SIF: लो, आ गया एक और इन्वेस्टमेंट फंड! क्या है ये, आपके लिए यही है बेस्ट? जान लीजिए

What is SIF: एक नए इन्वेस्टमेंट ऑप्शन की चर्चा जोरों पर है- स्पेशलाइज्ड म्युचुअल फंड्स (SIF)। रिपोर्ट के मुताबिक, इसमें कम से कम 10 लाख से निवेश की शुरुआत होती है और इसमें कस्टमाइज्ड स्ट्रैटेजी का दावा किया जा रहा है। आइए समझते हैं कि आखिर SIF है क्या?

Priya Shandilya
पब्लिश्ड3 Aug 2025, 09:12 PM IST
SIF: म्यूचुअल फंड का अगला लेवल? जानें क्या हैं फायदे और रिस्क
SIF: म्यूचुअल फंड का अगला लेवल? जानें क्या हैं फायदे और रिस्क(Mint)

SIF: म्यूचुअल फंड्स के बारे में सभी जानते हैं। ये आसान, सस्ते और छोटे निवेशकों के लिए बेहतर विकल्प होते हैं। वहीं दूसरी तरफ पोर्टफोलियो मैनेजमेंट सर्विस (PMS) है, जिसमें पैसा भी ज्यादा चाहिए और रिस्क भी बड़ा होता है। लेकिन, बदले में मिलती है पर्सनलाइज्ड स्ट्रैटेजी और स्मार्ट हैंडलिंग। अब सोचिए अगर इन दोनों का एक मिक्स तैयार हो जाए, ऐसा रास्ता जो म्यूचुअल फंड जैसा आसान भी हो और PMS जैसी स्ट्रैटेजी भी दे। फिर तो आम निवेशक के हाथ जैकपॉट लग जाएगा।

बाजार में ऐसे स्पेशलाइजेड म्यूचुअल फंड्स जल्द ही आ रहे हैं, जो ठीक ऐसा ही दावा कर रहे हैं। लेकिन क्या इनमें निवेश वाकई समझदारी है? आइए समझते हैं इनके फायदे, रिस्क और क्या है असली तस्वीर।

अब म्यूचुअल फंड और PMS के बीच की दूरी होगी कम

इकोनॉमिक टाइम्स के मुताबिक, भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने इस साल की शुरुआत में एक नए तरह के इन्वेस्टमेंट फंड को मंजूरी दी है, जिसे स्पेशलाइज्ड इन्वेस्टमेंट फंड (SIF) कहा जा रहा है। इसका मकसद म्यूचुअल फंड और PMS के बीच की खाई को भरना है।

निवेश के लिए मिनिमम इतना चाहिए

इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, SIF में निवेश की शुरुआत 10 लाख से होती है। यह उन लोगों के लिए है जो म्यूचुअल फंड से आगे बढ़कर कुछ प्रो-लेवल स्ट्रैटेजीज चाहते हैं, लेकिन PMS जितना बड़ा निवेश नहीं कर सकते।

पहले PMS जैसी 'स्मार्ट' स्ट्रैटेजीज केवल हाई नेटवर्थ लोगों तक सीमित थीं ( 50 लाख से एंट्री)। अब SIF के जरिए मिड-लेवल निवेशक भी इस दुनिया में कदम रख सकते हैं। इसमें म्यूचुअल फंड की तरह रेगुलेशन भी मिलेगा और PMS जैसी कस्टमाइज्ड प्लानिंग भी।

इस रेस में कूद रहीं एसेट मैनेजमेंट कंपनियां

रिपोर्ट की मानें तो देश की कई बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनियां (AMC) इस नए निवेश प्लेटफॉर्म यानी स्पेशलाइज्ड इन्वेस्टमेंट फंड्स (SIF) की तैयारी में जुट गई हैं। कुछ ने तो SEBI की शर्तों के मुताबिक SIF के लिए अलग-अलग यूनिट्स भी बना ली हैं। हालांकि, अभी तक किसी ने SIF के तहत कोई खास रणनीति लॉन्च नहीं की है।

जैसे म्यूचुअल फंड में अलग-अलग स्कीमें होती हैं, वैसे ही SIF में भी अलग-अलग स्ट्रैटेजीज होंगी। लेकिन SEBI ने नामकरण (naming) को लेकर एक सख्त नियम रखा है, ताकि निवेशकों को कन्फ्यूजन न हो।

क्या PMS को रिप्लेस कर देगा SIF?

