Investment Tips: निवेश की दुनिया में हर कोई चाहता है कि पैसा सुरक्षित भी रहे और समय के साथ बढ़े भी। म्यूचुअल फंड्स में सिस्टेमेटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) एक ऐसा तरीका है जो छोटे-छोटे निवेश को बड़े फायदों में बदल सकता है। लेकिन अगर आप SIP को और ज्यादा असरदार बनाना चाहते हैं, तो 7-5-3-1 रूल आपके लिए खास है। यह नियम निवेश की अवधि, विविधता, मानसिक मजबूती और धीरे-धीरे निवेश बढ़ाने पर जोर देता है।
क्या है 7-5-3-1 नियम?
SIP में 7-5-3-1 रूल एक पूरी रणनीति है जो इक्विटी म्यूचुअल फंड्स में सिस्टमेटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) के फायदे को अधिकतम करने पर जोर देता है। इस नियम में निवेश की अवधि, विविधता, मानसिक मजबूती और हर साल SIP की रकम धीरे-धीरे बढ़ाने की अहमियत बताई गई है।
7 साल का सब्र
7-5-3-1 नियम का पहला और सबसे जरूरी हिस्सा है कम से कम 7 साल तक निवेश बनाए रखना। शेयर बाजार में छोटे समय में उतार-चढ़ाव आम बात है, लेकिन लंबे समय में यही बाजार बेहतर रिटर्न देता है। सात साल का वक्त कंपाउंडिंग को पूरा मौका देता है, जहां पैसा खुद पैसा बनाने लगता है। जितना लंबा समय, उतना ज्यादा असर।
5 तरह की डायवर्सिफिकेशन
इस नियम का दूसरा हिस्सा है “5 फिंगर फ्रेमवर्क”। मतलब निवेश को अलग-अलग कैटेगरी में बांटना। इसमें क्वालिटी स्टॉक्स, वैल्यू स्टॉक्स, GARP स्टॉक्स, मिड या स्मॉल कैप और ग्लोबल स्टॉक्स शामिल हो सकते हैं। इससे अगर एक सेक्टर कमजोर पड़े, तो दूसरा सहारा बन जाता है और रिस्क कंट्रोल में रहता है।
हाई क्वालिटी स्टॉक्स – भरोसेमंद कंपनियां।
वैल्यू स्टॉक्स – अभी सस्ते लेकिन भविष्य में बढ़ने वाले।
GARP स्टॉक्स – ग्रोथ और वैल्यू का मिश्रण, जैसे नए सेक्टर (ड्रोन, टेलीकॉम)।
मिडकैप/स्मॉलकैप स्टॉक्स – ज्यादा जोखिम लेकिन बड़े रिटर्न की संभावना।
ग्लोबल स्टॉक्स – विदेशी बाजारों में निवेश, ताकि लोकल मंदी का असर कम हो।
3 तरह की मानसिक लड़ाई
SIP करते वक्त निवेशक तीन मानसिक दौर से गुजरता है। पहला, जब रिटर्न 7–10% हो और उम्मीदें ज्यादा हों। दूसरा, जब रिटर्न बहुत कम लगे और लगे कि FD ही बेहतर थी। तीसरा, जब रिटर्न निगेटिव हो और डर पैदा हो। इस नियम में सिखाया जाता है कि इन तीनों दौर में धैर्य रखना ही असली जीत है।
1 आदत: हर साल SIP की रकम बढ़ाना
इस नियम का आखिरी हिस्सा है हर साल SIP अमाउंट बढ़ाना। सैलरी बढ़ती है तो निवेश क्यों नहीं? SIP बढ़ाने से लक्ष्य जल्दी पूरे होते हैं और रिटायरमेंट या फाइनेंशियल फ्रीडम जैसे बड़े सपने भी करीब आते हैं।
7-5-3-1 SIP Rule कोई शॉर्टकट नहीं, बल्कि सही सोच और अनुशासन का रास्ता है। अगर निवेश में टिके रहना सीख लिया, तो बाजार की उठा-पटक भी डराना बंद कर देती है।