YES Bank Credit Card: इन दिनों क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल आम हो गया है। अब मेट्रो सिटी के अलावा आपको टियर टू और थ्री के शहरों में भी क्रेडिट कार्ड का चलन देखने को मिल जाएगा। डिजिटल दौर में क्रेडिट कार्ड हमारी रोज की जरूरतों में शामिल हो गया है। इस बीच यस बैंक ने 1 अप्रैल 2026 से क्रेडिट कार्ड से जुड़े नियमों में बदलाव का ऐलान किया है। इसमें ट्रांजैक्शन और खर्च की लिमिट में बदलाव किए गए हैं।
यस बैंक के अनुसार, 1 अप्रैल 2026 से, यूटिलिटी ट्रांज़ैक्शन फीस अब कस्टमर्स के मंथली क्रेडिट कार्ड स्टेटमेंट में यूटिलिटी और सर्विस ट्रांज़ैक्शन फ़ीस के तौर पर दिखाई देगी। नए नियमों के तहत बैंक ने कुछ स्थिति में थ्रेशोल्ड लिमिट) बढ़ा दी है। यह बदलाव खासतौर पर यूटिलिटी बिल भुगतान, ट्रांसपोर्टेशन ट्रांजैक्शन और थर्ड-पार्टी डिजिटल वॉलेट में पैसे लोड करने से जुड़े हैं।
यस बैंक यूटिलिटी और सर्विस ट्रांजैक्शन फीस
यस बैंक क्रेडिट कार्ड से जब आप बिजली, पानी, गैस, इंटरनेट जैसे बिलों का भुगतान करते हैं, तो यह फीस आपके क्रेडिट कार्ड स्टेटमेंट में यूटिलिटी सर्विस ट्रांजैक्शन फीस के नाम से दिखाई देगी। साथ ही बैंक ने अब उस खर्च की सीमा भी बढ़ा दी है, जिसके बाद यह फीस लागू होगी।
अब इन कार्ड्स पर पहले से ज्यादा यूटिलिटी खर्च करने के बाद ही फीस लगेगी। यस प्राइवेट (YES Private) क्रेडिट कार्ड पर अब खर्च की लिमिट 1 लाख रुपये कर दी गई है, जो पहले 50,000 रुपये थी। ऐसे ही MARQUEE / RESERV क्रेडिट कार्ड पर अब खर्च की लिमिट 50,000 रुपये कर दी गई है, जो पहले 25,000 रुपये थी। अन्य रिटेल क्रेडिट कार्ड पर अब खर्च की लिमिट 25,000 रुपये कर दी गई है, जो पहले 15,000 रुपये थी।
यस बैंक ट्रांसपोर्ट फीस
टोल और ब्रिज से जुड़े ट्रांजैक्शन अब क्रेडिट कार्ड स्टेटमेंट में Transportation Fee के रूप में दिखाई देंगे। इन खर्चों पर भी 1 फीसदी चार्ज और GST लागू होगा। अगर मासिक कुल खर्च तय सीमा से ज्यादा हो जाता है तो प्रति ट्रांजैक्शन यह फीस अधिकतम 5000 रुपये तक सीमित रहेगी।
- 1 अप्रैल से नई सीमा इस प्रकार होगी -
- प्रीमियम कार्ड वेरिएंट के लिए 75,000 रुपये
- अन्य क्रेडिट कार्ड के लिए 50,000 रुपये
इन बदलावों के बाद कई कैटेगरी में खर्च की लिमिट बढ़ जाएगी। इसका मतलब यह हुआ कि कार्डधारक तय सीमा तक ज्यादा खर्च कर सकेंगे और तब तक कोई सरचार्ज लागू नहीं होगा।
डिजिटल वॉलेट में पैसे लोड करने पर फीस
अगर आप यस बैंक के क्रेडिट कार्ड से किसी थर्ड-पार्टी डिजिटल वॉलेट में पैसे लोड करते हैं, तो उसके लिए भी नए नियम तय किए गए हैं। इसमें एमेजॉन पे (Amazon Pay), पेटीएम (Paytm), MobiKwik, CRED जैसे प्लेटफॉर्म शामिल हैं। नए नियम के तहत, 2000 रुपये तक के ट्रांसजैक्शन पर कोई फीस नहीं लगेगी और 2,000 रुपये से ज्यादा के ट्रांजैक्शन पर 1 फीसदी फीस लगेगी। वहीं अधिकतम फीस किसी एक ट्रांजैक्शन पर 5,000 रुपये से ज्यादा फीस नहीं ली जाएगी।