सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप पर इन दिनों एक मैसेज तेजी से फैल रहा है, जिसने कई स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ग्राहकों को परेशान कर दिया है। इस मैसेज में दावा किया जा रहा है कि SBI ग्राहकों को तुरंत एक APK फाइल डाउनलोड करके अपना आधार-KYC अपडेट करना होगा।
ऐसा न करने पर SBI YONO ऐप ब्लॉक होने की चेतावनी दी जा रही है। इस मैसेज को लेकर लोगों में भ्रम फैल गया, जिसके बाद प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) की फैक्ट चेक टीम को सामने आकर सच्चाई बतानी पड़ी।
PIB फैक्ट चेक टीम ने क्या कहा?
PIB फैक्ट चेक टीम ने X (पहले ट्विटर) पर साफ कहा कि यह जानकारी पूरी तरह फर्जी है। PIB के अनुसार, “SBI के नाम से एक मैसेज फैलाया जा रहा है, जिसमें APK फाइल डाउनलोड करने और आधार अपडेट करने की बात कही जा रही है। यह दावा पूरी तरह गलत है।” PIB ने लोगों को चेतावनी दी कि “किसी भी APK फाइल को डाउनलोड न करें और अपनी निजी, बैंकिंग या आधार से जुड़ी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। SBI ऐसी कोई मांग नहीं करता।”
SBI ने जारी की चेतावनी
SBI ने भी X पर साफ किया है कि वह कभी भी ग्राहकों से SMS, WhatsApp या ई-मेल के जरिए APK डाउनलोड करने या आधार अपडेट करने के लिए नहीं कहता। बैंक के मुताबिक, ठग SBI YONO के नाम पर फर्जी APK लिंक भेज रहे हैं। अगर कोई ग्राहक ऐसी फाइल इंस्टॉल कर लेता है, तो वह ऐप उसके मोबाइल की संवेदनशील जानकारी जैसे बैंक डिटेल्स, OTP और निजी डेटा चुरा सकती है, जिससे पैसों का नुकसान हो सकता है।
ऐसे फ्रॉड की शिकायत कैसे करें?
अगर आपको ऐसा कोई संदिग्ध मैसेज या लिंक मिले, तो आप:
- ई-मेल करें: report.phishing@sbi.co.in
- साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर: 1930
- वेबसाइट: cybercrime.gov.in
फिशिंग से बचने के आसान तरीके
- अनजान लिंक या अटैचमेंट पर क्लिक न करें
- भेजने वाले की सच्चाई जरूर जांचें
- वेबसाइट का URL ध्यान से देखें
- मैसेज में भाषा की गलतियों पर ध्यान दें
- याद रखें, बैंक कभी भी आपकी निजी जानकारी नहीं मांगता
- लालच देने वाले ऑफर्स से सावधान रहें
APK फ्रॉड कैसे किया जाता है?
AU स्मॉल फाइनेंस बैंक की वेबसाइट के अनुसार:
- ठग पहले लोगों को बहला-फुसलाकर फर्जी APK इंस्टॉल करवाते हैं।
- APK इंस्टॉल करते समय ऐप कई तरह की अनुमति मांगता है, जैसे कैमरा, मैसेज, कॉन्टैक्ट्स आदि।
- इंस्टॉल होते ही ठग को आपके मोबाइल का एक्सेस मिल जाता है और वह गलत काम कर सकता है।
- SBI या किसी भी बैंक के नाम से आने वाले ऐसे मैसेज पर भरोसा न करें। केवल Google Play Store या Apple App Store से ही ऐप डाउनलोड करें और अपनी जानकारी सुरक्षित रखें।
(डिस्क्लेमर: ये सलाह सामान्य जानकारी के लिए दी गई है। कोई फैसला लेने से पहले विशेषज्ञ से बात करें। मिंट हिंदी किसी भी परिणाम के लिए जिम्मेदार नहीं है।)