Anil Kumar Jackpot: कहते हैं जिंदगी दो चीजों मेहनत और किस्मत से बदलती है। मेहनत करके अमीर बनने वालों की कहानी तो आपने बहुत पढ़ी होगी। आज हम आपको एक ऐसे शख्स की कहानी बताने जा रहे हैं, जिसकी किस्मत रातों-रात बदल गई और वो अरबपति बन गया। अबू धाबी में रहने वाले 29 साल के अनिल कुमार को एक लॉटरी के टिकट ने अरबपतियों की लिस्ट में शामिल कर दिया है।
कितने की लगी लॉटरी?
अबू धाबी के नए-नए अरबपति बने अनिल कुमार ने एक आम लॉटरी का टिकट खरीदा था। उस आम से टिकट ने उन्हें आज अरबपति बना दिया है। यूएई लॉटरी के लकी डे ड्रॉ में उन्हें DH 100 मिलियन का जैकपॉट यानी 240 करोड़ रुपये से भी ज्यादा की लॉटरी लगी है।
लॉटरी का नंबर था खास
अनिल कुमार ने बताया कि उनकी ये लॉटरी उनके मां का ही आशीर्वाद है, क्योंकि उनकी लॉटरी का आखिरी नंबर उनकी मां के जन्मदिन पर था। उन्होंने लॉटरी का टिकट खरीद तो लिया था लेकिन कभी सोचा नहीं था कि एक टिकट उनकी जिंदगी बदल देगा।
कुछ दिन पहले 18 अक्टूबर को हुए ड्रा में 88 लाख लोगों में सिर्फ अनिल कुमार का नंबर आया और वो एक रात में ही यूएई के सबसे बड़े लॉटरी विजेताओं में शामिल हो गए। जब इन पैसों को लेकर अनिल से सवाल पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि अब मुझे महसूस हो रहा है कि मेरे पास पैसा है। मैं इसे सही जगह निवेश करना चाहता हूं और कुछ बड़ा करना चाहता हूं।
ड्रीम कार का सपना करेंगे पूरा
अनिल कुमार ने लॉटरी में जीते पैसों को खर्च करने के बारे में पूरा प्लान बना लिया है। उन्होंने बताया कि वो एक सुपरकार खरीदना चाहते हैं और इस जीत का जश्न किसी शानदार रिसॉर्ट या 7 स्टार होटल में मनाना चाहते हैं। इसके अलावा वो अपने परिवार को यूएई लाना चाहते हैं, जिससे उनकी फैमिली इस खुशी में उनके साथ रहे और जिंदगी का आनंद ले सके।
कितना देना होगा टैक्स?
यूएई में लॉटरी जीत पर कोई टैक्स नहीं लगता, यानी अनिल को पूरे DH 100 मिलियन टैक्स-फ्री मिलते हैं। हालांकि अगर ये लॉटरी उनकी भारत में लगती तो 30% टैक्स लगता है, फिर 15% अधिभार और 4% स्वास्थ्य एवं शिक्षा उपकर। कुल मिलाकर, 240 करोड़ की जीत पर 86 करोड़ से ज्यादा का टैक्स देना पड़ता। कुल मिलाकर अनिल कुमार के पास सिर्फ करीब 154 करोड़ बचते।