इस SGB का भाव ₹15,374 प्रति यूनिट तय किया गया है। यह कीमत 4, 5 और 6 फरवरी 2026 को सोने के क्लोजिंग प्राइस के औसत के आधार पर निकाली गई है। यह कीमत सोने की 999 शुद्धता के भाव पर आधारित होती है, जिसे इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन प्रकाशित करता है।
निवेशकों को कितना मुनाफा हुआ?
अगर किसी निवेशक ने यह SGB ₹4,862 प्रति ग्राम के भाव पर खरीदा था, तो प्रीमैच्योर रिडेम्पशन पर उसे प्रति यूनिट ₹10,510 का सीधा फायदा हुआ। प्रतिशत में देखें तो यह करीब 216% का रिटर्न बनता है। खास बात यह है कि यह गणना सिर्फ कीमत के अंतर पर आधारित है, इसमें सालाना मिलने वाला ब्याज शामिल नहीं है।
SGB पर मिलने वाला ब्याज भी बोनस जैसा
SGB निवेशकों को उनके शुरुआती निवेश पर 2.5% सालाना ब्याज भी मिलता है, जो हर छह महीने में सीधे बैंक खाते में जमा होता है। आखिरी ब्याज राशि मैच्योरिटी या रिडेम्पशन के समय मूल रकम के साथ दी जाती है।
क्या है SGB स्कीम?
सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड स्कीम सरकार की ओर से RBI के जरिए चलाई जाती है। इसमें फिजिकल गोल्ड रखने की झंझट नहीं होती, न स्टोरेज का डर और न शुद्धता की चिंता। ऊपर से सोने की कीमत बढ़ने का फायदा और ब्याज, दोनों मिलते हैं।