UP Niryat Vriddhi Abhiyaan: उत्तर प्रदेश में कारोबार कर रहे छोटे और मझोले उद्यमियों के लिए अब अपने उत्पाद विदेशी बाजार तक पहुंचाने का रास्ता आसान बनाने की कोशिश शुरू हो गई है। यूपी निर्यात वृद्धि अभियान (Niryat Vriddhi Abhiyaan) के जरिए कारोबारियों को सिर्फ एक्सपोर्ट की जानकारी नहीं दी जाएगी, बल्कि उन्हें उत्पाद, पैकेजिंग, ब्रांडिंग, ऑनलाइन बिक्री और विदेशी खरीदारों तक पहुंच बनाने के लिए भी तैयार किया जाएगा। इस पहल का लक्ष्य 1,000 से ज्यादा MSME को वैश्विक बाजार के लिए तैयार करना है।
सरकारी MSME पोर्टल के मुताबिक इस कार्यक्रम के लिए फिलहाल उत्तर प्रदेश के होम डेकोर, हस्तशिल्प और हथकरघा कारोबार से जुड़े निर्माता और उत्पादक पात्र हैं। कारोबारी के पास उद्यम रजिस्ट्रेशन सार्टिफिकेट होना चाहिए और सालाना कारोबार कम से कम 50 लाख रुपये होना जरूरी है। कारोबार कम से कम 3 साल से चल रहा हो। इसके साथ ही उत्पाद एक्सपोर्ट के लिए तैयार होना चाहिए।
विदेश में माल बेचने की तैयारी कराएगी पहल
इस कार्यक्रम में कारोबारियों को विदेशी बाजार में कारोबार शुरू करने के लिए जरूरी जानकारी और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें विशेषज्ञों का मार्गदर्शन और व्यक्तिगत सलाह भी शामिल है, ताकि कारोबारी अपने उत्पाद को अंतरराष्ट्रीय बाजार की जरूरत के हिसाब से तैयार कर सकें।
पैकेजिंग और ब्रांडिंग पर भी मदद
विदेश में सिर्फ अच्छा उत्पाद होना काफी नहीं है। उसे सही तरीके से पेश करना भी जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम में उत्पाद की गुणवत्ता, पैकेजिंग और ब्रांडिंग को बेहतर बनाने पर काम किया जाएगा। कारोबारियों को पेशेवर उत्पाद सूची तैयार करने में भी मदद की जाएगी।
ऑनलाइन बाजार तक पहुंच बनाने की ट्रेनिंग
इस पहल का एक अहम हिस्सा डिजिटल बिक्री भी है। कारोबारियों को बी2सी और डी2सी ई-कॉमर्स के जरिए सीधे ग्राहकों तक उत्पाद पहुंचाने की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन बाजारों से जुड़ने की तैयारी भी कराई जाएगी।
विदेशी खरीदारों से जुड़ने का मौका
कार्यक्रम में कारोबारियों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से जुड़ने और बी2बी कारोबार के अवसर तलाशने में भी मदद दी जाएगी। यानी मकसद सिर्फ एक्सपोर्ट की जानकारी देना नहीं, बल्कि कारोबारियों को विदेशी बाजार में वास्तविक कारोबारी अवसर तलाशने के लिए तैयार किया जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में भी मदद
पहल के तहत कारोबारियों को अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में हिस्सा लेने के लिए सहायता की जानकारी और समर्थन दिया जाएगा। साथ ही उन्हें पहली बार एक्सपोर्ट करने वालों के लिए उपलब्ध संबंधित सरकारी सहायता से जोड़ने का भी प्रावधान है।
1,000 से ज्यादा MSME को तैयार करने का लक्ष्य
UP निर्यात वृद्धि अभियान का लक्ष्य उत्तर प्रदेश के 1,000 से ज्यादा MSME को एक्सपोर्ट के लिए तैयार करना है। सरकारी पोर्टल के मुताबिक कार्यक्रम में डिजिटल साधनों और ई-कॉमर्स के इस्तेमाल पर भी जोर दिया जाएगा, ताकि राज्य के छोटे कारोबारियों की विदेशी बाजार तक पहुंच बढ़ सके।
प्रवेश निशुल्क, चयन के आधार पर होगा
इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। हालांकि प्रवेश सीधे सभी आवेदकों को नहीं मिलेगा। सरकारी पोर्टल के मुताबिक चयन के आधार पर नामांकन किया जाएगा।
कारोबारियों के लिए क्या फायदा?
अगर उत्तर प्रदेश का कोई पात्र कारोबारी अपने उत्पाद को विदेश में बेचना चाहता है, लेकिन उसे एक्सपोर्ट की प्रक्रिया, विदेशी बाजार, ऑनलाइन बिक्री, पैकेजिंग या खरीदारों तक पहुंच बनाने की पूरी जानकारी नहीं है, तो यह पहल उसके लिए उपयोगी हो सकती है। कार्यक्रम कारोबारियों को इन क्षेत्रों में प्रशिक्षण, विशेषज्ञ मार्गदर्शन और बाजार से जुड़ने के अवसर देने पर फोकस किया गया है।