Tax Free Countries: आज के युग में जहां दुनिया के कई हिस्सों में टैक्स दरें आसमान छू रही हैं तो वहीं कुछ देश ऐसे भी हैं जहां नागरिकों को इनकम टैक्स नहीं देना होता है। यह कर‑मुक्त नीतियां इन देशों को निवेशकों और ज्यादा कमाने वाले लोगों के लिए आकर्षक बनाती हैं। इन देशों में काम करने वाले लोग बिना किसी टैक्स कटौती के अपनी पूरी सैलरी घर ले जाते हैं। यह सुनना भले ही हैरान करने वाला हो, लेकिन सच है। ऐसे में जो लोग विदेश में काम करने की योजना बना रहे हैं, उनके लिए जीरो इनकम टैक्स वाले देश किसी सपने से कम नहीं हैं।
इन देशों में सैलरी पर टैक्स नहीं होने का मतलब है ज्यादा सेविंग, बेहतर लाइफस्टाइल और तेज़ी से वेल्थ क्रिएशन। दुनिया में ऐसे बहुत कम देश हैं, जहां पर्सनल इनकम टैक्स की दर शून्य है। खाड़ी देशों के साथ-साथ कुछ छोटे लेकिन अमीर देश इस लिस्ट में शामिल हैं, जहां टैक्स के बिना कमाई संभव है।
किन देशों में नहीं लिया जाता है टैक्स?
टैक्स को लेकर दुनिया के तमाम बड़े देशों में एक जैसे नियम हैं, लेकिन खाड़ी देश और कुछ यूरोपीय कंट्रीज के नियम अलग हैं।
1. संयुक्त अरब अमीरात यानी UAE में जनता से किसी भी तरह का इनकम टैक्स नहीं वसूला जाता है।
2. बहरीन में भी लोगों से इनकम टैक्स नहीं लिया जाता है, किसी भी तरह की कमाई पर लोग टैक्स नहीं चुकाते हैं।
3. कुवैत में भी लोगों को टैक्स से राहत दी गई है, सरकार लोगों से कोई डायरेक्ट टैक्स नहीं लेती है।
4. सऊदी अरब में भी लोगों को अपनी कमाई से सरकार को कोई टैक्स नहीं देना होता है।
5. इन देशों के अलावा द बहमास, ब्रुनेई, कतर और मोनाको में भी लोगों से टैक्स से राहत दी गई है।
ओमान में हुए बदलाव
ओमान भी अभी तक उन गिने-चुने देशों में से एक था जहां नागरिकों पर कोई व्यक्तिगत इनकम टैक्स नहीं था। लेकिन अब ओमान सरकार आमदनी पर टैक्स लगाने की योजना बना रही है। ओमान पहले ही 5 प्रतिशत वैट लागू कर चुका है और कंपनियों पर कॉरपोरेट टैक्स भी वसूला जा रहा है। आने वाले समय में यह संभव है कि वहां काम करने वाले नागरिकों, खासकर प्रवासी कर्मचारियों पर इनकम टैक्स लगाया जाए।
यह कदम देश की अर्थव्यवस्था को तेल पर निर्भरता से हटाकर एक स्थायी मॉडल की ओर ले जाने के लिए उठाया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 2028 से लागू होगा। इसके तहत सालाना 42 हजार ओमानी रियाल (लगभग 93.5 लाख रुपये) से ज्यादा की आमदनी पर 5 फीसदी टैक्स लगेगा।
कैसे होती है सरकार की कमाई?
अब सवाल है कि अगर इन देशों की सरकारें इनकम टैक्स नहीं लेती हैं तो उनकी कमाई कैसे होती है। दरअसल इनमें से कुछ देश तेल भंडार, गैस और टूरिज्म से सबसे ज्यादा कमाई करते हैं, इसलिए उन्होंने अपने नागरिकों को ये सहूलियत दी है। इसके अलावा वैल्यू एडेड टैक्स (VAT) से भी यहां कमाई की जाती है। इन देशों में कमाई का कुछ भी हिस्सा सरकार को नहीं देना होता है, यही वजह है कि यहां नौकरी करने की चाह रखने वालों की संख्या काफी ज्यादा है। दुनियाभर के प्रोफेशनल्स यहां नौकरी करने के लिए आते हैं और अच्छी कमाई करते हैं।