फिलहाल ऐसा कहना जल्दबाजी होगी। स्टेबल इन्वेस्टर के संस्थापक देव आशीष के मुताबिक, SIF की एंट्री लागत कम है, टैक्स ट्रीटमेंट आसान है, और यह PMS को सीधी टक्कर देता है। हालांकि शुरुआत में लोगों को संदेह हो सकता है, लेकिन भारत जैसे देश में ऐसी इनोवेशन जरूरी भी हैं। इसलिए ये कहना गलत नहीं होगा कि SIF के आने से इंडियन फाइनेंशियल मार्केट को एक बूस्ट मिलेगा।

लॉन्ग-शॉर्ट स्ट्रैटेजी क्या है?

इस स्ट्रैटेजी का मकसद ये होता है कि चाहे बाजार ऊपर जाए या नीचे, फायदा निकाला जा सके। इसमें फंड मैनेजर कुछ स्टॉक्स को खरीदते हैं (लॉन्ग) और कुछ को बेचते हैं (शॉर्ट) ताकि मार्केट ऊपर जाए या नीचे, दोनों हाल में फायदा निकल सके। यानी अंडर वैल्यूड स्टॉक्स में इन्वेस्ट और ओवर वैल्यूड को शॉर्ट करके रिटर्न पाने की कोशिश। लेकिन ये आसान नहीं, इसमें सही फैसला और सक्रिय रणनीति की जरूरत होती है।

क्या SIF अभी लेना चाहिए?

अगर आपके पास पहले से इक्विटी म्यूचुअल फंड्स हैं, तो सोचना होगा कि SIF क्या नया जोड़ता है। देव आशीष की मानें तो इसमें निवेश करने का फैसला सिर्फ इस वजह से न उठाएं कि ये नया है, बल्कि पहले यह समझें कि यह आपकी जरूरत से मेल खाता भी है या नहीं।

कॉन्सन्ट्रेशन: फायदा या रिस्क?

इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, SIF को म्यूचुअल फंड्स की तुलना में ज्यादा फोकस्ड पोर्टफोलियो रखने की छूट है। इसका मतलब है कि ये कुछ चुनिंदा स्टॉक्स या स्ट्रैटेजी पर ज्यादा दांव लगा सकते हैं।

SIFs की एक और खासियत है कि ये बिना शेयर खरीदे भी बाजार में दांव लगा सकते हैं, जैसे कि शेयर के दाम गिरेंगे या बढ़ेंगे, इसका अंदाजा लगाकर फ्यूचर्स और ऑप्शंस जैसे टूल्स का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे फंड मैनेजर सीधे गिरावट पर दांव लगा सकता है, यानी बिना शेयर खरीदे, 25% तक शॉर्ट पोजिशन ले सकता है। यह फ्लेक्सिबिलिटी जरूर देती है, लेकिन रिस्क भी बढ़ता है। गलत अनुमान भारी पड़ सकता है। इस तरह की स्ट्रैटेजी में गहरी समझ और अनुभव की जरूरत होती है।

SIFs फिलहाल नए हैं, और इनके नतीजों का कोई पक्का रिकॉर्ड नहीं है। जब ये लॉन्च होंगे, तब देखना होगा कि फंड मैनेजर किस तरह की रणनीति अपनाते हैं। ऐसे में जल्दबाजी में निवेश करने से बेहतर है इसे अच्छी तरह समझना और फिर कोई फैसला लेना। हो सकता है ये भविष्य में आपका पोर्टफोलियो स्मार्ट तरीके से मजबूत करे, लेकिन तब जब आप खुद तैयार हों।

डिस्क्लेमर: यह लेख केवल शैक्षिक उद्देश्यों के लिए है। ऊपर दिए गए विचार और सिफारिशें व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़मनीSIF: लो, आ गया एक और इन्वेस्टमेंट फंड! क्या है ये, आपके लिए यही है बेस्ट? जान लीजिए
More
बिजनेस न्यूज़मनीSIF: लो, आ गया एक और इन्वेस्टमेंट फंड! क्या है ये, आपके लिए यही है बेस्ट? जान लीजिए