Tax Audit Date Extension: इनकम टैक्स रिपोर्ट दाखिल करने वाले टैक्सपेयर्स के लिए राहत भरी खबर आई है। केन्द्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) ने ऑधिकारिक तौर पर टैक्स रिपोर्ट दाखिल करने की आखिरी तारीख को 1 महीने के लिए आगे बढ़ा दिया है। दरअसल, बाढ़, भूस्खलन, तकनीकी गड़बड़ियां और अनुपालन चुनौतियां के कारण बहुत सारे करदाता अभी तक अपनी ऑडिट रिपोर्ट नहीं दाखिल कर पाए थे, ऐसे वे इसकी अंतिम तारीख में बढ़ोतरी की मांग कर रहे थे।
31 अक्टूबर तक बढ़ाई गई डेडलाइन
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए इनकम टैक्स डिपॉर्टमेंट ने लिखा, "केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) ने अधिनियम की धारा 139 की उप-धारा (1) के स्पष्टीकरण 2 के खंड (ए) में संदर्भित करदाताओं के लिए पिछले साल 2024-25 (मूल्यांकन वर्ष 2025-26) के लिए विभिन्न ऑडिट रिपोर्ट दाखिल करने की तय तारीख को 30 सितंबर 2025 से बढ़ाकर 31 अक्टूबर 2025 करने का फैसला लिया है।
हाई कोर्ट ने दिया था निर्देश
बता दें टैक्स ऑडिट रिपोर्ट की डेडलाइन में बढ़ोतरी के लिए भीलवाड़ा और जोधपुर टैक्स बार एसोसिएशन ने राजस्थान हाईकोर्ट में दो अलग-अलग याचिका दाखिल की थीं। इन दोनों याचिकाओं पर संयुक्त रूप से सुनवाई करते हुए राजस्थान हाईकोर्ट की जोधपुर बेंच ने CBDT को 31 अक्टूबर 2025 तक अंतिम तिथि बढ़ाने का निर्देश दिया था, जिसके बाद आज सेंट्रल बोर्ड ऑफ डायरेक्ट टैक्स (CBDT) तारीख में बढ़ोतरी का ऐलान किया है।
AIFTP ने भी की थी डिमांड
इसके अलावा, ऑल इंडिया टैक्स प्रैक्टिशनर्स फेडरेशन (AIFTP) ने CBDT से आकलन वर्ष 2025-26 के लिए ITR और टैक्स ऑडिट रिपोर्ट फाइल करने की तारीख को बढ़ाने मांग की थी। समाचार एजेंसी PTI को AIFTP के प्रेसिडेंट समीर जानी ने मंगलवार को बताया कि CBDT चेयरमैन को विस्तार के लिए एक ज्ञापन सौंपा गया है। इसमें टैक्सपेयर्स और पेशेवरों के सामने आने वाली कई चुनौतियों का हवाला दिया गया है। इनमें बाढ़, भूस्खलन, तकनीकी गड़बड़ियां और अनुपालन चुनौतियां शामिल हैं।