
Gold ETF: सोने को लेकर भारतीय महिलाओं की पसंद अब सिर्फ गहनों तक सीमित नहीं रह गई है। निवेश की दुनिया में भी सोना तेजी से अपनी जगह बना रहा है। इसका सबसे बड़ा संकेत महिलाओं के म्यूचुअल फंड पोर्टफोलियो से मिल रहा है। एक साल में गोल्ड ईटीएफ में महिलाओं की हिस्सेदारी 6.4% से बढ़कर 16.4% हो गई। यानी जिस एसेट को पहले पोर्टफोलियो का छोटा हिस्सा माना जाता था, अब वही निवेश की रणनीति में बड़ी जगह बना रहा है।
AMFI-क्रिसिल फैक्टबुक 2026 के आंकड़ों के मुताबिक मार्च 2026 तक महिलाओं के पैसिव फंड निवेश में गोल्ड ETF की हिस्सेदारी 16.4% थी। मार्च 2025 में यह सिर्फ 6.4% थी। दूसरी तरफ इंडेक्स फंड की हिस्सेदारी इसी दौरान 68% से घटकर 51.1% रह गई। यानी बदलाव सिर्फ इतना नहीं है कि महिलाओं ने सोने में निवेश बढ़ाया है। उनके पैसिव निवेश के भीतर एसेट एलोकेशन का पूरा समीकरण बदलता हुआ नजर आ रहा है।
गोल्ड ETF की तरफ बढ़ते रुझान के पीछे सबसे बड़ा कारण सिर्फ सोने की कीमतों में तेजी नहीं है। बाजार में अनिश्चितता बढ़ने पर निवेशक अक्सर ऐसे एसेट की तलाश में रहते हैं जो पोर्टफोलियो में डायवर्सिफिकेशन ला सकें। सोने को लंबे समय से ऐसे ही एसेट के तौर पर देखा जाता रहा है। AMFI के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर वेंकट नागेश्वर चलसानी (Venkat Nageswar Chalasani) ने कहा कि सोने और चांदी के म्यूचुअल फंड निवेशकों के लिए हेजिंग और डायवर्सिफिकेशन के पसंदीदा साधन बनकर उभरे हैं।
चलसानी का कहना है कि इससे पता चलता है कि भारतीय निवेशक सिर्फ इक्विटी पर निर्भर रहने के बजाय अब जोखिम प्रबंधन और एसेट एलोकेशन पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं। कहने का मतलब ये हुआ कि निवेश की सोच में एक बड़ा बदलाव नजर आ रहा है। सारा पैसा एक ही एसेट में लगाने के बजाय अलग-अलग एसेट क्लास में बांटने पर जोर बढ़ रहा है।
सोने के प्रति बढ़ती दिलचस्पी का असर सिर्फ महिलाओं के पोर्टफोलियो में नहीं दिख रहा। वित्त वर्ष 2025-26 में गोल्ड ईटीएफ में करीब ₹0.69 लाख करोड़ यानी ₹69,000 करोड़ का नेट इनफ्लो आया। यह रकम पिछले पांच वित्त वर्षों में गोल्ड ईटीएफ में आए कुल करीब ₹30,213 करोड़ के संचयी इनफ्लो से भी दोगुने से ज्यादा है। इसका सीधा मतलब है कि निवेशकों ने गोल्ड ईटीएफ को पोर्टफोलियो में ज्यादा गंभीरता से शामिल करना शुरू किया है।
मार्च 2026 तक गोल्ड ETF का कुल एसेट अंडर मैनेजमेंट यानी AUM ₹1.71 लाख करोड़ पहुंच गया। मार्च 2025 में पैसिव फंड एयूएम में गोल्ड ईटीएफ की हिस्सेदारी 5.2% थी, जो मार्च 2026 में बढ़कर 12.5% हो गई। मार्च 2021 से मार्च 2026 के बीच गोल्ड ईटीएफ एयूएम की पांच साल की कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट करीब 64.7% रही। यानी गोल्ड ईटीएफ अब म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री के पैसिव निवेश सेगमेंट में छोटा हिस्सा नहीं रह गया है।
यह बदलाव सिर्फ महिलाओं तक सीमित नहीं है। रिटेल निवेशकों की कुल गोल्ड ईटीएफ एसेट्स में हिस्सेदारी वित्त वर्ष 2021 के 4.6% से बढ़कर वित्त वर्ष 2026 में 14.9% हो गई। यानी पांच साल में गोल्ड ईटीएफ को लेकर रिटेल निवेशकों की दिलचस्पी तीन गुना से ज्यादा बढ़ी है। इससे साफ है कि गोल्ड अब सिर्फ पारंपरिक निवेश या आभूषण खरीदने का जरिया नहीं रह गया है। डिजिटल निवेश के दौर में निवेशक सोने का एक्सपोजर ऐसे प्रोडक्ट के जरिए ले रहे हैं जिसे खरीदना-बेचना अपेक्षाकृत आसान है।
सोने के साथ-साथ चांदी ने भी निवेशकों का ध्यान खींचा है। रिपोर्ट के मुताबिक सिल्वर ईटीएफ की एसेट्स मार्च 2025 के मुकाबले मार्च 2026 में 4.2 गुना बढ़ गईं। सिल्वर ईटीएफ ने वित्त वर्ष 2025-26 में ‘अन्य ईटीएफ’ कैटेगरी के कुल नेट इनफ्लो में करीब 27% योगदान दिया। चांदी की कीमतों में तेजी के अलावा इसकी औद्योगिक मांग भी निवेशकों के रुझान को प्रभावित कर रही है। सोलर पैनल, इलेक्ट्रॉनिक्स और इलेक्ट्रिक व्हीकल जैसे सेक्टरों में चांदी का इस्तेमाल होता है। इसलिए इसे सिर्फ कीमती धातु नहीं, बल्कि औद्योगिक मांग से जुड़ी कमोडिटी के तौर पर भी देखा जाता है।
महिलाओं की निवेश भागीदारी सिर्फ गोल्ड ईटीएफ तक सीमित नहीं है। मार्च 2026 तक महिलाओं के कुल म्यूचुअल फंड एयूएम की वैल्यू बढ़कर ₹15.88 लाख करोड़ हो गई, जो मार्च 2021 में ₹5.84 लाख करोड़ थी। यानी पांच साल में महिलाओं के म्यूचुअल फंड एयूएम में करीब ₹10.04 लाख करोड़ की बढ़ोतरी हुई। मार्च 2026 तक कुल करीब 6.09 करोड़ म्यूचुअल फंड निवेशकों में लगभग 1.61 करोड़ महिलाएं थीं। इससे संकेत मिलता है कि महिलाओं की म्यूचुअल फंड में भागीदारी अब निवेश बाजार का महत्वपूर्ण हिस्सा बनती जा रही है।
महिला निवेशकों के निवेश व्यवहार में उम्र के हिसाब से भी बड़ा अंतर देखने को मिलता है। 25 साल से कम उम्र की महिलाओं के एयूएम में 88.3% हिस्सा इक्विटी फंड का था। 25-44 वर्ष की आयु में इक्विटी की हिस्सेदारी 76.2% रही। 45-58 वर्ष की आयु में यह घटकर 64.8% और 58 वर्ष से अधिक उम्र में 51.2% रह गई। यानी जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है, निवेश पोर्टफोलियो में इक्विटी का वजन कम होता जाता है और ज्यादा स्थिर एसेट की तरफ रुझान बढ़ता है।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
MoreOops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.