नई दिल्ली: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को बताया कि सरकार देश में रचनात्मक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए बड़ा कदम उठा रही है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की प्रमुख पहल इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ क्रिएटिव टेक्नोलॉजीज (IICT) के तहत देश के 15,000 माध्यमिक स्कूलों और 500 कॉलेजों में ‘कंटेंट क्रिएटर लैब’ स्थापित की जाएंगी।
अपने बजट भाषण में उन्होंने कहा कि भारत का एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स (AVGC) सेक्टर तेजी से बढ़ रहा है। अनुमान है कि इस क्षेत्र को 2030 तक करीब 20 लाख प्रशिक्षित पेशेवरों की जरूरत होगी।
इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए मुंबई स्थित IICT की मदद से स्कूलों और कॉलेजों में ये लैब बनाई जाएंगी, ताकि छात्रों को कंटेंट क्रिएशन की आधुनिक ट्रेनिंग मिल सके।
केंद्रीय बजट में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को 4,551.94 करोड़ रुपये दिए गए हैं। इस राशि का बड़ा हिस्सा प्रसार भारती को सहयोग देने, AVGC क्षेत्र में प्रतिभा विकास और सामुदायिक रेडियो के विस्तार पर खर्च किया जाएगा।
इसके अलावा, AVGC सेक्टर में युवाओं को प्रशिक्षित करने के लिए 250 करोड़ रुपये अलग से रखे गए हैं। सरकार का उद्देश्य है कि देश के युवा कंटेंट क्रिएशन के क्षेत्र में आगे बढ़ें और वैश्विक स्तर पर भारत की पहचान मजबूत करें।