नई दिल्ली: देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने होम लोन और पर्सनल लोन लेने वालों को बड़ी राहत दी है। बैंक ने ब्याज दरों में 25 आधार अंक यानी 0.25 प्रतिशत की कटौती की है।
यह नई दरें 15 दिसंबर से लागू होंगी। एसबीआई ने बताया कि उसने बाहरी बेंचमार्क से जुड़ी ब्याज दर, यानी ईबीएलआर, में 25 आधार अंकों की कमी की है। इससे ईबीएलआर 8.15 प्रतिशत से घटकर 7.90 प्रतिशत हो जाएगी।
ईबीएलआर वह दर होती है जिसके आधार पर फ्लोटिंग रेट वाले कर्ज की ब्याज दर तय होती है। ज्यादातर होम लोन, पर्सनल लोन और छोटे कारोबारियों को दिए जाने वाले कर्ज इसी दर से जुड़े होते हैं।
बैंक ने यह फैसला भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा 5 दिसंबर को रेपो दर में 25 आधार अंकों की कटौती के बाद लिया है। आरबीआई इस साल अब तक चार बार रेपो दर घटा चुका है, जिससे कुल मिलाकर 1.25 प्रतिशत की कमी हुई है।
आरबीआई के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने 9 दिसंबर को बैंकों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में कहा था कि रेपो दर में कटौती का फायदा ग्राहकों तक पहुंचाया जाए।
एसबीआई ने सभी अवधियों के लिए सीमांत लागत आधारित ऋण दरों में 5 आधार अंकों और बेस रेट में 10 आधार अंकों की कटौती की है। इसके बाद बेस रेट 10 प्रतिशत से घटकर 9.90 प्रतिशत हो गई है।
वहीं, सावधि जमा यानी फिक्स्ड डिपॉजिट पर ब्याज दरें ज्यादातर अवधियों के लिए पहले जैसी ही रहेंगी। सिर्फ दो साल या उससे ज्यादा और तीन साल से कम की जमा पर ब्याज दर 6.45 प्रतिशत से घटाकर 6.40 प्रतिशत की गई है।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए इसी अवधि में ब्याज 6.95 प्रतिशत से घटकर 6.90 प्रतिशत होगा। इसके अलावा ‘अमृत वरिष्ठ’ योजना के तहत 444 दिनों की जमा पर वरिष्ठ नागरिकों को मिलने वाला ब्याज 6.60 प्रतिशत से घटाकर 6.45 प्रतिशत कर दिया गया है।