
सुकन्या समृद्धि खाता (SSA) उन सरकारी बचत योजनाओं में शामिल है, जिनके जरिए माता-पिता अपनी बेटियों के भविष्य के लिए पैसे जमा कर सकते हैं। इस योजना में हर साल कम से कम 250 रुपए जमा करके लंबी अवधि में अच्छी रकम जुटाई जा सकती है। इस पैसे का इस्तेमाल बेटी की उच्च शिक्षा और शादी जैसे जरूरी खर्चों के लिए किया जा सकता है।
कई बार ऐसा होता है कि माता-पिता किसी वित्त वर्ष में खाते में न्यूनतम रकम जमा करना भूल जाते हैं या किसी वजह से समय पर पैसा नहीं डाल पाते। ऐसे में खाता डिफॉल्ट यानी अनियमित हो सकता है। हालांकि, इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि खाते में पहले से जमा पैसा डूब जाएगा या खाता हमेशा के लिए बंद हो जाएगा।
दरअसल, सुकन्या समृद्धि खाते में हर वित्त वर्ष यानी 1 अप्रैल से 31 मार्च के बीच कम से कम 250 रुपए जमा करना जरूरी है। वहीं, एक वित्त वर्ष में अधिकतम 1.5 लाख रुपए तक जमा किए जा सकते हैं। अगर खाताधारक किसी साल न्यूनतम रकम जमा नहीं करता है, तो उसका खाता डिफॉल्ट की श्रेणी में आ जाता है।
अगर आपका सुकन्या समृद्धि खाता डिफॉल्ट हो गया है, तो आप बकाया रकम और जुर्माना जमा करके इसे दोबारा नियमित करवा सकते हैं। इसके लिए हर डिफॉल्ट वर्ष के हिसाब से 50 रुपए का जुर्माना देना होता है। इसके अलावा, हर उस वित्त वर्ष के लिए 250 रुपए जमा करने होंगे, जिसमें न्यूनतम रकम खाते में नहीं डाली गई थी।
इसे एक उदाहरण से समझते हैं। मान लीजिए किसी माता-पिता ने लगातार तीन साल तक सुकन्या समृद्धि खाते में न्यूनतम रकम जमा नहीं की। ऐसे में उन्हें तीन साल के हिसाब से 750 रुपए बकाया जमा करने होंगे।
इसके साथ ही 150 रुपए जुर्माना देना होगा। इस तरह खाते को नियमित करने के लिए कुल 900 रुपए जमा करने होंगे। खाताधारक खाता खुलने की तारीख से 15 साल पूरे होने तक इस डिफॉल्ट को ठीक कर सकते हैं।
अगर कोई खाताधारक खाता खुलने के 15 साल पूरे होने तक डिफॉल्ट को ठीक नहीं करता है, तब भी पहले से जमा रकम का नुकसान नहीं होता है।
सुकन्या समृद्धि खाता योजना, 2019 के नियमों के मुताबिक, ऐसे डिफॉल्ट खाते में पहले से जमा रकम पर योजना की लागू ब्याज दर के हिसाब से ब्याज मिलता रहता है। यह ब्याज खाता बंद होने तक जुड़ता रहता है।
इसका मतलब है कि अगर आप समय पर न्यूनतम रकम जमा नहीं कर पाए या तय अवधि में खाते को नियमित नहीं करा सके, तो भी आपकी पुरानी बचत सुरक्षित रहती है और उस पर ब्याज मिलता रहता है।
सुकन्या समृद्धि खाते को डिफॉल्ट होने से बचाने का सबसे आसान तरीका है कि हर वित्त वर्ष में कम से कम 250 रुपए जरूर जमा करें। इसके लिए मार्च के आखिरी दिनों का इंतजार करने के बजाय वित्त वर्ष की शुरुआत में ही पैसा जमा कर देना बेहतर है।
माता-पिता बैंक या डाकघर में उपलब्ध सुविधा के अनुसार खाते में नियमित जमा के लिए स्थायी निर्देश (Standing Instructions) भी दे सकते हैं। इसके अलावा, मोबाइल में भुगतान की तारीख का रिमाइंडर लगाना भी उपयोगी हो सकता है।
ध्यान रखें कि सुकन्या समृद्धि खाते में 15 साल तक हर वित्त वर्ष न्यूनतम रकम जमा करनी होती है। नियमित निवेश करने से बेटी की पढ़ाई और भविष्य के दूसरे जरूरी खर्चों के लिए अच्छी रकम जुटाने में मदद मिल सकती है।
मनाली रस्तोगी मीडिया जगत की एक समर्पित और अनुभवी लेखिका हैं, जो पिछले 8 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रूप से काम कर रही हैं। उन्होंने वर्ष 2019 में लखनऊ यूनिवर्सिटी से मास्टर्स इन जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई पूरी की। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने मीडिया की दुनिया को समझना और लेखन के प्रति अपनी रुचि को मजबूत करना शुरू कर दिया था। अपनी प्रोफेशनल यात्रा की शुरुआत उन्होंने वैसे तो ग्रेजुएशन के समय लखनऊ से कर दी थी, लेकिन उनके करियर को नया आयाम दिल्ली में लोकमत ग्रुप के साथ मिला, जहां उन्होंने करीब 2 साल 10 महीने तक काम किया और इस दौरान उन्होंने खबरों की गहराई को समझने और पाठकों तक सही और उपयोगी जानकारी पहुंचाने का अनुभव हासिल किया। इसके बाद उन्होंने टीवी9 भारतवर्ष के साथ बतौर फ्रीलांसर काम किया, जहां उन्होंने लाइफस्टाइल सेक्शन में काम कर अपनी लेखन शैली और अनुभव को और मजबूत बनाया। वर्तमान में मनाली रस्तोगी लाइव मिंट हिंदी के साथ जुड़ी हुई हैं, जहां उन्हें काम करते हुए लगभग 10 महीने हो चुके हैं। यहां वह मुख्य रूप से एंटरटेनमेंट और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लिखती हैं, साथ ही पर्सनल फाइनेंस जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी आसान और समझने योग्य भाषा में जानकारी साझा करती हैं। उनका उद्देश्य पाठकों को ऐसी जानकारी देना है, जो उनके दैनिक जीवन में उपयोगी साबित हो और उन्हें सही फैसले लेने में मदद करे। मनाली सरल, स्पष्ट और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में लिखना पसंद करती हैं। काम के अलावा मनाली को अपने खाली समय में स्विमिंग करना, नई जगहों पर घूमना और फिल्में देखना बेहद पसंद है। उन्हें अपने घर को बजट फ्रेंडली तरीके से सजाना भी अच्छा लगता है, जिससे उन्हें रचनात्मक संतुष्टि मिलती है। मनाली दिल्ली में रहती हैं।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.