UPI in Malaysia: मलेशिया जा रहे भारतीय यात्रियों के लिए खुशखबरी, UPI पेमेंट को लेकर भारत-मलेशिया में करार

UPI in Malaysia: NPCI इंटरनेशनल और मलेशिया की PayNet के बीच समझौते के बाद जल्द ही भारतीय यात्री मलेशिया में UPI ऐप से QR स्कैन कर भुगतान कर सकेंगे। यह सुविधा चरणबद्ध तरीके से लागू होगी और दोनों देशों के यात्रियों को लाखों मर्चेंट पॉइंट्स पर पेमेंट की सुविधा मिलेगी।

Priya Shandilya
पब्लिश्ड13 Feb 2026, 10:21 AM IST
UPI in Malaysia: अब मलेशिया में यात्रा करना होगा आसान, UPI से कर पाएंगे पेमेंट
UPI in Malaysia: अब मलेशिया में यात्रा करना होगा आसान, UPI से कर पाएंगे पेमेंट

UPI in Malaysia: भारत में डिजिटल पेमेंट का सबसे लोकप्रिय तरीका UPI अब विदेशों में भी अपनी पकड़ मजबूत कर रहा है। हाल ही में NPCI इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड (NIPL) ने मलेशिया की राष्ट्रीय पेमेंट नेटवर्क कंपनी PayNet के साथ समझौता किया है। इस साझेदारी से भारतीय यात्रियों को मलेशिया में अपने UPI ऐप से सीधे पेमेंट करने की सुविधा मिलेगी।

इस समझौते के तहत दोनों देशों के बीच QR आधारित मर्चेंट पेमेंट को जोड़ा जाएगा। यह पूरी प्रक्रिया चरणों में लागू होगी। अगर सब योजना के मुताबिक चला, तो भारतीय यात्री मलेशिया में अपने UPI ऐप से सीधे QR स्कैन कर भुगतान कर सकेंगे।

कैसे होगा पेमेंट?

पहले चरण में मलेशिया जाने वाले भारतीय यात्री अपने UPI ऐप से DuitNow QR को स्कैन कर दुकानों पर भुगतान कर पाएंगे। DuitNow QR मलेशिया का राष्ट्रीय QR सिस्टम है, जिसे PayNet संचालित करता है। इसके बाद दूसरे चरण में मलेशियाई यात्री भारत आकर अपने DuitNow ऐप से UPI QR को स्कैन कर भुगतान कर सकेंगे।

कहां-कहां चलेगा UPI?

मलेशिया में लाखों दुकानों, रेस्टोरेंट्स और टूरिस्ट स्पॉट्स पर DuitNow QR स्वीकार किया जाता है। भारत में भी लाखों व्यापारी UPI QR कोड से पेमेंट लेते हैं। इस तरह दोनों देशों के यात्रियों को बिना कैश के आसानी से खरीदारी और भुगतान करने की सुविधा मिलेगी।

अधिकारियों की राय

NIPL के एमडी और सीईओ रितेश शुक्ला ने कहा कि इस साझेदारी का मकसद UPI को वैश्विक स्तर पर विस्तार देना और रियल-टाइम, इंटरऑपरेबल पेमेंट सिस्टम बनाना है। वहीं PayNet के सीईओ प्रवीण राजन ने कहा कि यह पहल यात्रियों, व्यापारियों और वित्तीय संस्थानों के लिए पेमेंट कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी। उन्होंने यह भी बताया कि यह कदम दोनों देशों के बीच बढ़ते यात्रा संबंधों और ‘विजिट मलेशिया 2026’ अभियान के बीच अहम है।

NPCI International का मकसद

NPCI इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड की स्थापना अप्रैल 2020 में की गई थी। इसका मकसद UPI और RuPay सिस्टम को साझेदारी और लाइसेंसिंग के जरिए विदेशों में फैलाना है। मलेशिया अब उन देशों की सूची में शामिल हो सकता है, जहां क्रॉस-बॉर्डर QR पेमेंट के जरिए UPI को स्वीकार किया जाएगा। मालूम हो कि यूपीआई पेमेंट यूएई, सिंगापुर, भूटान, नेपाल, श्रीलंका, फ्रांस, मॉरीशस और कतर समेत आठ से अधिक देशों में लाइव है।

इस समझौते से भारतीय यात्रियों को मलेशिया में पेमेंट की चिंता नहीं रहेगी। QR कोड स्कैन करके सीधे UPI से पेमेंट करना संभव होगा। यह कदम डिजिटल इंडिया को ग्लोबल पहचान दिलाने की दिशा में एक और मजबूत कदम है।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़मनीUPI in Malaysia: मलेशिया जा रहे भारतीय यात्रियों के लिए खुशखबरी, UPI पेमेंट को लेकर भारत-मलेशिया में करार
More
बिजनेस न्यूज़मनीUPI in Malaysia: मलेशिया जा रहे भारतीय यात्रियों के लिए खुशखबरी, UPI पेमेंट को लेकर भारत-मलेशिया में करार