नई दिल्ली: भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने बुधवार को देशभर के सभी स्कूलों से अपील की है कि वे 5 से 15 साल की उम्र वाले बच्चों का आधार का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट समय पर सुनिश्चित करें।
इस संबंध में UIDAI के सीईओ भुवनेश कुमार ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को पत्र लिखा है, जिसमें स्कूलों में कैंप लगाकर लंबित बायोमेट्रिक अपडेट पूरे करने का आग्रह किया गया है।
स्कूलों में आधार अपडेट के लिए नई पहल
UIDAI ने स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग के साथ मिलकर यह सुविधा शुरू की है, जिसके तहत स्कूलों को UDISE+ एप्लिकेशन के जरिए यह जानकारी मिलेगी कि किन बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट लंबित है। इससे देशभर के करोड़ों छात्रों का आधार समय पर अपडेट करना आसान होगा।
समय पर बायोमेट्रिक अपडेट जरूरी
UIDAI ने कहा है कि बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट 5 साल की उम्र में और फिर से 15 साल की उम्र में करना बेहद जरूरी है। इससे आधार में बच्चों का बायोमेट्रिक डेटा सही और भरोसेमंद बना रहता है।
17 करोड़ आधार नंबरों में अपडेट लंबित
इस समय करीब 17 करोड़ आधार नंबरों में बायोमेट्रिक अपडेट लंबित है। अगर बच्चों का अपडेट समय पर नहीं हुआ तो आगे चलकर सरकारी योजनाओं का लाभ पाने, प्रतियोगी और यूनिवर्सिटी परीक्षाओं (जैसे NEET, JEE, CUET आदि) में पंजीकरण कराने में दिक्कत आ सकती है।
राज्यों से सहयोग की अपील
UIDAI प्रमुख ने अपने पत्र में राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से आग्रह किया है कि वे स्कूलों में विशेष कैंप लगाकर इस काम को पूरा करें। उन्होंने कहा कि स्कूलों को यह जानकारी देने के लिए कि किस छात्र का बायोमेट्रिक अपडेट नहीं हुआ है, UIDAI और स्कूल शिक्षा विभाग की तकनीकी टीमों ने मिलकर UDISE+ ऐप पर इसका समाधान तैयार किया है।