US Dollar vs India Rupee: पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष शुरू होने के बाद से ग्लोबल लेवल पर उथल-पुथल मची हुई है। अब इसका असर सीधे आम जनता पर दिखाई देने लगा है। दोनों देशों के बीच बढ़ेत तनाव ने ग्लोबल मार्केट में एनर्जी कीमतों पर रिकॉर्ड हाई लेवल तक पहुंचा दिया है। मौजूदा समय में कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर के ऊपर बनी हुई है। इसका दबाव अब भारतीय करेंसी रुपया पर साफ तौर देखा जा रहा है।
इस साल 7% लुढ़क चुका है रुपया
साल 2026 अब तक अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 7.04% तक टूट चुका है और इतिहास में पहली बार 97 के करीब पर जा पहुंचा है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर हालात ऐसे ही रहे, तो यह 100 के आंकड़ें को भी जल्द ही पार कर सकता है। इस गिरावट के कारण भारत में इंपोर्ट होने वाली हर जरूरी सामान महंगे होने की आशंका बढ़ गई है।
इन कारणों से रुपया हो रहा कमजोर
दरअसल, भारतीय करेंसी पर दबाव की वजह केवल पश्चिम एशिया में जारी युद्ध नहीं है, बल्कि इसके पीछे कई अन्य बड़े कारण भी शामिल हैं। विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की तरफ से भारतीय शेयर बाजार से लगातार पैसे निकालने और कच्चे तेल की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी के कारण रुपया लगातार कमजोर हो रहा था। हालांकि, जनवरी से फरवरी के बीच यह गिरावट काफी धीमी थी। 1 जनवरी से 28 फरवरी के बीच डॉलर के मुकाबले रुपया सिर्फ 1% से थोड़ा ज्यादा गिरा था। लेकिन, मिडिल ईस्ट वॉर के बाद गिरावट में तेजी आई। 2 मार्च से 21 मई के बीच रुपये की गिरावट की रफ्तार 5.01% तक तेज हो गई।
2022 के बाद रुपया में सबसे बड़ी गिरावट
अगर पिछले कुछ सालों के आंकड़ों पर नजर डालें, तो रुपये की यह 7% की गिरावट साल 2022 के बाद सबसे ज्यादा है। द हिंदू की रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2024 में रुपया 2.9% गिरा था, जबकि 2025 में 4.9% टूटा था। वहीं, 2022 में इसमें 11% की भारी गिरावट आई थी। दूसरी ओर, साल 2021 में रुपये में 0.09% की मामूली मजबूती देखी गई थी। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के पूर्व गवर्नर शक्तिकांत दास के कार्यकाल (2023-2024) के दौरान रुपया काफी हद तक स्थिर था। अर्थशास्त्रियों का कहना है कि उस समय सेंट्रल बैंक ने रुपये को 83 के स्तर पर थामने के लिए पूरी ताकत लगा दी थी।
16वें वित्त आयोग के अध्यक्ष ने रुपये को लेकर कही ये बातें
16वें वित्त आयोग के अध्यक्ष अरविंद पनगढ़िया सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, " ₹100 प्रति डॉलर का आंकड़ा आपके दिमाग पर हावी न होने पाए। 100 बस एक नंबर है, ठीक 99 या 101 की तरह। चाहे तेल की कमी कुछ महीनों की हो या कई सालों तक चले, इस वक्त सही कदम यही है कि रुपया अपने आप गिरने दीजिए।
उन्होंने आगे लिखा, इस स्थिति में रुपया अभी थोड़ा कमजोर होगा, लेकिन जैसे ही तेल का आयात बिल घटेगा, विदेशी निवेशक “सस्ता” रुपया देखकर भारत में पैसा लगाने के लिए लाइन लगाएंगे। रुपया फिर से मजबूत हो जाएगा। तो रुपया बचाने की कोशिश बेकार होगी। रिजर्व को खाली करते रहेंगे, लेकिन आखिरकार उसे गिरना ही पड़ेगा।
पंगरिया ने आगे लिखा, 2013 में महंगाई दोहरे अंकों में थी। अब आपकी सावधानी भरी मौद्रिक नीति की वजह से महंगाई काबू में है। इसलिए रुपया गिरने से जो थोड़ी बहुत महंगाई बढ़ेगी, अर्थव्यवस्था उसे आसानी से झेल लेगी। ये महंगे हथियार हैं। इन पर जो ब्याज देना पड़ता है, वो अपने विदेशी मुद्रा भंडार पर मिलने वाले ब्याज से कहीं ज्यादा है। आखिरकार ये अमीर विदेशी भारतीयों को फायदा पहुंचाने का एक तरीका बन जाता है।