
Umang App Mera Ration Feature: देश के हर नागरिक को बेहतर खाद्य सुविधा मुहैया कराने के लिए केंद्र सरकार कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसके लिए राशन कार्ड सबसे जरूरी दस्तावेज माना जाता है। ऐसे में अगर आपके पास राशन कार्ड नहीं है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। आप घर बैठे ही राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन अप्लाई कर सकते हैं। सरकार की डिजिटल सेवाओं को लोगों तक आसानी से पहुंचाने के मकसद से तैयार किए गए मल्टी सर्विस प्लेटफॉर्म UMANG में अब एक नया और उपयोगी फीचर जोड़ा गया है। इस फीचर का नाम Mera Ration है।
इसके जरिए अब राशन कार्ड से जुड़ी कई जरूरी जानकारियां सीधे मोबाइल फोन पर देखी जा सकेंगी। इस डिजिटल सुविधा के बाद अब लोगों को राशन कार्ड की जानकारी के लिए बार बार सरकारी दफ्तरों या राशन की दुकानों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यूजर घर बैठे ही अपने मोबाइल पर देख सकते हैं कि उसे सरकारी योजना के तहत कितना राशन मिलने का अधिकार है और उसे अब तक कितना राशन मिला है।
इस फीचर का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इससे आप अपने राशन के इस्तेमाल को आसानी से ट्रैक कर सकते हैं। ये पता लगा सकते हैं कि किसी परिवार को महीने में कितना राशन मिलना चाहिए और उसमें से कितना राशन पहले ही लिया जा चुका है। इससे यह समझने में आसानी होती है कि कहीं आपके हिस्से का राशन कम तो नहीं दिया जा रहा। ‘मेरा राशन' फीचर की मदद से प्रवासी मजदूर यानी नई जगह पर जाने वाले लाभार्थी भी अपने आस-पास की राशन दुकानों को खोज सकते हैं और बिना किसी रुकावट के अपना राशन ले सकते हैं। इसके अलावा ऐप के जरिए यूजर अपनी पुरानी राशन ट्रांजैक्शन हिस्ट्री भी देख सकते हैं। इससे पारदर्शिता बढ़ती है और किसी तरह की गड़बड़ी की संभावना कम हो जाती है।
इस फीचर का एक और बड़ा फायदा यह है कि यह उपयोगकर्ता की मौजूदा लोकेशन के आधार पर आसपास मौजूद सरकारी राशन दुकानों की जानकारी भी देता है। ऐप पर नजदीकी राशन दुकान का पता और लोकेशन देखी जा सकती है। इससे लोगों को राशन लेने के लिए सही दुकान ढूंढने में आसानी होगी।
अगर आप अब तक अनजान हैं, तो जान लीजिए कि उमंग ऐप भारत सरकार का एक ऐसा पिटारा है जिसमें सैंकड़ों सरकारी सेवाएं एक साथ मौजूद हैं। आधार कार्ड, पीएफ (PF), पासपोर्ट से लेकर बिजली बिल तक के काम इसी एक ऐप से हो जाते हैं। अब 'मेरा राशन' के जुड़ जाने से यह ऐप हर आम नागरिक के लिए और भी ज्यादा जरूरी और ताकतवर हो गया है।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
More