दाऊद इब्राहिम-टाइगर मेमन का नाम सुनते ही खौफ! सरकार बेचने निकली संपत्तियां, पर कोई लेने वाला नहीं

1993 मुंबई धमाकों से जुड़े दाऊद इब्राहिम और टाइगर मेमन की संपत्तियों पर सरकार लगातार कार्रवाई कर रही है। दाऊद की मां के नाम पर रत्नागिरि की जमीनें नीलामी में नहीं बिक पाईं, जबकि टाइगर मेमन परिवार की कई संपत्तियों की नीलामी की तैयारी है। 

Priya Shandilya( विद इनपुट्स फ्रॉम भाषा)
पब्लिश्ड7 Nov 2025, 09:21 AM IST
दाऊद इब्राहिम और टाइगर मेमन की संपत्तियों की नीलामी
दाऊद इब्राहिम और टाइगर मेमन की संपत्तियों की नीलामी

1993 मुंबई धमाकों से जुड़े दो बड़े नाम, दाऊद इब्राहिम और टाइगर मेमन की संपत्तियों को सरकार नीलाम करने की कोशिश कर रही है। लेकिन दाऊद की मां के नाम पर रत्नागिरि में मौजूद भूखंडों को कोई खरीददार नहीं मिला, वहीं टाइगर मेमन और उसके परिवार की संपत्तियों की नीलामी की तैयारी चल रही है।

दाऊद इब्राहिम की संपत्तियां

सरकारी नीलामी में दाऊद इब्राहिम की मां के स्वामित्व वाले चार भूखंडों की बिक्री नहीं हो पाई। इनका आरक्षित मूल्य 20 लाख रुपये रखा गया था। एक अधिकारी ने बताया कि तस्कर और विदेशी मुद्रा हेरफेर (जब्ती और संपत्ति) अधिनियम प्राधिकरण (SAFEMA) द्वारा महाराष्ट्र के रत्नागिरि जिले के खेड़ क्षेत्र में स्थित इन संपत्तियों को बेचने का यह पांचवां प्रयास था। आधार मूल्य निर्धारित करने के उद्देश्य से भूखंडों का मूल्यांकन 2.33 लाख रुपये, 9.41 लाख रुपये, 8.08 लाख रुपये और 15,000 रुपये किया गया।

नीलामी की असफल कोशिश

नीलामी 4 नवंबर को हुई थी, लेकिन इसमें कोई भागीदार नहीं था। इससे पहले भी एक व्यक्ति ने 15,000 रुपये मूल्य के भूखंड को दो करोड़ रुपये में खरीदने की पेशकश की थी, लेकिन लेन‑देन पूरा नहीं किया और उसे ब्लैकलिस्ट कर दिया गया। मालूम हो कि मुंबई में 1993 में हुए सिलसिलेवार बम विस्फोटों के साजिशकर्ताओं में से एक दाऊद इब्राहिम के पाकिस्तान में होने की आशंका है।

टाइगर मेमन की संपत्तियां

मुंबई में 1993 में हुए सिलसिलेवार बम विस्फोट के आरोपी टाइगर मेमन और उसके परिवार की संपत्तियों की जल्द ही नीलामी की जाएगी। एक अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। इनमें वह फ्लैट भी है जहां धमाकों की साजिश रचने के लिए बैठक हुई थी।

अदालत से मिली जानकारी

अधिकारियों ने बताया कि एसएएफईएमए को विशेष टाडा अदालत से टाइगर मेमन और उसके परिवार की 17 संपत्तियों का विवरण मिला है। इनमें से आठ संपत्तियों पर कब्जा लिया जा चुका है, जिनमें माहिम की अल हुसैनी बिल्डिंग के तीन फ्लैट शामिल हैं। यहां टाइगर मेमन, उसके पांच भाई और उनकी मां रहते थे।

धमाकों के बाद से फरार

टाइगर मेमन 12 मार्च 1993 को हुए धमाकों के बाद से फरार है। मुंबई के 12 स्थानों पर हुए धमाकों में कम से कम 257 लोग मारे गए थे। माना जाता है कि वह पाकिस्तान में है। उसका भाई याकूब मेमन 2015 में फांसी पर चढ़ाया गया था, जबकि परिवार के अन्य सदस्यों को टाडा अदालत ने अलग‑अलग अवधि की जेल की सजा सुनाई।

दिसंबर-जनवरी में नीलामी!

परिवार की चार संपत्तियों पर मुकदमे चल रहे हैं और पांच संपत्तियों पर कब्जा लेने की प्रक्रिया जारी है। केंद्र सरकार के अधिकारी आठ जब्त संपत्तियों का मूल्यांकन करा रहे हैं। उम्मीद है कि कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद दिसंबर या जनवरी में नीलामी शुरू होगी।

अल हुसैनी बिल्डिंग की भूमिका

सीबीआई के अनुसार, धमाकों की साजिश की बैठक मेमन परिवार के अल हुसैनी बिल्डिंग के फ्लैट में हुई थी। परिवार के पास पांचवीं और छठी मंजिल पर तीन फ्लैट थे। इन्हें 34 साल पहले जब्त किया गया था और अप्रैल में खोला गया।

अन्य संपत्तियां

मेमन परिवार की अन्य संपत्तियों में वाकोला के कोले कल्याण क्षेत्र में 10,000 वर्ग मीटर का भूखंड शामिल है, जिसकी कीमत लगभग 400 करोड़ रुपये है। इस पर अतिक्रमण हुआ है और कब्जा अभी नहीं मिला है। प्राधिकरण दक्षिण मुंबई के जैवेरी बाजार की एक संपत्ति पर कब्जा लेने की प्रक्रिया में है। बांद्रा का एक फ्लैट और कुर्ला के कपाड़िया नगर के दो फ्लैट भी नीलामी की सूची में हैं।

दक्षिण मुंबई के मनीष मार्केट में टाइगर मेमन और मोहम्मद डोसा की संयुक्त स्वामित्व वाली चार दुकानें हैं। इन्हें एसएएफईएमए को सौंपने के टाडा अदालत के आदेश के खिलाफ अपील अदालत में मामला लंबित है।

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़न्यूज़दाऊद इब्राहिम-टाइगर मेमन का नाम सुनते ही खौफ! सरकार बेचने निकली संपत्तियां, पर कोई लेने वाला नहीं
More
बिजनेस न्यूज़न्यूज़दाऊद इब्राहिम-टाइगर मेमन का नाम सुनते ही खौफ! सरकार बेचने निकली संपत्तियां, पर कोई लेने वाला नहीं